बिलासपुर-दिल्ली के लिए 3 मई से सीधी फ्लाइट, अब नाइट लैंडिंग से आसान होगा सफर
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर संभाग को लंबे इंतजार के बाद एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। अब बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट से देश की राजधानी दिल्ली के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू होने वाली है। यह नई उड़ान 3 मई से शुरू होगी और हर रविवार को संचालित की जाएगी। इस सुविधा से न सिर्फ यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी, बल्कि क्षेत्र के व्यापार, शिक्षा और पर्यटन को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
शाम में होगी उड़ान, समय की बचत
नई सेवा के अनुसार फ्लाइट शाम 6:20 बजे दिल्ली से उड़ान भरकर लगभग 6:20 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। इसके बाद मात्र 25 मिनट के ठहराव के बाद शाम 6:45 बजे यह विमान वापस दिल्ली के लिए रवाना होगी। लगभग 2 घंटे 40 मिनट के सफर के बाद यात्री रात 9:25 बजे दिल्ली पहुंच सकेंगे।
इस सेवा की खास बात यह है कि यह रात के समय संचालित होगी, जिससे यात्रियों को दिनभर अपने कार्य निपटाने के बाद यात्रा करने की सुविधा मिलेगी।
नाइट लैंडिंग की सुविधा से बड़ा बदलाव
बिलासपुर एयरपोर्ट को नाइट लैंडिंग की अनुमति मिलने के बाद यह सेवा संभव हो पाई है। एयरपोर्ट को पहले 3सी-वीएफआर से अपग्रेड कर 3सी-आईएफआर श्रेणी का लाइसेंस दिया गया है। लंबे समय से इसके लिए प्रयास किए जा रहे थे, जो अब सफल हो गए हैं। एयरपोर्ट को पहले 3सी-वीएफआर श्रेणी से अपग्रेड कर 3सी-आईएफआर श्रेणी का लाइसेंस प्रदान किया गया है, जिससे अब यहां उन्नत तकनीकी मानकों के तहत विमान संचालन संभव हो सकेगा।
व्यापार और नौकरीपेशा लोगों को फायदा
यह सीधी उड़ान (Bilaspur-Delhi flight) विशेष रूप से व्यापारियों, सरकारी अधिकारियों और नौकरीपेशा लोगों के लिए काफी लाभकारी साबित होगी। अब उन्हें दिल्ली जाने के लिए रायपुर या अन्य शहरों के एयरपोर्ट पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, जिससे उनकी यात्रा और भी सरल हो जाएगी। सीधी कनेक्टिविटी मिलने से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि यात्रा पर होने वाले अतिरिक्त खर्च में भी कमी आएगी।
यात्रियों की संख्या बढ़ने पर बढ़ेगी उड़ानें
फिलहाल यह सेवा सप्ताह में एक दिन (रविवार) शुरू की जा रही है, लेकिन यात्रियों की संख्या बढ़ने पर इसे सप्ताह में दो दिन तक बढ़ाया जा सकता है। कुछ संगठनों ने बुधवार को भी उड़ान शुरू करने की मांग की है।
विकास को मिलेगी नई गति
इस सीधी हवाई सेवा से बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक और सामाजिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। व्यापार, पर्यटन और निवेश के नए अवसर खुलेंगे और क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। लंबे समय से जिस सुविधा का इंतजार किया जा रहा था, वह अब हकीकत बनने जा रही है और यह कदम पूरे संभाग के लिए विकास की नई उड़ान साबित होगा।
ये खबरें भी पढ़ें...
बिलासा एयरपोर्ट के डेवलपमेंट में देरी पर हाईकोर्ट ने सरकार को लगाई फटकार
बिलासा देवी एयरपोर्ट ; हाईकोर्ट में राज्य सरकार का जवाब, निजी एयरलाइंस को सब्सिडी देने से किया इनकार
बिलासपुर एयरपोर्ट विस्तार : 290 एकड़ सेना की जमीन का हस्तांतरण, 4C ग्रेड एयरपोर्ट बनने का रास्ता साफ
बिलासपुर एयरपोर्ट से बंद हो सकती है फ्लाइट्स, अब तक जारी नहीं हुआ समर शेड्यूल