विधायक पुरंदर मिश्रा से ठगी के मामले में रायपुर पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

VINAY VERMA | May 27, 2026, 12:13 IST
bjp-mla-fraud-nitin-nabin-pa
रायपुर में भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा से ठगी का आरोपी सहदेव मलिक ओडिशा से गिरफ्तार। खुद को राष्ट्रीय अध्यक्ष का पीए बताकर 10 हजार रुपए ठगे। पुलिस ने साइबर जांच की।

रायपुर पुलिस ने भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा से हुई ठगी के मामले में सफलता हासिल की है। पुलिस ने ठगने वाले आरोपी को ओडिशा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम सहदेव मलिक बताया जा रहा है जिसे रायपुर लाया जा चुका है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। सहदेव ने खुद को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का निजी सहायक बताकर रुपए मांगे थे। फिलहाल पुलिस सहदेव को ही मास्टर माइंड बता रही है।



ट्रैकिंग से खुली ठग की लोकेशन

राष्ट्रीय अध्यक्ष का नाम था इसलिए पुलिस ने मामले को प्राथमिकता में लिया। खम्हारडीह थाना और साइबर टीम ने मोबाइल नंबर, बैंक ट्रांजैक्शन और कॉल रिकॉर्ड खंगालना शुरू किया। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की लोकेशन बार-बार बदलती मिली। इसके बावजूद तकनीकी ट्रैकिंग और डिजिटल सर्विलांस की मदद से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी गई। आखिरकार पुलिस टीम ओडिशा के पुरी जिले तक पहुंच गई।



पुरी के अस्तरंग इलाके से गिरफ्तारी

पुलिस ने ओडिशा के पुरी स्थित अस्तरंग थाना इलाके में दबिश देकर आरोपी सहदेव मलिक को गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से अलग-अलग लोगों को फोन कर खुद को बड़े नेताओं का करीबी बताकर ठगी कर रहा था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लेकर पहुंची। अब उसके मोबाइल और बैंक खातों की जांच की जा रही है।



विधायक को ऐसे बनाया निशाना

पूरे मामले की शुरुआत एक फोन कॉल से हुई। आरोपी ने भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा को कॉल कर खुद को नितिन नबीन का पीए बताया। उसने भरोसा जीतने के लिए संगठन और नेताओं से जुड़ी बातें कीं। इसके बाद उसने डीजल डलवाने और तत्काल जरूरत का हवाला देते हुए पहले साढ़े चार हजार रुपए मांगे। विधायक ने इसे संगठन से जुड़ा मामला समझकर मदद के लिए हामी भर दी। परिवार साथ बताया, बच्चों की आवाज भी सुनाई। पुरंदर मिश्रा बताते हैं बच्चों की आवाज सुनकर उन्हे ंभरोसा हो गया था।



राष्ट्रीय अध्यक्ष का नाम, भेज दिए 10 हजार

पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी ने भले ही साढ़े चार हजार रुपए मांगे थे, लेकिन विधायक पुरंदर मिश्रा ने मदद के तौर पर दो बार में 10 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। राष्ट्रीय अध्यक्ष का नाम आने के कारण विधायक को शुरुआत में कोई शक नहीं हुआ। आरोपी ने बातचीत के दौरान पूरा भरोसा बनाने की कोशिश की और इसी का फायदा उठाकर रुपए हासिल कर लिए।



थोड़ी देर बाद हुआ शक

रकम ट्रांसफर करने के कुछ समय बाद विधायक को फोन कॉल और बातचीत के तरीके पर शक हुआ। उन्होंने अपने स्तर पर जानकारी जुटाई तो पता चला कि नितिन नबीन के कार्यालय से ऐसा कोई कॉल नहीं किया गया था। इसके बाद विधायक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। शिकायत मिलते ही खम्हारडीह थाना पुलिस हरकत में आ गई।



साइबर एंगल से शुरू हुई जांच

पुलिस ने मामले को सामान्य धोखाधड़ी न मानते हुए साइबर फ्रॉड के रूप में जांच शुरू की। बैंक खाते, यूपीआई डिटेल्स और मोबाइल लोकेशन के जरिए आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की गई। पुलिस को शुरुआती जांच में ही अंदेशा हो गया था कि आरोपी संगठित तरीके से लोगों को निशाना बना रहा है। इसी वजह से साइबर विशेषज्ञों की मदद ली गई।



कई और लोगों से ठगी की आशंका

पुलिस को शक है कि आरोपी ने इसी तरीके से कई और लोगों को भी अपना शिकार बनाया हो सकता है। आरोपी के मोबाइल से कई नंबर और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन डिटेल्स मिली हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उसके साथ और कौन लोग जुड़े हैं। यह भी जांच हो रही है कि आरोपी किसी बड़े साइबर गिरोह का हिस्सा तो नहीं।



आज हो सकता है पूरे नेटवर्क का खुलासा

सूत्रों के मुताबिक पुलिस आज पूरे मामले का खुलासा कर सकती है। पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस यह भी बता सकती है कि आरोपी ने अब तक कितने लोगों से ठगी की और नेताओं के नाम का इस्तेमाल कब से कर रहा था।



पुलिस की तेजी बनी चर्चा

पूरे मामले में खम्हारडीह थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई चर्चा का विषय बनी हुई है। शिकायत के बाद जिस तेजी से पुलिस ने तकनीकी जांच कर आरोपी तक पहुंच बनाई, उसकी सराहना हो रही है। वहीं विधायक पुरंदर मिश्रा की दरियादिली भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा में है, क्योंकि मांगी गई रकम से ज्यादा पैसे उन्होंने मदद के तौर पर भेज दिए थे।



यह खबरें भी पढ़ें...

भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा से साइबर ठगी, राष्ट्रीय अध्यक्ष का PA बनकर ऐंठे पैसे



बीजेपी विधायक पुरंदर मिश्रा के बिगड़े बोल, कहा- 'धर्मांतरण कराने वालों को पीटकर भगाएंगे'



भाठागांव का नाम बदलने का विरोध,BJP विधायक पुरंदर मिश्रा का पुतला फूंका



भाजपा विधायक मथुरालाल डामर ने मंत्री के सामने खोला दर्द, सड़क निर्माण पर उठाए सवाल



Tags:
  • रायपुर
  • राष्ट्रीय अध्यक्ष
  • ओडिशा
  • धोखाधड़ी
  • नितिन नबीन
  • विधायक पुरंदर मिश्रा