बीजेपी विधायक रेणुका सिंह का कथित ऑडियो वायरल, भूपेश की वापसी वाले बयान से गरमाई सियासत
छत्तीसगढ़ की राजनीति में इन दिनों एक कथित वायरल ऑडियो को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस ऑडियो को भाजपा विधायक और पूर्व केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह का बताया जा रहा है। ऑडियो में कथित तौर पर प्रदेश सरकार की कार्यशैली पर नाराजगी जताने के साथ-साथ पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की वापसी की बात कही जा रही है।
हालांकि, विधायक रेणुका सिंह ने इस ऑडियो को पूरी तरह फर्जी और एआई जनरेटेड बताया है। उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस में करते हुए फोरेंसिक जांच की मांग की है।
ऑडियो ने बढ़ाई सियासी हलचल
छत्तीसगढ़ में संभावित मंत्रिमंडल फेरबदल की चर्चाओं के बीच सामने आए इस कथित ऑडियो ने भाजपा की अंदरूनी राजनीति को लेकर नई बहस छेड़ दी है। वायरल ऑडियो में कथित तौर पर कहा जा रहा है कि यहां की सरकार ऊपर से संचालित हो रही है और किसी को मुख्यमंत्री बनाकर तुरंत हटाया नहीं जा सकता।
ऑडियो में यह दावा भी किया जा रहा है कि प्रदेश में फिर से भूपेश बघेल की वापसी होगी और कांग्रेस की सरकार बन सकती है। यही हिस्सा अब राजनीतिक विवाद का केंद्र बन गया है।
रेणुका सिंह बोलीं - मेरी छवि खराब करने की साजिश
विवाद बढ़ने के बाद विधायक रेणुका सिंह ने सफाई देते हुए कहा कि वायरल ऑडियो पूरी तरह से फर्जी है और इसे एआई तकनीक की मदद से तैयार किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग राजनीतिक साजिश के तहत उनकी छवि धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं।
रेणुका सिंह ने पुलिस में लिखित शिकायत देकर ऑडियो की तकनीकी और फोरेंसिक जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।
फोरेंसिक जांच की मांग
वायरल ऑडियो की सत्यता को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में मांग की गई है कि
ऑडियो की फोरेंसिक जांच कराई जाए
यह पता लगाया जाए कि ऑडियो कहां से वायरल हुआ
सोशल मीडिया पर इसे फैलाने वालों की पहचान की जाए
दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
जिला महामंत्री की शिकायत के बाद बढ़ा विवाद
जानकारी के मुताबिक इस विवाद की शुरुआत कुछ दिन पहले हुई थी। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के भाजपा जिला महामंत्री ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर विधायक रेणुका सिंह की शिकायत की थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि विधायक अपने विधानसभा क्षेत्र से लगातार गायब रहती हैं और जनता के बीच सक्रिय नहीं हैं। इसके बाद से ही पार्टी के भीतर असंतोष की चर्चाएं तेज थीं। अब कथित वायरल होने के बाद भाजपा के अंदरूनी मतभेदों को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
24 घंटे के भीतर दूसरा ऑडियो भी वायरल
राजनीतिक विवाद उस समय और गहरा गया जब 24 घंटे के भीतर एक और कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसे कथित तौर पर रेणुका सिंह और उनके करीबी पूर्व विधायक प्रतिनिधि के बीच बातचीत बताया जा रहा है। इस ऑडियो में चुनाव, पैसों के इस्तेमाल और राजनीतिक रणनीति को लेकर कथित बातचीत होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि इसकी भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कांग्रेस ने साधा निशाना
वायरल ऑडियो को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इससे भाजपा के भीतर असंतोष और गुटबाजी उजागर हो रही है।
वहीं भाजपा नेताओं का कहना है कि विपक्ष सोशल मीडिया के जरिए भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है और एआई तकनीक का दुरुपयोग कर राजनीतिक माहौल खराब किया जा रहा है।
एआई जनरेटेड ऑडियो पर बढ़ी चिंता
इस पूरे विवाद ने एक बार फिर एआई तकनीक से तैयार किए जा रहे फेक ऑडियो और वीडियो पर चिंता बढ़ा दी है। पिछले कुछ समय में देशभर में कई नेताओं और सार्वजनिक हस्तियों के नाम से कथित एआई जनरेटेड कंटेंट वायरल होने के मामले सामने आ चुके हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे मामलों में फोरेंसिक जांच बेहद जरूरी होती है, क्योंकि तकनीक की मदद से आवाज की नकल कर लोगों को भ्रमित करना आसान हो गया है।
यह खबरें भी पढ़ें...
छत्तीसगढ़ में गाली वाली क्लास : ईई ने ड्राइवर को दी गालियां, ऑडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप
रेप केस का डर दिखाकर 40 हजार की वसूली, भाजपा पार्षद गिरफ्तार, ऑडियो ने खोला राज
व्यापमं के व्हिसल ब्लोअर आशीष चतुर्वेदी पर FIR, वायरल ऑडियो में दिखा गंदा रूप
रायपुर हिट एंड रन: विधायक रेणुका सिंह के बेटे पर FIR दर्ज, बाइक सवार की हालत गंभीर