AI वीडियो विवाद में महिला आयोग सख्त : कांग्रेस के 2 नेताओं पर FIR के निर्देश

Umeshwari Baghel | Jul 26, 2026, 15:48 IST
AI वीडियो विवाद में महिला आयोग सख्त
छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग ने सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ कथित आपत्तिजनक पोस्ट और AI से बनाए गए फोटो-वीडियो मामले में सख्ती दिखाई है। आयोग ने कांग्रेस नेताओं पर FIR के निर्देश दिए हैं और पुलिस से 3 दिन में कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है।

समझें क्या है पूरा मामला

  • महिला आयोग ने लिया स्वतः संज्ञान
  • कांग्रेस के दो नेताओं पर FIR के निर्देश
  • AI जनित फोटो-वीडियो की होगी जांच
  • पुलिस से 3 दिन में मांगी रिपोर्ट
  • कंटेंट बनाने और फैलाने वालों पर भी कार्रवाई होगी

Raipur। सोशल मीडिया पर महिलाओं की छवि और सम्मान को लेकर किए गए कथित आपत्तिजनक पोस्ट के मामले में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणी, फोटो और AI से तैयार किए गए वीडियो पोस्ट करने के आरोपों पर स्वतः संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।



महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने मामले में कांग्रेस के दो नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संबंधित पुलिस अधिकारियों से तीन दिन के भीतर कार्रवाई की रिपोर्ट भी मांगी गई है।



दो कांग्रेस नेताओं पर लगे आरोप

महिला आयोग के मुताबिक भाटापारा शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री और पूर्व पार्षद संजय बघेल तथा बिलासपुर कांग्रेस पदाधिकारी सुरेन्द्र वर्मा के खिलाफ शिकायत सामने आई है।



आरोप है कि दोनों नेताओं के फेसबुक अकाउंट से महिलाओं के सम्मान के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां, फोटो और वीडियो साझा किए गए। आयोग ने इसे महिलाओं की गरिमा से जुड़ा गंभीर मामला मानते हुए पुलिस को तत्काल जांच और कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।



AI से बनाए गए कंटेंट की भी होगी जांच

इस मामले में महिला आयोग ने AI तकनीक के गलत इस्तेमाल को भी गंभीरता से लिया है। आयोग ने कहा है कि अगर आपत्तिजनक फोटो या वीडियो कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की मदद से बनाए गए हैं तो उनकी अलग से जांच की जाएगी।पुलिस को सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करने के लिए कहा गया है।



बनाने और फैलाने वालों पर भी होगी कार्रवाई

महिला आयोग ने साफ किया है कि सिर्फ सोशल मीडिया पर सामग्री पोस्ट करने वाले ही नहीं, बल्कि ऐसी सामग्री तैयार करने और उसे आगे प्रसारित करने वाले लोगों की भूमिका की भी जांच होगी। आयोग ने पुलिस को निर्देश दिए हैं कि पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए और तय समय में रिपोर्ट पेश की जाए।



महिलाओं की गरिमा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

महिला आयोग अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने कहा कि सोशल मीडिया पर महिलाओं के सम्मान को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी सामग्री को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कदम उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।



FAQ

  1. छत्तीसगढ़ महिला आयोग ने किस मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए हैं?
    सोशल मीडिया पर महिलाओं के सम्मान के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी, फोटो और AI से बनाए गए वीडियो पोस्ट करने के मामले में महिला आयोग ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
  2. महिला आयोग ने किन लोगों के खिलाफ FIR के निर्देश दिए हैं?
    आयोग ने कांग्रेस नेताओं संजय बघेल और सुरेन्द्र वर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। दोनों पर आपत्तिजनक सोशल मीडिया सामग्री साझा करने के आरोप हैं।
  3. AI से बनाए गए आपत्तिजनक वीडियो मामले में क्या कार्रवाई होगी?
    आयोग ने कहा है कि AI की मदद से आपत्तिजनक फोटो या वीडियो तैयार करने और उसे फैलाने वाले सभी लोगों की जांच होगी। दोषियों पर IT Act और BNS की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा सकती है।

यह खबरें भी पढ़े....

छत्तीसगढ़ महिला आयोग विवाद: वकीलों ने तीन सदस्यों को भेजा मानहानि का नोटिस, बोले-माफी नहीं मांगी तो...



पुलिस वैन रोकने वाली लड़की बनी सोशल मीडिया सेंसेशन, जानें कौन हैं रिया अहिर



साय के सुशासन मॉडल से बदल रही राजस्व व्यवस्था, छत्तीसगढ़ में अब व्हाट्सएप पर मिल रहे खसरा और बी-1



ट्रांसफर रुकवाने AI का सहारा, बनाया प्रभारी मंत्री का फर्जी पत्र, ऐसे खुला राज









Tags:
  • छत्तीसगढ़
  • AI
  • सोशल मीडिया
  • फेसबुक
  • छत्तीसगढ़ महिला आयोग
  • महिला आयोग