12वीं हिंदी परीक्षा के लिए नई सुरक्षा; पेपर लीक रोकने GPS और डिजिटल लॉक का पहरा
NEWS IN SHORT
- पेपर लीक रोकने के लिए बोर्ड ने नई और खास तैयारी की हैं
- अब हाईटेक डिजिटल लॉक और जीपीएस की निगरानी में रहेंगे प्रश्नपत्र
- 10 अप्रैल को होने वाली हिंदी परीक्षा के लिए सुरक्षा सख्त कर दी गई हैं
- खास सुरक्षित गाड़ियों से पहुंचेंगे प्रश्नपत्र
- सिर्फ एक बार खुलने वाले तालों से अब सुरक्षित रहेगा प्रश्नपत्र
NEWS IN DETAIL
Raipur : छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने 10 अप्रैल को होने वाली 12वीं हिंदी की परीक्षा के लिए कमर कस ली है। पिछली गलतियों से सबक लेते हुए इस बार सुरक्षा इतनी तगड़ी की गई है कि पेपर लीक करना तो दूर, उसकी लोकेशन से भी छेड़छाड़ मुमकिन नहीं होगी।
अब पेपरों पर रहेगा डिजिटल पहरा
इस बार बोर्ड ने प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए वन टाइम लॉक सिस्टम और जीपीएस ट्रैकिंग का रास्ता चुना है। पेपर जिन डिब्बों में भरकर केंद्रों तक जाएंगे, उन पर खास डिजिटल लॉक लगे होंगे।
ये लॉक सिर्फ एक बार ही खुल पाएंगे और जीपीएस की मदद से बोर्ड ऑफिस में बैठे अधिकारी पल-पल की जानकारी रख सकेंगे कि पेपर गाड़ी इस वक्त कहां है।
खास गाड़ियों से पहुंचेंगे पेपर
अब तक अक्सर प्रश्नपत्र बसों के जरिए भेजे जाते थे, लेकिन अब सिस्टम बदल गया है। अब इसके लिए खास सुरक्षा वाली गाड़ियों का इस्तेमाल होगा। प्रक्रिया इतनी सख्त है
कि जब ये गाड़ियां सेंटर पहुंचेंगी, तो वीडियो कॉल के जरिए लॉक चेक कराया जाएगा। इसके अलावा पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की जाएगी। स्ट्रांग रूम से लेकर परीक्षा केंद्र तक, हर जगह वन टाइम लॉक की निगरानी जिला शिक्षा अधिकारी खुद करेंगे।
क्यों पड़ी इतने कड़े इंतजामों की जरूरत?
13 मार्च को 12वीं का हिंदी पेपर होने से ठीक एक दिन पहले ही उसका बी सेट का प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। छात्रों के हंगामे और पेपर लीक की खबरों के बाद बोर्ड को परीक्षा रद्द करनी पड़ी थी और पुलिस में केस भी दर्ज हुआ था। इस वजह से बोर्ड ने अब यह हाईटेक सुरक्षा अपनाया है।
10 अप्रैल को होगी दोबारा परीक्षा
यह परीक्षा 10 अप्रैल को सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक होगी। बोर्ड की अधिकारी पुष्पा साहू ने साफ कर दिया है कि सुरक्षा का यह नया तरीका सिर्फ इसी पेपर के लिए नहीं है, बल्कि अब आने वाली सभी परीक्षाओं में इसी तरह कड़ाई बरती जाएगी।
यह खबरें भी पढ़े...
CG PPT 2026: प्री-पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षा का शेड्यूल, जानें आवेदन की आखिरी तारीख
10वीं-12वीं पास के लिए नोएडा एयरपोर्ट में निकली भर्ती, जानें फॉर्म भरने के स्टेप-बाय-स्टेप प्रोसेस
जीवाजी यूनिवर्सिटी पर फिर उठे सवाल: 4 अप्रैल का पेपर 1 अप्रैल को ही बांटा दिया, परीक्षा रद्द