नर्सिंग काउंसिल की रजिस्ट्रार दुर्गावती उसारे सस्पेंड, कर्मचारियों के सामूहिक इस्तीफे के बाद कार्रवाई

VINAY VERMA | Apr 08, 2026, 12:37 IST
cg-nursing-council-registrar-durgawati-usare-suspended-fake-documents
स्वास्थ्य विभाग में बड़े फर्जीवाड़े पर कार्रवाई हुई है। नर्सिंग काउंसिल की रजिस्ट्रार दुर्गावती उसारे को सस्पेंड किया गया है। उन पर फर्जी दस्तावेजों से कॉलेजों को फायदा पहुंचाने का आरोप है। जांच में वित्तीय अनियमितताएं भी सामने आई हैं।

Raipur. छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य विभाग में बड़ा प्रशासनिक भूचाल आया है। छत्तीसगढ़ नर्सिंग काउंसिल की रजिस्ट्रार दुर्गा उसारे को सस्पेंड कर दिया गया है। उन्हें तत्काल प्रभाव से उनके प्रभार से हटाते हुए रायपुर के CMHO कार्यालय में अटैच कर दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई के पीछे काउंसिल के ही डेली वेजेस यानी दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों की बड़ी भूमिका सामने आ रही है, जिनकी शिकायतों के बाद ही जांच शुरू हुई थी।



डेली वेजेस कर्मचारियों ने खोला मोर्चा

दरअसल, यह मामला लंबे समय से अंदर ही अंदर सुलग रहा था। काउंसिल में काम कर रहे डेली वेजेस कर्मचारियों की सेवाएं बढ़ाने को लेकर विवाद खड़ा हुआ। रजिस्ट्रार दुर्गा उसारे ने इनकी सेवा विस्तार पर सवाल उठाते हुए विभाग को पत्र लिखा। इसके बाद कर्मचारियों में नाराजगी भड़क गई। उन्होंने न सिर्फ विरोध प्रदर्शन शुरू किया बल्कि मंत्रालय पहुंचकर सामूहिक इस्तीफा तक दे दिया। यही नहीं, उसारे के खिलाफ लंबी-चौड़ी शिकायत भी दर्ज कराई।



सामूहिक इस्तीफा बना टर्निंग पॉइंट

कर्मचारियों का सामूहिक इस्तीफा इस पूरे घटनाक्रम का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। हालांकि मंत्रालय ने उनका इस्तीफा नामंजूर कर दिया, लेकिन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी गई। बताया जा रहा है कि करीब दो महीने तक चली जांच में कई अहम दस्तावेज खंगाले गए और गड़बड़ियों के पुख्ता संकेत मिले। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए दुर्गा उसारे को निलंबित कर दिया।



Suspend


कंप्यूटर तक उठाकर ले जाने का आरोप

विवाद उस समय और गहरा गया जब आरोप लगा कि सामूहिक इस्तीफा देने से पहले डेली वेजेस कर्मचारी काउंसिल से कंप्यूटर और अन्य सामान तक उठा ले गए। इस संबंध में रजिस्ट्रार ने शिकायत भी दर्ज कराई थी। हालांकि इस मुद्दे पर अलग से जांच की बात सामने आई है, लेकिन इससे माहौल और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया था।



महिला कर्मचारी पर भी आरोप

दुर्गा उसारे ने विभागीय अधिकारियों को काउंसिल की महिला कर्मचारी के खिलाफ शिकायत की थी। जिसमें बताया गया था कि महिला कर्मचारी रजिस्ट्रार की जगह अपना साइन करती है। जबकि रजिस्ट्रार ने ऐसा करने के लिए सहमति नहीं दी है। हालांकि विभाग इस मामले की भी जांच कर रहा है।



application


application


फर्जी दस्तावेजों से कॉलेजों को फायदा?

जांच रिपोर्ट में दुर्गा उसारे पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। कहा गया है कि उन्होंने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नर्सिंग कॉलेजों को रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में आगे बढ़ाया। इतना ही नहीं, इस पूरी प्रक्रिया में वित्तीय अनियमितताओं के भी संकेत मिले हैं, जिससे शासन को आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई गई है। आरोप यह भी है कि उन्होंने महत्वपूर्ण तथ्यों को छुपाते हुए भ्रामक जानकारी प्रस्तुत की।



नियमों को ताक पर रखकर फैसले

जांच में यह भी सामने आया है कि रजिस्ट्रार ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए कई निर्णय नियमों के विपरीत लिए। इससे प्रशासनिक पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। विभागीय अधिकारियों का मानना है कि यह मामला केवल प्रशासनिक लापरवाही नहीं बल्कि सुनियोजित गड़बड़ी का संकेत देता है।



निलंबन के दौरान मिलेगा भत्ता

निलंबन अवधि के दौरान दुर्गा उसारे को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। यह प्रावधान छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियमों के तहत लागू होता है। फिलहाल उन्हें रायपुर सीएमएचओ कार्यालय में अटैच किया गया है, जहां से आगे की विभागीय कार्रवाई तय होगी।



खुलासों के संकेत

इस बड़ी कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग और नर्सिंग संस्थानों में हड़कंप मच गया है। सूत्रों की मानें तो आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं। सरकार के इस कदम को साफ संकेत माना जा रहा है कि अब भ्रष्टाचार और फर्जीवाड़े के मामलों में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी।



ये खबरें भी पढ़ें...

CG News: छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग का फैसला विवादों में, बिना टेंडर HLL को मिली पैथोलॉजी जांच की जिम्मेदारी



​फर्जी दस्तावेज से पाई सरकारी नौकरी, तीन डॉक्टरों के खिलाफ एफआईआर, कोर्ट के आदेश पर एसओजी का एक्शन



फर्जी दस्तावेजों से हड़पी बेशकीमती जमीन, आरोपियों में भास्कर के पत्रकार का नाम भी



फर्जी दस्तावेज़ बना हड़प लिए 58 लाख का बीमा क्लेम, आरोपियों में बीमा कंपनी के दो कर्मचारी भी



Tags:
  • CG News
  • छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग
  • फर्जी दस्तावेज
  • CMHO
  • नर्सिंग काउंसिल