कल है CGPSC की प्रिलिम्स परीक्षा, सेंटर जाने से पहले पढ़ लें ये 7 सख्त नियम

Anjali Dwivedi | Feb 21, 2026, 16:34 IST
cgpsc-prelims-exam-2025
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की परीक्षा 22 फरवरी को दो शिफ्ट में होगी। अभ्यर्थी 238 पदों के लिए मैदान में हैं। ड्रेस कोड और समय का पालन न करने पर एग्जाम सेंटर में एंट्री नहीं मिलेगी।

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा कल, 22 फरवरी को आयोजित होने जा रही है। प्रदेश भर के कई केंद्रों पर होने वाली इस परीक्षा को लेकर आयोग ने बेहद सख्त निर्देश जारी किए हैं। अगर आप भी इस परीक्षा में शामिल हो रहे हैं, तो सावधान हो जाइए। नियमों की जरा सी अनदेखी आपको परीक्षा केंद्र से बाहर कर सकती है।



कल दो शिफ्ट में होगी परीक्षा

छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक अधिकारी बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए कल का दिन बेहद अहम है। परीक्षा दो शिफ्ट में संपन्न होगी। पहली पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक होगी, जिसमें सामान्य अध्ययन (General Studies) का पेपर होगा। वहीं, दूसरी शिफ्ट दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित की जाएगी, जिसमें एप्टीट्यूड टेस्ट लिया जाएगा।



समय पर एग्जाम सेंटर पहुंचना जरूरी

आयोग ने समय की पाबंदी को लेकर कड़े निर्देश दिए हैं। पहली पाली के अभ्यर्थियों को सुबह 8:00 बजे और दूसरी शिफ्ट के लिए दोपहर 1:00 बजे केंद्र पर पहुंचना होगा। ध्यान रहे कि परीक्षा शुरू होने से ठीक 15 मिनट पहले मेन गेट को पूरी तरह सील कर दिया जाएगा। पहली शिफ्ट में 9:45 बजे और दूसरी शिफ्ट में 2:45 बजे के बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं मिलेगा।



भूलकर भी ये चीजें एग्जाम सेंटर न ले जाएं

परीक्षा हॉल में अनुशासन बनाए रखने के लिए आयोग ने सात चीजों को पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया है-



  • मोबाइल फोन
  • स्मार्टवॉच या किसी भी तरह की घड़ी
  • कैलकुलेटर
  • लॉग टेबल
  • पेजर
  • कोई भी संचार उपकरण
  • भारी आभूषण (Jewelry)

केंद्र पर अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर से जांच की जाएगी और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी होगी।



ड्रेस कोड का पालन है जरूरी

परीक्षा के लिए कपड़ों का चुनाव भी सोच-समझकर करें। अभ्यर्थियों को केवल हल्के रंग के हाफ स्लीव्स वाले कपड़े पहनने की अनुमति है। गहरे रंग जैसे काला, नीला, या मैरून पूरी तरह वर्जित हैं। जूतों की जगह केवल पतले सोल वाली चप्पल या स्लीपर पहनकर ही आएं। महिला अभ्यर्थियों के लिए साड़ी या आधी बांह वाली कुर्ती मान्य है, लेकिन भारी गहनों पर रोक रहेगी।



238 पदों के लिए भर्ती

इस साल कुल 238 पदों के लिए नियुक्तियां होनी हैं, जिनमें नायब तहसीलदार के सर्वाधिक 51 पद शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 29 पद मुख्य नगर पालिका अधिकारी (कक्षा ग) तथा 28 पद राज्य पुलिस सेवा (उप पुलिस अधीक्षक) के लिए स्वीकृत किए गए हैं।



अन्य प्रमुख पदों में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (कक्षा ख) - 18 पद, छत्तीसगढ़अधीनस्थ लेखा सेवा अधिकारी - 15 पद, छत्तीसगढ़ राज्य प्रशासनिक सेवा (उप जिलाधिकारी) - 14 पद, राज्य कर निरीक्षक - 16 पद, उप पंजीयक - 12 पद, आबकारी उप-निरीक्षक - 11 पद तथा राज्य कर सहायक आयुक्त - 10 पद शामिल हैं।



परीक्षा केंद्र पर अपना ऑनलाइन एडमिट कार्ड और एक मूल फोटो पहचान पत्र (जैसे आधार, पैन कार्ड या वोटर आईडी) ले जाना न भूलें।



ये खबरें भी पढ़ें....



पंजाब चयन बोर्ड भर्ती: एक्साइज इंस्पेक्टर के पदें के लिए आवेदन शुरू



राजस्थान सरकारी विभाग में भर्ती, 20 फरवरी तक करें ऑनलाइन आवेदन



भारतीय नौसेना SSC ऑफिसर भर्ती, 260 पदों के लिए आवेदन शुरू



MP ऑनलाइन भर्ती पोर्टल से मिलेगी जॉब, जानें क्वालिफिकेशन और अप्लाई प्रोसेस



Tags:
  • PSC
  • छत्तीसगढ़
  • लोक सेवा आयोग
  • CGPSC
  • छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग
  • नायब तहसीलदार