छत्तीसगढ़ ओपन स्कूल रिजल्ट जारी: 12वीं में 71% तो 10वीं में सिर्फ 58.39% छात्र पास, लड़कियां फिर आगे

VINAY VERMA | May 14, 2026, 17:26 IST
cgsos-10th-12th-result-2026
छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल ने 2026 सत्र की 10वीं और 12वीं परीक्षा के परिणाम आज 14 मई को घोषित किए। इस बार 12वीं का रिजल्ट बेहतर रहा, जबकि 10वीं का परिणाम अपेक्षाकृत कमजोर रहा।

छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल ने मार्च-अप्रैल 2026 सत्र की 10वीं और 12वीं परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस बार भी 12वीं के विद्यार्थियों ने बेहतर प्रदर्शन किया, जबकि 10वीं का रिजल्ट अपेक्षाकृत कमजोर रहा। खास बात यह रही कि दोनों परीक्षाओं में छात्राओं ने छात्रों से बेहतर प्रदर्शन किया है। राज्य ओपन स्कूल ने बुधवार 14 मई को दोपहर 4 बजे परिणाम घोषित किया।



12वीं में 24 हजार से ज्यादा छात्र पास

हायर सेकेंडरी यानी 12वीं परीक्षा में कुल 40 हजार 256 विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इनमें से 38 हजार 683 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। 40 विद्यार्थियों का रिजल्ट विभिन्न कारणों से रोक दिया गया। कुल 34 हजार 961 परीक्षार्थियों का परिणाम घोषित किया गया, जिनमें 24 हजार 823 छात्र-छात्राएं पास हुए। इस तरह कुल रिजल्ट 71 प्रतिशत रहा।



12वीं परीक्षा में 9 हजार 594 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी हासिल की। वहीं 10 हजार 368 छात्र द्वितीय श्रेणी और 4 हजार 738 छात्र तृतीय श्रेणी में पास हुए। 123 विद्यार्थियों को केवल पास श्रेणी मिली है।



लड़कियों ने फिर मारी बाजी

12वीं के परिणाम में लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों से बेहतर रहा। लड़कों का पास प्रतिशत 70.01 फीसदी रहा, जबकि लड़कियों का रिजल्ट 72.17 प्रतिशत दर्ज किया गया। ओपन स्कूल के आंकड़े बताते हैं कि इस बार 21 हजार 725 लड़कों और 18 हजार 531 लड़कियों ने परीक्षा के लिए आवेदन किया था।



10वीं का रिजल्ट 60 प्रतिशत से नीचे

हाईस्कूल यानी 10वीं परीक्षा में इस बार कुल रिजल्ट 58.39 प्रतिशत रहा। परीक्षा में 33 हजार 693 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था। इनमें से 31 हजार 852 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। 39 विद्यार्थियों का रिजल्ट रोका गया, जबकि 31 हजार 813 परीक्षार्थियों का परिणाम घोषित किया गया। इनमें 18 हजार 578 विद्यार्थी पास हुए।



10वीं परीक्षा में 5 हजार 874 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी प्राप्त की। वहीं 7 हजार 700 विद्यार्थियों को द्वितीय श्रेणी और 4 हजार 947 विद्यार्थियों को तृतीय श्रेणी मिली। 57 विद्यार्थी केवल पास श्रेणी में सफल हुए।



10वीं में भी छात्राओं का दबदबा

10वीं के रिजल्ट में भी लड़कियों ने बाजी मारी। लड़कों का पास प्रतिशत 57.43 फीसदी रहा, जबकि लड़कियों का परिणाम 59.82 प्रतिशत दर्ज किया गया। परीक्षा में 20 हजार 163 लड़कों और 13 हजार 530 लड़कियों ने पंजीयन कराया था।



वेबसाइट पर देख सकते हैं रिजल्ट

छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन रिजल्ट देखने की सुविधा दी है। छात्र अपना परिणाम ओपन स्कूल की (www.sos.cg.nic.in )वेबसाइट और रिजल्ट पोर्टल पर देख सकते हैं। रिजल्ट जारी होने के बाद वेबसाइट पर विद्यार्थियों की भीड़ बढ़ गई।



209


नियमित पढ़ाई से छूटे छात्रों के लिए बड़ा सहारा

(छत्तीसगढ़ ओपन स्कूल रिजल्ट) राज्य ओपन स्कूल उन विद्यार्थियों के लिए बड़ा माध्यम माना जाता है, जो किसी कारण नियमित पढ़ाई पूरी नहीं कर पाए। हर साल हजारों छात्र-छात्राएं ओपन स्कूल के जरिए 10वीं और 12वीं की परीक्षा देकर अपनी पढ़ाई पूरी करते हैं। इस बार भी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया।



यह खबरें भी पढ़े...

MPPSC फूड सेफ्टी ऑफिसर का रिजल्ट लंबा अटकने की आशंका, हाईकोर्ट में दो मामलों में याचिकाएं



CBSE 12th Result 2026: रिजल्ट में एमपी के सरकारी स्कूलों ने गाड़े झंडे, प्राइवेट स्कूल रह गए पीछे



CBSE 12th Result 2026: सीबीएसई 12वीं का रिजल्ट घोषित, लड़कियों ने मारी बाजी



MPPSC SET 2025 के 21 विषयों के रिजल्ट आउट, असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती पर भी बड़ा अपडेट



Tags:
  • रिजल्ट
  • ऑनलाइन
  • हाईस्कूल
  • छत्तीसगढ़ ओपन स्कूल रिजल्ट