CG Breaking : डिप्टी कलेक्टर, अपर कलेक्टर सहित 11 अफसरों के ट्रांसफर
छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य प्रशासनिक सेवा के 11 अधिकारियों का ट्रांसफर किया है। इसके तहत विभिन्न जिलों में तैनात डिप्टी कलेक्टर, अपर कलेक्टर और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की नवीन पदस्थापना की गई है। आदेश के अनुसार, प्रकाशचंद्र कोरी को उप संचालक, खेल एवं युवा कल्याण संचालनालय, रायपुर नियुक्त किया गया है। वहीं, गुफरान अयूब को बलौदाबाजार से बीजापुर में अपर कलेक्टर के रूप में स्थानांतरित किया गया है। संजय कुमार मरकाम, जो विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी के रूप में कार्यरत थे, उन्हें संयुक्त कलेक्टर, सूरजपुर बनाया गया है।
महादेव सट्टा एप केस में CBI ने 60 ठिकानों पर मारा छापा
महादेव बुक ऑनलाइन सट्टेबाजी घोटाले की जांच में, केंद्रीय जांच ब्यूरो CBI ने छत्तीसगढ़, भोपाल, कोलकाता और दिल्ली सहित 60 स्थानों पर छापेमार कार्रवाई की है। इसमें राजनेताओं, वरिष्ठ नौकरशाहों, पुलिस अधिकारियों, महादेव सट्टा एप से जुड़े लोग शामिल हैं। इस मामले की जांच की शुरुआत आर्थिक अपराध विंग (EOW)रायपुर ने की थी। बाद में छत्तीसगढ़ सरकार ने इसे आगे की जांच के लिए CBI को सौंप दिया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राजधानी रायपुर पहुंचीं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राजधानी रायपुर पहुंच गई हैं। सीएम विष्णुदेव साय ने उनका स्वागत किया। यहां से राष्ट्रपति छत्तीसगढ़ विधानसभा पहुंचेंगी और रजत जयंती वर्ष पर विधायकों को संबोधित करेंगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सुबह 11.05 बजे विधानसभा पहुंचेंगी।
विधानसभा में गलत जानकारी देने पर रेंजर सहित 5 सस्पेंड
छत्तीसगढ़ विधानसभा में बजट सत्र के दौरान सदन में गलत जानकारी देने पर रायपुर वनमंडल के रायपुर परिक्षेत्र अधिकारी यानी रेंजर सतीश मिश्रा, माना नर्सरी प्रभारी वनपाल तेजा सिंह साहू, वनमंडल कार्यालय के सहायक ग्रेड-02 अविनाश वाल्दे और प्रदीप तिवारी, परिक्षेत्र कार्यालय के लिपिक अजीत ड़डसेना को तत्काल प्रभाव से निंलबित किया गया। इनके अलावा वन मंडल अधिकारी लोकनाथ पटेल एवं उप वन मंडल अधिकारी विश्वनाथ मुखर्जी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए शासन स्तर पर प्रक्रिया की जाएगी।
छत्तीसगढ़ के कवि-कथाकार शुक्ल को ज्ञानपीठ पुरस्कार
छत्तीसगढ़ के रायपुर के रहने वाले हिंदी के शीर्ष कवि-कथाकार विनोद कुमार शुक्ल को इस साल का ज्ञानपीठ पुरस्कार दिया जाएगा। इसकी घोषणा आज नई दिल्ली में की गई। दरअसल, 1 जनवरी 1937 को राजनांदगांव में जन्मे विनोद कुमार शुक्ल पिछले 50 साल से लेखन कर रहे हैं। विनोद कुमार शुक्ल की पहली कविता संग्रह 'अभिषेक जय हिंद' 1971 में प्रकाशित हुई थी।
सीजीएमएससी खरीद घोटाले में 5 को EOW ने लिया हिरासत में
शुक्रवार रात गिरफ्तार किए गए पांच लोगों में बसंत कौशिक,डॉ अनिल परसाई, शिरौंद्र रावटिया, कमलकांत पाटन कर,और दीपक बांधे शामिल हैं।
डिप्टी कलेक्टर सहित चार अफसरों के ट्रांसफर
छत्तीसगढ़ सरकार ने डिप्टी कलेक्टर सहित चार अफसरों के ट्रांसफर आदेश जारी किए हैं। इसके तहत तखतपुर एसडीएम डॉ. ज्योति पटेल को बिलासपुर को अपर कलेक्टर बनाया गया है।
देखें आदेश...
रजनीश सिंह बने एसएसपी
छत्तीसगढ़ शासन ने भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी रजनेश सिंह को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के पद पर पदोन्नत कर दिया है। उनकी यह पदोन्नति 1 जनवरी 2025 से प्रभावी मानी जाएगी। रजनेश सिंह 1997 में राज्य पुलिस सेवा में उप पुलिस अधीक्षक (DSP) के रूप में चयनित हुए थे और वर्ष 2012 में भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दिल्ली के लिए रवाना
छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल विस्तार और निगम-आयोगों में नियुक्तियों को लेकर अभी इंतजार करना होगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को दिल्ली के लिए रवाना हो गए, जहां वे पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व से मुलाकात करेंगे। रवाना होने से पहले सीएम साय ने कहा, आज और कल दिल्ली में कई कार्यक्रमों में भाग लूंगा। मंत्रिमंडल विस्तार और निगम-आयोगों में नियुक्तियों पर जल्द निर्णय लिया जाएगा, थोड़ा इंतजार करें।
प्रीलिम्स परीक्षा 2024 का परिणाम जारी
CGPSC PCS Prelims Result 2024 : छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने राज्य सेवा प्रीलिम्स परीक्षा 2024 का परिणाम जारी कर दिया है। नतीजे आधिकारिक वेबसाइटhttps://psc.cg.gov.in/पर रिलीज किए गए हैं। परीक्षार्थी पोर्टल पर जाकर इसे चेक कर सकते हैं। प्रारंभिक परीक्षा में कुल 3737 उम्मीदवारों को सफलता मिली है। अब पास होने वाले कैंडिडेट्स को मुख्य एग्जाम में शामिल होना होगा।
गैंगस्टर अमन साव को रायपुर से ले गई झारखंड पुलिस
गैंगस्टर अमन साव को रायपुर से झारखंड पुलिस अपने साथ ले गई है। सोमवार को रायपुर के सेंट्रल जेल से पुलिस उसे लेकर झारखंड रवाना हुई। दरअसल, 7 मार्च को रांची में दिन-दहाड़े बदमाश एक कोयला कारोबारी को गोली मारकर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, ये फायरिंग का काम जेल में बंद अमन साव के निर्देश पर उसके गुर्गे कर रहे हैं। इसी केस की पूछताछ के लिए झारखंड पुलिस गैंगस्टर अमन साव को लेने रायपुर पहुंची थी। अमन साव रायपुर में कारोबारी पर फायरिंग मामले में सेंट्रल जेल में बंद था, जिसे अब झारखंड ले जाया गया।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उनके करीबियों के यहां ईडी के छापे
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उनके करीबी और दूसरे करीबियों पर ईडी की छापेमारी का असर अब विधानसभा में देखें को मिल रहा है। आज सदन की कार्रवाई शुरू होते ही कांग्रेस के विधायकों ने नारेबाजी शुरू कर दी और सदस्य सीधे गर्भगृह तक पहुँच गये, परिणामतः हंगामा करने वाले सदस्य स्वतः ही निलंबित हो गए और फिर उन्होंने वॉकआउट कर दिया। इस पूरे मसले पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा पर हमलावर होते कहा है कि, “ED की दबिश, भाजपा की हताशा है। भाजपा की राजनीति अब जांच एजेंसियों के सहारे चल रही है। सात साल पुराने झूठे केस को अदालत में खारिज कर दिया लेकिन दुर्भावना से ED को मोहरा बना दिया गया। आज सुबह ED की टीम पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस महासचिव भूपेश बघेल के निवास पहुंची है। उन्होंने पूछा है कि, यह जांच है या राजनीतिक प्रतिशोध?
बेटी ने पिता पर लगाया दुष्कर्म का आरोप
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसले में दुष्कर्म के आरोपी पिता को सबूतों के अभाव में बाइज्जत बरी करने का आदेश दिया है। अदालत ने माना कि यह मामला झूठे आरोप का एक स्पष्ट उदाहरण है, जिसमें चिकित्सा और फोरेंसिक साक्ष्य अभियोजन पक्ष के दावों का समर्थन करने में विफल रहे। इसके अलावा, अदालत ने पाया कि पीड़िता के बयान में विश्वसनीयता की कमी है, जिससे यह अपराध अविश्वसनीय हो जाता है। इसलिए, यह “स्टर्लिंग गवाह” (जो साफ और अडिग रहता है) की श्रेणी में नहीं आता।
पिकनिक स्पॉट में हैवानियत... बंधक बनाकर किया रेप
खरहरा पिकनिक स्पॉट में एक गंभीर अपराध सामने आया है, जहां एक युवती के साथ दुष्कर्म की घटना घटी। आरोपियों ने युवती का अपहरण कर उसे बंधक बनाकर रखा और फिर दुष्कर्म को अंजाम दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। जानकारी के अनुसार पीड़िता अपनी बहन और दो भाइयों के साथ पिकनिक मनाने आई थी। तीन आरोपियों ने मिलकर पहले युवती का अपहरण किया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद युवती को बंधक बनाकर रखा गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वाड्रफनगर पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर तुरंत मामला दर्ज किया।
बेकाबू होकर पलटी ट्रैक्टर... 3 लोगों की मौत
नारायणपुर जिले के मेडोनार मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे मौके पर ही तीन ग्रामीणों की मौत हो गई। सभी घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही डोंगर पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
मिली जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर ट्रॉली ग्रामीणों को लेकर नारायणपुर से मेडोनार की ओर जा रही थी। रास्ते में तेज मोड़ पर चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और ट्रॉली पलट गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। इस दुर्घटना में 12 अन्य लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
युवा नेता के किया युवती का अश्लील वीडियो वायरल, गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस ने एक युवती की शिकायत पर एक युवक को हिरासत में लिया है। युवक पर आरोप है कि, उसने युवती का अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। इस शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी, वही उसे गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। बताया जा रहा है कि हिरासत में लिया गया आरोपी चमन साहू कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई का पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुका है। पुलिस ने फ़िलहाल उससे पूछताछ शुरू कर दी है।
छत्तीसगढ़ का 25वां बजट... यहां देखें LIVE
छत्तीसगढ़ का आज बजट पेश होने जा रहा है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी विधानसभा में बजट पेश कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ का यह 25वां बजट होगा। बजट पेश करने से पहले ओपी चौधरी ने राम मंदिर में पूजा अर्चना की। भगवान राम को दंडवत होकर प्रणाम किया।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी लाल मखमली बैग लेकर विधानसभा पहुंचे हैं। टैबलेट से डिजिटल बजट पेश कर रहे हैं। इसके पहले वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में बजट पर हस्ताक्षर किया।इस मौके पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप भी मौजूद थे।
बॉलीवुड एक्ट्रेस अदा शर्मा आएंगी छत्तीसगढ़
कभी माओवादियों के गढ़ के नाम मशहूर छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में अब धीरे-धीरे नक्सली दहशत खत्म हो रहा है। सरकार और जिला प्रशासन की ओर से इसके लिए लगातार कोशिश की जा रही है। नक्सलवाद से निपटने के लिए चल रहे प्रयासों के बीच जिला प्रशासन और जिला पुलिस के समन्वय से एक और प्रयास किया गया। दोनों के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को अबूझमाड़ शांति हाफ मैराथन का आयोजन किया गया। इस मैराथन में छत्तीसगढ़ के अलावा दूसरे राज्यों के लोग शामिल हुए। मैराथन में जोश बढ़ाने के लिए बॉलीवुड एक्ट्रेस अदा शर्मा भी बस्तर आएंगी।
कार्बन फैक्ट्री में बड़ा हादसा... एक महिला मजदूर की मौत
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मारुति कार्बन प्राइवेट लिमिटेड में निर्माण कार्य के दौरान नींव खुदाई के समय एक भारी कॉलम गिर गया। जिसमें इस हादसे में दो महिला मजदूर चपेट में आ गईं। एक महिला मजदूर उर्मिला को गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान उर्मिला की मौत हो गई। दूसरी महिला मजदूर को मामूली चोटें आईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। घटना उरगा थाना क्षेत्र के पताढ़ी गांव की है।
बागेश्वर धाम में 251 कन्याओं का विवाह, CM साय हुए शामिल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बागेश्वर धाम में चल रहे शिवरात्रि महोत्सव और 251 निर्धन कन्याओं के सामूहिक विवाह समारोह में शामिल हुए। बागेश्वर धाम में धार्मिक भक्ति, सामाजिक समर्पण और राष्ट्रीय एकता का अनूठा संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ संत परंपरा और धर्मनिष्ठा की भूमि है। भगवान श्रीराम ने अपने वनवास का अधिकांश समय यहीं बिताया था। हमें गर्व है कि बागेश्वर धाम में इस दिव्य आयोजन में शामिल होने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि संस्कार और संस्कृति किसी भी व्यक्ति के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा होते हैं।
PM मोदी ने 25 लाख किसानों को दिए 599 करोड़
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के भागलपुर से पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 19वीं किस्त जारी की। इस कार्यक्रम में वर्चुअली छत्तीसगढ़ के किसान और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी जुड़े। देशभर के 9.8 करोड़ किसानों के बैंक खातों में 22,000 करोड़ रुपये अंतरित किए गए। इनमें छत्तीसगढ़ के 25 लाख 95 हजार 832 किसान शामिल हैं। इन किसानों खाते में 599 करोड़ 38 लाख रुपए की सम्मान निधि भेजी गई है।देशभर के 9.8 करोड़ किसानों के बैंक खातों में 22,000 करोड़ रुपये अंतरित किए गए। इनमें छत्तीसगढ़ के 25 लाख 95 हजार 832 किसान शामिल हैं। इन किसानों खाते में 599 करोड़ 38 लाख रुपए की सम्मान निधि भेजी गई है।
छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र आज से शुरू
छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 24 फरवरी यानी आज से शुरू हो रहा है, जो 21 मार्च तक चलेगा। सोमवार को राज्यपाल का अभिभाषण होगा। इस सत्र में 17 बैठकें होंगी। विष्णुदेव साय सरकार इसी सत्र में अपना दूसरा बजट पेश करेगी। सत्र के दौरान 3 मार्च को वित्त मंत्री ओपी चौधरी बजट पेश करेंगे। इससे पहले 9 फरवरी 2024 को पहला बजट पेश किया गया था। बजट सत्र में 2 हजार से ज्यादा सवाल लगाए गए है। रविवार को विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर रमन सिंह ने बजट सत्र की जानकारी देते हुए बताया कि 24 फरवरी से 21 मार्च तक के सत्र में कुल 17 बैठकें होंगी। पहले दिन सोमवार 24 फरवरी को राज्यपाल का अभिभाषण होगा। 25 फरवरी को साल 2024-25 के तीसरे अनुपूरक बजट की मांगों पर चर्चा होगी। 26 फरवरी को महाशिवरात्रि की छुट्टी होगी। इसके बाद हर शनिवार-रविवार को छुट्टी होगी। बाकी दिन विधायकों के सवालों पर चर्चा होगी। 13 मार्च से लेकर 16 मार्च तक छुट्टी और होली के त्योहार की वजह से विधानसभा की कार्रवाई नहीं होगी। 17 मार्च से दोबारा सदन की प्रक्रिया शुरू होगी, जो 21 मार्च तक चलेगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज बगिया में डालेंगे वाेट
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज जशपुर दौरे पर हैं। इस दौरे के दौरान वे कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे, जिसमें मतदान, धार्मिक अनुष्ठान और खेल कार्यक्रम शामिल हैं। मुख्यमंत्री सुबह 11:30 बजे बगिया पहुंचेंगे और अपने परिवार के साथ गांव के प्राथमिक शाला में मतदान करेंगे। दोपहर मुख्यमंत्री सोगड़ा आश्रम, जशपुर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे।
यह आश्रम क्षेत्र में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए प्रसिद्ध है। साथ ही मुख्यमंत्री फुटबॉल मैच के समापन समारोह में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम जिले में खेल और युवा प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए आयोजित किया जा रहा है। शाम 3:30 बजे सभी कार्यक्रमों के पश्चात मुख्यमंत्री पुलिस लाइन हेलीपैड से रायपुर के लिए रवाना होंगे।
बैंगलुरु के दो लोंगों की छत्तीसगढ़ में मौत, 3 गंभीर
प्रयागराज जा रहे श्रद्धालुओं की कार पुलिया से टकरा गई। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीन की हालत गंभीर है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को 108 की मदद से फरसगांव अस्पताल लाया गया। यह हादसा नेशनल हाईवे 30 पर फरसगांव थाना क्षेत्र के बड़े मोड़ के पास हुआ।
युवक ने EVM की फोटो सोशल मीडिया पर किया पोस्ट, FIR दर्ज
नगरीय निकाय चुनाव में मतदान के दौरान ईवीएम की फोटो वीडियो लेने वाले युवक के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज किया है।मतदान की गोपनीयता भंग करने वाले मनीष सिंह उर्फ बिहारी बाबूए निवासी टुरकुमुड़ा थाना जुटमिल तहसील व जिला रायगढ़ पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 128, 131 तथा 132 में दिये गए प्रावधान एवं अन्य सुसंगत अधिनियमों के अंतर्गत एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 फरवरी को नगरीय निकाय निर्वाचन के लिए मतदान हुए।
कौन बनेगा सरपंच, फैसला आज, CM साय के समधी भी मैदान में
छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए पहले चरण की वोटिंग सोमवार को हुई। इसके मतों की गिनती आज यानी मंगलवार 18 फरवरी 2025 को की जाएगी। इसके लिए ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत और जिला पंचायत स्तर पर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अब दूसरे चरण की वोटिंग 20 फरवरी 2025 गुरुवार को होगी।
निकाय चुनाव के बाद सरपंच चुनाव के लिए वोटिंग शुरू
छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव का शोर शांत हो चुका है और अब आज 17 फरवरी से पंचायत चुनाव शुरू हो गए हैं। प्रदेश में पंचायत चुनाव के लिए तीन चरणों में मतदान होगा। आज छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का पहला चरण शुरू हो गया है। मतदान प्रक्रिया बैलट पेपर से होगी और सुबह 7 बजे से लेकर शाम 3 बजे तक चलेगी।
ये खबर भी पढ़ें...CG Breaking : चुनाव हारने के बाद भी महिला प्रत्याशी ने निकाली रैली
यहां होगा मतदान
यह मतदान प्रदेश के 53 विकासखंडों के गांवों में आयोजित होगा। बात करें राजधानी रायपुर की तो पहले चरण में रायपुर जिले के आरंग और अभनपुर क्षेत्र में मतदान होगा। अभनपुर में कुल 4 जिला पंचायत सदस्य, 25 जनपद सदस्य, 88 सरपंच और 88 वार्ड पंच के पदों पर चुनाव हो रहे हैं। इसके लिए 14 सेक्टरों में 291 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
आरंग में 1402 पंच, 134 सरपंच, 25 जनपद सदस्य, और 6 जिला पंचायत सदस्य के पदों के लिए मतदान होगा। आरंग में 20 सेक्टरों में 406 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यह चुनाव 53 विकासखंडों में 9,873 मतदान केंद्रों पर हो रहा है, जिसमें 27,210 पंच, 3,605 सरपंच, 911 जनपद सदस्य और 149 जिला पंचायत सदस्य चुने जाएंगे।
ये खबर भी पढ़ें...
सरकारी हॉस्टल में शिक्षिका के साथ रंगरेलियां मानते पकड़े गए अधीक्षक
मेडिकल बिल, हॉस्पिटल में भर्ती के फोटो दिखाए...फिर भी कर दिया सस्पेंड
छत्तीसगढ़ चुनाव में एकमात्र सीट, जिस पर लॉटरी से हुआ विजेता का फैसला