कोल इंडिया निर्माण योजना : UPSC की तैयारी के लिए अभ्यर्थियों को एक लाख मदद

Aishwarya Dwivedi | Jun 24, 2026, 13:58 IST
कोल इंडिया निर्माण योजना यूपीएससी एक लाख
कोल इंडिया की निर्माण-2026 योजना में UPSC प्रीलिम्स 2026 पास आर्थिक रूप से कमजोर अभ्यर्थियों को 1 लाख रुपए मिलेंगे। CG समेत 8 राज्यों के निवासी पात्र। परिवार की आय 8 लाख से कम हो।

समझें क्या है पूरा मामला

कोल इंडिया लिमिटेड ने आर्थिक रूप से कमजोर UPSC अभ्यर्थियों के लिए निर्माण-2026 योजना शुरू की है। जिन्होंने 2026 में UPSC प्रीलिम्स पास किया है उन्हें मुख्य परीक्षा की तैयारी के लिए 1 लाख रुपए की एकमुश्त सहायता मिलेगी। छत्तीसगढ़ समेत 8 राज्यों के स्थायी निवासी इसके पात्र हैं। परिवार की सालाना आय 8 लाख रुपए से अधिक नहीं होनी चाहिए। यह राशि सीधे बैंक खाते में आएगी।



क्या है निर्माण-2026 योजना

कोल इंडिया लिमिटेड (CIL – Coal India Limited) ने अपने सीएसआर (CSR – Corporate Social Responsibility) कार्यक्रम के तहत यह योजना शुरू की है। इसका मकसद आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के होनहार युवाओं को सिविल सेवा की तैयारी में मदद करना है। यूपीएससी (UPSC – Union Public Service Commission) सिविल सेवा या भारतीय वन सेवा की मुख्य परीक्षा की तैयारी के लिए 1 लाख रुपए की एकमुश्त राशि सीधे बैंक खाते में दी जाएगी।



कौन कर सकता है आवेदन

इस योजना का लाभ लेने के लिए कुछ जरूरी शर्तें हैं। अभ्यर्थी को 2026 में UPSC सिविल सेवा या भारतीय वन सेवा की प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण करनी होगी। साथ ही अभ्यर्थी इन 8 राज्यों में से किसी एक का स्थायी निवासी होना चाहिए - छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, झारखंड, असम, महाराष्ट्र, ओडिशा, उत्तरप्रदेश या पश्चिम बंगाल। वित्तीय वर्ष 2025-26 में पूरे परिवार की कुल सालाना आय 8 लाख रुपए से अधिक नहीं होनी चाहिए।



ये लोग नहीं कर सकते आवेदन

कोल इंडिया या उसकी किसी सहायक कंपनी के कर्मचारी और उनके आश्रित इस योजना के पात्र नहीं हैं। केंद्र या राज्य सरकार, केंद्र शासित प्रदेश या किसी भी पीएसयू (PSU – Public Sector Undertaking) में स्थायी रूप से कार्यरत कर्मचारी भी आवेदन नहीं कर सकते। इसके अलावा जो अभ्यर्थी पहले निर्माण-2024 या निर्माण-2025 का लाभ ले चुके हैं उन्हें दोबारा यह सहायता नहीं मिलेगी।



कैसे करें आवेदन

UPSC प्रीलिम्स का परिणाम घोषित होने के बाद पात्र अभ्यर्थी कोल इंडिया के निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के समय ये दस्तावेज अपलोड करने होंगे — पासपोर्ट फोटो, हस्ताक्षर, UPSC प्रीलिम्स का प्रवेश पत्र, वैध पहचान पत्र, आय प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र और बैंक खाते का विवरण।



कोल इंडिया निर्माण योजना


कांकेर में PAT परीक्षा 28 जून को

इसी बीच छत्तीसगढ़ में 28 जून रविवार को पीएटी (PAT – Pre Agriculture Test) और पीवीपीटी (PVPT – Pre Veterinary and Paramedical Test) प्रवेश परीक्षा 2026 का आयोजन होगा। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजकर 15 मिनट तक चलेगी। कांकेर जिले में 804 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसके लिए चार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।



शासकीय भानुप्रताप देव पीजी कॉलेज और शासकीय नरहरदेव स्कूल में 300-300 परीक्षार्थी बैठेंगे। शासकीय इंदरू केवट कन्या महाविद्यालय में 104 और स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम मॉडल कॉलेज में 100 परीक्षार्थी होंगे।



कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने डिप्टी कलेक्टर आस्था बोरकर को नोडल अधिकारी और सहायक संचालक शिक्षा लक्ष्मण कावड़े को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और छात्रों को समय से पहले प्रवेश पत्र लेकर पहुंचने की सलाह दी है।



FAQ

  1. 'निर्माण-2026' योजना किस सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम (PSU) द्वारा शुरू की गई है और यह किसके लिए है?
    उत्तर: यह योजना भारत सरकार की महारत्न कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) द्वारा शुरू की गई है। इसका उद्देश्य देश के आर्थिक रूप से कमजोर (EWS) परिवारों के उन होनहार युवाओं को वित्तीय संबल देना है, जिन्होंने UPSC की प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है।
  2. 'निर्माण-2026' योजना का लाभ लेने के लिए पात्रता के मुख्य मानदंड (क्राइटेरिया) क्या हैं?
    उत्तर: इसके लिए तीन मुख्य शर्तें हैं: अभ्यर्थी ने वर्ष 2026 में UPSC सिविल सेवा या भारतीय वन सेवा की प्रारंभिक परीक्षा (Prelims) पास की हो। वित्तीय वर्ष 2025-26 में अभ्यर्थी के पूरे परिवार की कुल सालाना आय ₹8 लाख से अधिक नहीं होनी चाहिए। अभ्यर्थी कोल इंडिया या किसी भी सरकारी/PSU सेवा में स्थायी रूप से कार्यरत नहीं होना चाहिए।
  3. छत्तीसगढ़ में PAT और PVPT परीक्षाओं का आयोजन किस उद्देश्य से किया जाता है?
    उत्तर: छत्तीसगढ़ में PAT (Pre Agriculture Test) का आयोजन कृषि (Agriculture) और बागवानी (Horticulture) डिग्री पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए किया जाता है। वहीं PVPT (Pre Veterinary and Paramedical Test) का आयोजन पशु चिकित्सा (Veterinary) और पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए किया जाता है।

ये खबरें भी पढ़ें...

UPSC Recruitment 2026: बिना प्रीलिम्स-मेंस परीक्षा दिए बनें अफसर, देखें डिटेल्स



MPPSC ने बदला मेंस 2025 का शेड्यूल, अब 8 अगस्त से होगी, UPSC मेंस से अब क्लैश नहीं



UPSC Result 2025: क्या सचमुच गरीब हैं EWS कोटे से चुने गए 104 अभ्यर्थी



MPPSC राज्य सेवा परीक्षा 2025 मेंस का क्या होगा, मेंस 2026, UPSC मेंस और असिस्टेंट प्रोफेसर की उलझन



Tags:
  • छत्तीसगढ़
  • कोल इंडिया लिमिटेड
  • राज्य सरकार
  • प्रवेश पत्र
  • प्रवेश परीक्षा
  • मूल निवास प्रमाण पत्र