छत्तीसगढ़ कांग्रेस में हुई 20 बागियों की वापसी, अमित और रेणु जोगी को मनाही
छत्तीसगढ़ कांग्रेस में विधानसभा और नगरीय निकाय चुनाव के दौरान पार्टी से अलग राह अपनाने वाले नेताओं की अब घर वापसी शुरू हो गई है। प्रदेश कांग्रेस की अनुशासन समिति ने निष्कासित नेताओं के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए पहली सूची में 20 नेताओं का निष्कासन समाप्त करने का फैसला लिया है।
इनमें आनंद कुकरेजा और शशांक डोंगरे समेत कई चर्चित नाम शामिल हैं। इस फैसले के साथ लंबे समय से कांग्रेस से बाहर चल रहे इन नेताओं के लिए पार्टी में दोबारा सक्रिय होने का रास्ता साफ हो गया है। पार्टी के भीतर इसे संगठन को फिर से मजबूत करने और पुराने नेताओं को साथ लाने की प्रक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है।
चुनाव में कई थी बगावत:
विधानसभा और नगरीय निकाय चुनाव के दौरान पार्टी प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने, पार्टी विरोधी गतिविधियों या संगठन के निर्देशों की अनदेखी के आरोप में कई नेताओं के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई थी। इनमें बागी नेताओं को निष्कासित किया गया था।अब कांग्रेस ने इन मामलों की दोबारा समीक्षा शुरू की है।
इसी सिलसिले में राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस की अनुशासन समिति की बैठक हुई थी। बैठक में कुल 36 नेताओं के आवेदनों और पुराने अनुशासनात्मक मामलों पर चर्चा की गई। समिति ने कुछ मामलों में निष्कासन समाप्त करने का निर्णय लिया, जबकि कई प्रकरणों को आगे विचार के लिए लंबित रखा गया है।
पहली सूची में 20 नाम:
अनुशासन समिति के फैसले के बाद निष्कासन समाप्त किए गए नेताओं की पहली सूची सामने आई है। इसमें आनंद कुकरेजा, डोंगरे सहित कुल 20 नेताओं के नाम शामिल हैं। इन नेताओं की कांग्रेस में वापसी को संगठन के स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।आनंद कुकरेजा का मामला खास तौर पर चर्चा में रहा है।
वे विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ मैदान में उतरे थे। इसके बाद कांग्रेस ने उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की थी। अब निष्कासन खत्म होने के बाद उनके दोबारा कांग्रेस संगठन में सक्रिय होने का रास्ता खुल गया है।
36 मामलों पर हुआ था मंथन:
कांग्रेस की अनुशासन समिति ने 36 नेताओं की वापसी से जुड़े आवेदनों पर विचार किया था। बैठक में विधानसभा और नगरीय निकाय चुनाव के दौरान हुई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। समिति ने सभी मामलों को एक नजर से देखने के बजाय अलग-अलग प्रकरणों की परिस्थितियों और नेताओं की ओर से दिए गए आवेदनों पर विचार किया।
कुछ मामलों में कार्रवाई समाप्त करने का फैसला लिया गया, जबकि कई चर्चित नेताओं के प्रकरणों पर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।
अमित-रेणु जोगी और बृहस्पति सिंह का मामला लंबित:
निष्कासित नेताओं में सबसे ज्यादा चर्चा अमित जोगी, रेणु जोगी और बृहस्पति सिंह के मामलों को लेकर है। अनुशासन समिति की बैठक में इन प्रकरणों पर भी चर्चा हुई, लेकिन इन पर फिलहाल अंतिम फैसला नहीं लिया गया है। अमित जोगी का मामला अभी विचाराधीन बताया गया है।यानी कांग्रेस ने एक तरफ कुछ नेताओं के लिए वापसी का रास्ता खोल दिया है, वहीं प्रमुख और संवेदनशील मामलों में अभी संगठन ने अंतिम निर्णय सुरक्षित रखा है।
जिला कांग्रेस से भी लिया जा सकता है अभिमत:
लंबित मामलों में संबंधित जिला कांग्रेस कमेटियों से चर्चा और अभिमत लेने की प्रक्रिया भी अपनाई जा सकती है। इसके बाद अनुशासन समिति दोबारा इन प्रकरणों पर विचार करेगी। पार्टी के स्तर पर यह भी संकेत दिए गए हैं कि संगठन विरोधी गतिविधियों और सार्वजनिक मंचों से पार्टी के खिलाफ बयानबाजी को गंभीरता से लिया जाएगा।कांग्रेस की ओर से अब आगे लंबित मामलों पर फैसला लिया जाना है। ऐसे में आने वाले दिनों में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि पहली सूची के बाद किन अन्य नेताओं की पार्टी में वापसी होती है और किन मामलों में अनुशासनात्मक कार्रवाई बरकरार रहती है।
इन नेताओं की हुई वापसी, पूरी सूची:
ये खबरें भी पढ़ें…
फिर अटकी अमित जोगी की कांग्रेस में वापसी, 36 नेताओं के नाम पर मंथन
राहुल गांधी लेंगे छत्तीसगढ़ कांग्रेस की समीक्षा बैठक, बैज, महंत देंगे रिपोर्ट
राहुल गांधी ने बुलाई छत्तीसगढ़ कांग्रेस की बैठक, सभी दिग्गज दिल्ली तलब
चुनाव में छिटके आदिवासियों को साधने छत्तीसगढ़ कांग्रेस का मेगा प्लान, एसटी काउंसिल बनाई