दीपक बैज का कार्यकाल पूरा, नए प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में कई बड़े चेहरे

Harrison Masih | Jul 21, 2026, 13:00 IST
छत्तीसगढ़ कांग्रेस में नए अध्यक्ष 2026
दीपक बैज का प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में कार्यकाल पूरा होने के बाद नए अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। टीएस सिंहदेव, डॉ. शिवकुमार डहरिया, उमेश पटेल और देवेंद्र यादव के नाम प्रमुख दावेदारों में शामिल बताए जा रहे हैं।

समझें क्या है पूरा मामला

छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का कार्यकाल 12 जुलाई को पूरा हो गया है। पार्टी में नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। टीएस सिंहदेव और मंत्री शिवकुमार डहरिया की दावेदारी की चर्चा है। पूर्व अध्यक्ष नंदकुमार पटेल के बेटे उमेश पटेल का नाम भी सामने आया है। राहुल गांधी से उनकी हाल की मुलाकात ने सस्पेंस और बढ़ा दिया है।



छत्तीसगढ़ कांग्रेस में इन दिनों नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर सरगर्मी तेज है। आमतौर पर पार्टी में यह जिम्मेदारी तीन साल के लिए दी जाती है। लेकिन विशेष हालात में हाईकमान ही तय करती है कि अध्यक्ष को कब तक पद पर रखा जाए।



इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का कार्यकाल सबसे लंबा रहा है। वे करीब पांच साल तक प्रदेश अध्यक्ष रहे। उनके नेतृत्व में पार्टी सत्ता तक भी पहुंची थी।



किसका कितना रहा कार्यकाल

मोहन मरकाम का कार्यकाल भी सबसे लंबे कार्यकालों में शामिल है। वे करीब चार साल इस पद पर रहे। बाकी ज्यादातर अध्यक्षों का औसत कार्यकाल दो से तीन साल का ही रहा है।



2006 से अब तक चरणदास महंत, धनेंद्र साहू, नंदकुमार पटेल, भूपेश बघेल, मोहन मरकाम और दीपक बैज यह पद संभाल चुके हैं। इसी पैटर्न को देखते हुए अब नए अध्यक्ष की नियुक्ति पर अटकलें तेज हैं।



हाईकमान अभी नाम पर खामोश

पार्टी के शीर्ष नेता अभी किसी नए नाम पर खुलकर राय रखने से बच रहे हैं। हालांकि पार्टी के भीतर अध्यक्ष पद के लिए कई दावेदार खड़े हो गए हैं।



कुछ नेताओं और हाल की घटनाओं से यह भी संकेत मिल रहा है कि अध्यक्ष की जिम्मेदारी दो हिस्सों में भी बांटी जा सकती है। दीपक बैज को सांसद रहते हुए अध्यक्ष बनाया गया था। 2023 विधानसभा चुनाव में पार्टी ने उन्हें टिकट भी दिया, लेकिन वे चुनाव हार गए थे।



मोहन मरकाम को हटाने के बाद पार्टी ने आदिवासी प्रतिनिधित्व बनाए रखने के लिए ही दीपक बैज को अध्यक्ष बनाया था, ऐसा माना जाता है। अब नए अध्यक्ष के लिए दो समीकरणों पर विचार चल रहा है, एक अनुभवी चेहरा और दूसरा युवा चेहरा।



सिंहदेव और डहरिया की दावेदारी

वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव सार्वजनिक तौर पर कह चुके हैं कि यदि उन्हें जिम्मेदारी दी गई तो वे इसके लिए तैयार हैं। उनके समर्थकों ने इसके लिए सोशल मीडिया पर कैंपेन भी चलाया था, हालांकि सिंहदेव ने समय रहते समर्थकों को इससे रोक दिया।



अनुभव के लिहाज से मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया का नाम भी दावेदारों में गिना जा रहा है। बताया जा रहा है कि वे लगातार दिल्ली के दौरे कर रहे हैं। पार्टी के भीतर उनका गंतव्य दिल्ली के बंगला नंबर 5, सुनहरी बाग रोड के आसपास बताया जा रहा है।



राहुल गांधी की उमेश पटेल से चर्चा

जिला अध्यक्षों की ट्रेनिंग के लिए रायपुर आए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने विधायक उमेश पटेल से करीब 15 मिनट अकेले में बात की। इस चर्चा ने राजनीतिक हलकों में खासी सुगबुगाहट पैदा कर दी है।



हालांकि चर्चा का विषय सार्वजनिक नहीं किया गया है। लेकिन राजनीतिक गलियारों में यह अटकल तेज है कि नए प्रदेश अध्यक्ष की तलाश में उमेश पटेल का नाम भी शामिल हो सकता है।



उमेश पटेल और देवेंद्र यादव की दावेदारी

उमेश पटेल पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार पटेल के बेटे हैं। वे अपने पिता की राजनीतिक विरासत संभाल रहे हैं और पार्टी में उन्हें दबंग नेता माना जाता है।



पार्टी का एक धड़ा विधायक देवेंद्र यादव को भी छत्तीसगढ़ की राजनीति का उभरता चेहरा मानता है। उमेश पटेल और देवेंद्र यादव दोनों ओबीसी वर्ग से आते हैं। ऐसे में अगर हाईकमान ओबीसी और युवा चेहरे को यह जिम्मेदारी देने का मन बनाती है, तो दोनों इस दौड़ में फिट बैठते हैं।



यह पूरा मामला अभी अटकलों के दौर में ही है। अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान ही करेगा। आने वाले दिनों में तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है।



ये खबरें भी पढ़ें...

राहुल गांधी ने अकेले में की उमेश पटेल से बात, बड़े पद पर ताजपोशी की अटकलें



पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज और टीएस आमरण अनशन पर बैठे, भूपेश बघेल बोले ईंट से ईंट बजा देंगे



दीपक बैज को रास नहीं आई टीएस सिंहदेव की पीसीसी चीफ बनने की बात, बोले बाबा के लिए दिल्ली दूर नहीं



क्या कांग्रेस में खत्म होने वाला है बुजुर्ग राजनीति का दौर, दीपक बैज के बयान से युवा सियासत पर बहस



Tags:
  • विधायक देवेंद्र यादव
  • छत्तीसगढ़ कांग्रेस
  • टीएस सिंहदेव
  • विधानसभा चुनाव
  • दीपक बैज
  • उमेश पटेल
  • प्रदेश अध्यक्ष