लाखों में पहुंचा दुबई का हवाई किराया, जेब खाली कर रायपुर लौट रहे लोग, आबूधाबी की टिकटें कैंसिंल

Arun Tiwari | Mar 10, 2026, 19:21 IST
gulf-tension-flight-ticket-price-dubai-abu-dhabi-to-india-hike
अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब हवाई यात्राओं पर भी दिखाई देने लगा है। खाड़ी देशों खासकर दुबई और आबूधाबी से भारत लौटने वाले यात्रियों को महंगी फ्लाइट टिकट खरीदनी पड़ रही है।

Raipur. अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़े तनाव का असर अब हवाई यात्राओं पर भी दिखाई देने लगा है। खाड़ी देशों से भारत लौटने वाले यात्रियों को इन दिनों काफी महंगी टिकट खरीदनी पड़ रही है।



दुबई और अबूधाबी से रायपुर लौटे यात्रियों के मुताबिक दिल्ली और मुंबई के लिए फ्लाइट टिकट 70 हजार से लेकर 1.15 लाख रुपए तक पहुंच गई है। जो सामान्य दिनों के मुकाबले कई गुना ज्यादा है।



ये खबर भी पढ़ें... इजराइल ईरान युद्ध के बीच छत्तीसगढ़ के 150 लोग फंसे, सैकड़ों फ्लाइट्स कैंसिल



कनेक्टिंग फ्लाइट बंद होने से बढ़ा किराया:

मौजूदा हालात के कारण कई कनेक्टिंग फ्लाइट्स बंद कर दी गई हैं। अभी दुबई, अबूधाबी, कतर और जेद्दा से केवल दिल्ली और मुंबई के लिए सीमित डायरेक्ट फ्लाइट्स ही संचालित हो रही हैं।



आमतौर पर कनेक्टिंग फ्लाइट से यात्रा करने पर किराया कम पड़ता है, लेकिन अब यात्रियों को मजबूरी में महंगी डायरेक्ट फ्लाइट लेनी पड़ रही है। ट्रैवल्स एंड टूर्स एसोसिएशन के मुताबिक इन शहरों से भारत आने के लिए रोजाना केवल दो-तीन फ्लाइट्स को ही अनुमति मिल रही है।



यात्रियों की संख्या ज्यादा होने और सीटें कम होने की वजह से टिकटों के दाम तेजी से बढ़ गए हैं। सामान्य समय में दुबई और अबूधाबी से भारत आने का किराया 10 से 14 हजार रुपए होता है, जबकि पीक सीजन में यह 15 से 20 हजार रुपए तक रहता है। फिलहाल यही किराया बढ़कर करीब एक लाख रुपए तक पहुंच गया है।



खाड़ी संकट में छत्तीसगढ़ियों की चिंता, साय सरकार ने दिल्ली में नोडल अफसर किया तैनात



दुबई में फंसे लोगों की हो रही मदद :

दुबई में रह रहे रायपुर से जुड़े लोगों ने बताया कि वहां फंसे भारतीयों की मदद के लिए कई सामाजिक संगठन आगे आए हैं। जरूरतमंद लोगों के लिए रहने और खाने-पीने की व्यवस्था भी की जा रही है। टिकट महंगी होने के कारण कई लोग समूह में टिकट बुक कराकर खर्च कम करने की कोशिश कर रहे हैं।



दुबई से लौटे लोगों ने बताया कि हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं, लेकिन कनेक्टिंग फ्लाइट लेने पर कैंसिल होने का खतरा बना रहता है। इसी वजह से यात्री ज्यादा किराया होने के बावजूद डायरेक्ट फ्लाइट से ही भारत लौटना सुरक्षित समझ रहे हैं।



ये खबर भी पढ़ें... iran israel war: इजराइल-ईरान युद्ध की आंच कांकेर तक: ईरान में फंसे मर्चेंट नेवी कर्मी मयंक साहू



सुरक्षा कारणों से बढ़ता है किराया :

जानकार कहते हैं कि अंतर्राष्ट्रीय तनाव या युद्ध की स्थिति में एयरलाइंस कंपनियां सुरक्षा कारणों से कई देशों के एयरस्पेस से बचकर लंबा रूट अपनाती हैं। इससे उड़ान का समय और ईंधन खर्च बढ़ जाता है। जिसके कारण टिकटों के दाम भी अचानक बढ़ जाते हैं।



ट्रैवल्स एंड टूर एसोसिएशन के अनुसार दुबई, अबूधाबी, जेद्दा और कतर के लिए फिलहाल नई बुकिंग नहीं हो रही है। अभी अधिकतर लोग भारत लौटने के लिए टिकट बुक करा रहे हैं। सीमित विकल्पों के कारण किराया बढ़ गया है और अगले चार-पांच दिनों तक यही स्थिति बनी रह सकती है।



ये खबर भी पढ़ें... अमेरिका-इजराइल से तनाव के बीच ईरान ने बंद किया एयरस्पेस, छत्तीसगढ़ के यात्री मुंबई एयरपोर्ट पर फंसे



दुबई जाने की टिकटें हो रहीं रद्द :

ट्रैवल एजेंसियों के मुताबिक दुबई और अबूधाबी जाने वाली कई टिकटें लगातार रद्द हो रही हैं। ट्रैवल कंपनी संचालक कहते हैं कि बोर्ड परीक्षाओं के बाद दुबई जाने की योजना बनाने वाले कई लोगों ने मौजूदा हालात को देखते हुए अपनी टिकटें कैंसिल कर दी हैं।



मार्च के आखिरी सप्ताह और अप्रैल की बुकिंग कराने वाले यात्री भी फिलहाल स्थिति साफ होने का इंतजार कर रहे हैं।



Tags:
  • छत्तीसगढ़
  • दुबई
  • रायपुर
  • इजराइल ईरान युद्ध
  • ईरान-इजराइल युद्ध
  • फ्लाइट्स कैंसिल