रायपुर JNM मेडिकल कॉलेज में 20 MBBS सीटें बढ़ीं, अब 250 छात्रों को मिलेगा दाखिला

Harrison Masih | Jul 11, 2026, 19:34 IST
20 MBBS सीटों को NMC की मंजूरी 2026
रायपुर के JNM मेडिकल कॉलेज में MBBS की 20 नई सीटों को मंजूरी मिल गई है। NMC के MARB बोर्ड ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए सीटें 230 से बढ़ाकर 250 कर दी हैं।

समझें क्या है पूरा मामला

रायपुर के पंडित जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल यानी JNM मेडिकल कॉलेज में MBBS सीटों में बड़ा इजाफा हुआ है। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड यानी MARB ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कॉलेज की MBBS सीटों की संख्या 230 से बढ़ाकर 250 कर दी है यानी कुल 20 नई सीटों की बढ़ोतरी हुई है। यह कॉलेज पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेमोरियल हेल्थ साइंसेज एंड आयुष यूनिवर्सिटी छत्तीसगढ़ से संबद्ध है।



1963 से अब तक सीटों का सफर

वर्ष 1963 में 60 MBBS सीटों के साथ स्थापित पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय ने समय-समय पर अपनी प्रवेश क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि की है। प्रारंभिक 60 सीटों से बढ़कर यह संख्या 100, वर्ष 2009 में 150, वर्ष 2019 में 180, वर्ष 2023 में 230 और अब NMC की नवीनतम स्वीकृति के बाद 250 सीटों तक पहुंच गई है।



यह यात्रा दर्शाती है कि पिछले 60 से अधिक वर्षों में JNM का विस्तार लगातार होता रहा है।



छात्रों को अपने राज्य में मिलेंगे अवसर

MBBS की सीटें बढ़ने से छत्तीसगढ़ के युवाओं को अपने ही राज्य में चिकित्सा की पढ़ाई करने का मौका मिलेगा।



अब तक कई छात्रों को मेडिकल सीट के लिए दूसरे राज्यों में जाना पड़ता था। 20 नई सीटें उन छात्रों के लिए नया मौका हैं जो CG में ही डॉक्टर बनना चाहते हैं।



स्वास्थ्य मंत्री ने किया स्वागत

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि सीटों की संख्या बढ़ने से प्रदेश के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के अधिक अवसर मिलेंगे और वे अपने ही राज्य में MBBS की पढ़ाई पूरी कर सकेंगे। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और प्रयासों का आभार भी जताया।



डॉक्टरों की संख्या बढ़ेगी

विशेषज्ञों का मानना है कि मेडिकल सीटों में बढ़ोतरी से आने वाले वर्षों में राज्य में डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ेगी। इससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में भी मदद मिलेगी।



जेएनएम मेडिकल कॉलेज (: PTJNMC Medical College Raipur) राज्य के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में शामिल है और यहां से हर वर्ष बड़ी संख्या में डॉक्टर निकलते हैं। नई सीटों के जुड़ने से चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल सकता है।



FAQ

  1. JNM मेडिकल कॉलेज रायपुर में अब कितनी MBBS सीटें हैं?
    NMC की मंजूरी के बाद शैक्षणिक सत्र 2026-27 से JNM मेडिकल कॉलेज रायपुर में MBBS की कुल सीटें 230 से बढ़कर 250 हो गई हैं।
  2. JNM मेडिकल कॉलेज रायपुर की स्थापना कब हुई थी?
    पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय की स्थापना वर्ष 1963 में 60 MBBS सीटों के साथ हुई थी।
  3. MBBS सीटों के लिए NMC की मान्यता क्यों जरूरी होती है?
    NMC (राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग) मेडिकल कॉलेजों में MBBS सीटों की संख्या, शिक्षकों, अस्पताल की सुविधाओं, बुनियादी ढांचे और प्रशिक्षण की गुणवत्ता का आकलन करता है। NMC की मंजूरी के बिना कोई मेडिकल कॉलेज नई MBBS सीटों पर प्रवेश नहीं दे सकता।


ये खबरें भी पढ़ें...

MBBS इंटर्नशिप के नए नियम लागू, अब सीटों से ज्यादा छात्रों को नहीं मिलेगी अनुमति



छत्तीसगढ़ मेडिकल शिक्षा में बड़ी राहत, 1530 MBBS सीटों को मिली मंजूरी



हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, खाली सीटों पर फिर होगी BSc नर्सिंग काउंसलिंग



5 मेडिकल कॉलेज रिजेक्ट, 250 एमबीबीएस सीटें गईं...जिम्मेदार कौन?



Tags:
  • रायपुर
  • MBBS
  • स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल
  • PTJNMC Medical College Raipur
  • एमबीबीएस सीट