IPL ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का पर्दाफाश, 2 करोड़ के माल के साथ 6 गिरफ्तार
News In Short
- आईपीएल ऑनलाइन सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़।
- 6 आरोपी गिरफ्तार, 2 करोड़ की संपत्ति जब्त।
- रायपुर, बेमेतरा से मास्टरमाइंड समेत गिरोह पकड़ाया।
- व्हाट्सएप ग्रुप और ऑनलाइन पैनलों के जरिए सट्टा कारोबार।
News In Details
महासमुंद जिले में आईपीएल के दौरान चल रहे ऑनलाइन सट्टेबाजी के एक बड़े नेटवर्क का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। करीब 1 करोड़ 15 लाख रूपए के लेनदेन का खुलासा हुआ है। साथ ही, आरोपियों के पास से दो लैपटॉप, एक टैबलेट, 22 मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 2 करोड़ रूपए से अधिक बताई गई है।
कैसे हुआ खुलासा?
महासमुंद पुलिस द्वारा जुआ और सट्टेबाजी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 8 अप्रैल 2026 को घोड़ारी स्थित बाबा फैमिली ढाबा के पास कुछ लोगों को व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए ऑनलाइन सट्टा खेलते हुए पकड़ा गया था। प्रारंभिक गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच और पूछताछ शुरू की, जिससे एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ।
ऑनलाइन पैनलों से चल रहा था नेटवर्क
जांच में सामने आया कि यह गिरोह आईपीएल मैचों पर सट्टा लगाने के लिए कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और पैनलों का इस्तेमाल कर रहा था, जिनमें UNCLEBAT9, UNCLE777, Grand777, PowerExch, WazirExch, Classic7777, GrandExch और God777 जैसे नाम शामिल हैं। ये सभी प्लेटफॉर्म सट्टेबाजी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे थे और इनके जरिए लाखों रूपए का लेनदेन किया जा रहा था।
मास्टरमाइंड और नेटवर्क का संचालन
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का मुख्य मास्टरमाइंड निशांत नागवानी था, जो पूरे नेटवर्क का संचालन करता था। वह अन्य लोगों को सट्टेबाजी के लिए आईडी उपलब्ध कराता था और पैसों के लेनदेन तथा हिसाब-किताब का जिम्मा संभालता था। गिरोह के सदस्य लगातार अपनी लोकेशन बदलते रहते थे ताकि पुलिस की नजर से बच सकें।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने आईपीएल सट्टेबाजीमामले (ipl betting) में जिन 6 लोगों को गिरफ्तार किया है, उनमें शामिल हैं:
- दुर्गेश डहरे उर्फ योगेश (भाठागांव, रायपुर)
- ललित चावला (महावीर नगर, रायपुर)
- अंशु बग्गा (बेमेतरा)
- सौरभ जैन (डीडी नगर, रायपुर)
- विजय वर्मा (नरदहा, रायपुर)
- निशांत नागवानी (देवपुरी, रायपुर)
सभी आरोपियों को 25 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया और उनके खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ अधिनियम तथा आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस की चेतावनी
महासमुंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में ऑनलाइन सट्टा (Online Betting Racket) और जुए के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही, इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस तरह की अवैध गतिविधियों से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
यह मामला एक बार फिर यह दर्शाता है कि आईपीएल जैसे बड़े आयोजनों के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क तेजी से फैलता है, जिसे रोकने के लिए पुलिस लगातार सतर्क और सक्रिय है।
ये खबरें भी पढ़ें...
IPL ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़; हिमाचल से 16 गिरफ्तार, नेपाल के आरोपी भी शामिल
रायपुर बन रहा सट्टेबाजी का हब; रडार पर VIP होटल, सट्टा खिलाते युवक का वीडियो वायरल
छत्तीसगढ़ में ऑनलाइन सट्टा पर सियासी घमासान, भूपेश ने साधा निशाना, भाजपा ने किया पलटवार
ऑनलाइन सट्टा मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की याचिकाएं ट्रांसफर