डेढ़ करोड़ का इनामी नक्सली मिसिर बेसरा गिरफ्तार, झारखंड से धराया मास्टरमाइंड

Harrison Masih | Jul 29, 2026, 14:07 IST
नक्सली मिसिर बेसरा गिरफ्तार
दो दशक से चुनौती बना डेढ़ करोड़ का इनामी नक्सली मिसिर बेसरा आखिरकार गिरफ्तार हो गया है। इस बड़े नक्सली नेता पर 55 जवानों की शहादत वाले IED ब्लास्ट समेत कई मामले दर्ज हैं।

समझें क्या है पूरा मामला

बस्तर में माओवादी नेटवर्क फैलाने वाला और झारखंड में 55 जवानों की शहादत से जुड़े IED ब्लास्ट का आरोपी नक्सली मिसिर बेसरा पकड़ा गया है। मंगलवार को झारखंड में सुरक्षाबलों ने घेराबंदी कर उसे और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया। मिसिर बेसरा पर करीब डेढ़ करोड़ रुपए से ज्यादा का इनाम घोषित था। वह नक्सलियों के पोलित ब्यूरो का सदस्य और ERB (Eastern Regional Bureau) इंचार्ज था।



मिसिर बेसरा उर्फ भास्कर उर्फ सुनिर्मल माओवादी संगठन के शीर्ष नेताओं में गिना जाता था। उसकी गिरफ्तारी को सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है।



सुरक्षा एजेंसियों को सूचना मिली थी कि वह अपने साथियों के साथ सारंडा के गिरिडीह और पारसनाथ की पहाड़ियों के रास्ते नए ठिकाने की तलाश में निकल रहा है। इसी सूचना के आधार पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया।



बस्तर से गहरा कनेक्शन

सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक मिसिर बेसरा छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में भी सक्रिय था। वह माओवादी संगठन के केंद्रीय नेतृत्व का हिस्सा होने के कारण दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी और पूर्वी क्षेत्रीय ब्यूरो के बीच समन्वय का काम करता था।



Naxalite Misir Besra


बस्तर में नक्सली गतिविधियों के विस्तार, कैडर प्रशिक्षण, हथियार आपूर्ति और रणनीतिक योजनाओं में उसकी भूमिका को लेकर सुरक्षा एजेंसियां लंबे समय से नजर रखे हुए थीं। संगठन के शीर्ष नेताओं के साथ उसकी नियमित बैठकों के जरिए बस्तर, अबूझमाड़, दक्षिण बस्तर और महाराष्ट्र सीमा से जुड़े नक्सल इलाकों में कई बड़ी रणनीतियां तैयार की गई थीं।



55 जवानों की शहादत का आरोपी

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक साल 2003-04 में पश्चिम सिंहभूम जिले के बिटकिलसोय और बलिबा क्षेत्र में हुए IED ब्लास्ट की साजिश रचने का आरोप भी मिसिर बेसरा पर है। इन हमलों में 55 सुरक्षाकर्मी शहीद हुए थे।



इसके अलावा साल 2009 में बिहार के लखीसराय कोर्ट परिसर में नक्सलियों के किए गए हमले के दौरान उसे पुलिस हिरासत से छुड़ा लिया गया था। तभी से वह लगातार फरार चल रहा था।



Naxalite Misir Besra


141 आपराधिक मामले दर्ज

पुलिस रिकॉर्ड में मिसिर बेसरा के खिलाफ 140 से ज्यादा मामले दर्ज होने का उल्लेख है। इनमें हत्या, हत्या की साजिश, पुलिस पर हमला, विस्फोटक अधिनियम, आर्म्स एक्ट, UAPA (Unlawful Activities Prevention Act), आपराधिक षड्यंत्र, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और माओवादी गतिविधियों से जुड़े कई मामले शामिल हैं।



ये मामले झारखंड के गोइलकेरा, टोंटो, छोटानागरा, जराईकेला, मनोहरपुर, सोनुवा सहित कई थाना क्षेत्रों में दर्ज हैं।



दो दशक से रहा प्रमुख रणनीतिकार

वह पिछले दो दशक से झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ के नक्सल नेटवर्क का प्रमुख रणनीतिकार माना जाता रहा है। मिसिर बेसरा झारखंड के गिरिडीह जिले के पीरटांड थाना क्षेत्र के मदनडीह गांव का रहने वाला है।



माओवादी संगठन के सैन्य और रणनीतिक अभियानों में उसकी अहम भूमिका रही है। उसके खिलाफ हत्या, IED विस्फोट, पुलिस बलों पर हमले और आर्म्स एक्ट समेत 100 से ज्यादा अलग मामले भी दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक सारंडा, कोल्हान, पारसनाथ और झारखंड-ओडिशा-पश्चिम बंगाल त्रि-सीमा क्षेत्र उसका प्रमुख कार्यक्षेत्र रहा है।



Naxalite Misir Besra


अब निशाने पर नक्सली गणपति

सूत्रों के मुताबिक अब सुरक्षा एजेंसियों का अगला लक्ष्य नक्सली गणपति है, जो फिलहाल नेपाल में छिपा हुआ बताया जा रहा है। उसने अब तक न गिरफ्तारी दी है और न ही सरेंडर किया है।



गणपति, बसवा राजू से पहले संगठन का महासचिव था। बसवा राजू नक्सलियों की सेंट्रल कमेटी का सदस्य था और 21 मई 2025 को एक एनकाउंटर में मारा गया था।



क्यों अहम है यह गिरफ्तारी

सुरक्षा एजेंसियों के लिए मिसिर बेसरा की गिरफ्तारी इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि वह माओवादी संगठन की शीर्ष निर्णय लेने वाली इकाई का सदस्य था।



उसे संगठन के संचालन, फंडिंग के साथ ही कई राज्यों में फैले नेटवर्क की विस्तृत जानकारी है। एजेंसियों को उम्मीद है कि उससे पूछताछ में बस्तर सहित अन्य राज्यों के नक्सल नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।



FAQ

  1. मिसिर बेसरा कौन है?
    मिसिर बेसरा उर्फ भास्कर उर्फ सुनिर्मल माओवादी संगठन का शीर्ष नेता रहा है। वह पोलित ब्यूरो सदस्य और ईस्टर्न रीजनल ब्यूरो (ERB) का प्रभारी था।
  2. मिसिर बेसरा को कैसे गिरफ्तार किया गया?
    सुरक्षा एजेंसियों को सूचना मिली थी कि वह नए ठिकाने की तलाश में सारंडा और पारसनाथ इलाके से गुजर रहा है। इसके बाद ऑपरेशन चलाकर उसे दो साथियों के साथ गिरफ्तार किया गया।

ये खबरें भी पढ़ें...

नक्सल ऑपरेशन में बड़ी सफलता: जिंदा IED के साथ 6 नक्सली गिरफ्तार, एक्टिव हुए जवान



कांकेर नक्सली बैनर कांड में बड़ा खुलासा, BJP नेता समेत दो गिरफ्तार



भारतीय सेना में शामिल होगी बस्तर रेजीमेंट, नक्सल के बाद राष्ट्रीय स्तर पर पहचान



Naxal News: 3 नक्सलियों के मारे जाने की खबर, दोनों ओर से फायरिंग जारी



Tags:
  • झारखंड
  • नक्सली गिरफ्तार
  • बस्तर
  • Naxal News
  • नक्सली मिसिर बेसरा