रायपुर लक्ष्य ज्वेलर्स में 90 लाख की चोरी, मुख्य आरोपी ने लगाई फांसी, मचा हड़कंप

Harrison Masih | May 13, 2026, 19:11 IST
pur-lakshya-jewellery-theft-accused-suicide
रायपुर के लक्ष्य ज्वेलर्स में 90 लाख की चोरी का सनसनीखेज खुलासा। मुख्य आरोपी ने आत्महत्या कर ली है। नाबालिग साथी गिरफ्तार। पढ़ें कैसे 300 CCTV फुटेज ने खोला राज।

Raipur. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पॉश इलाके शंकर नगर लक्ष्य ज्वेलर्स में हुई 90 लाख की बड़ी चोरी की गुत्थी पुलिस ने सुलझा तो ली, लेकिन इस मामले का अंत बेहद नाटकीय रहा। चोरी के मुख्य आरोपी ने पुलिस की गिरफ्तारी और बदनामी के डर से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। वहीं, पुलिस ने इस मामले में उसके एक नाबालिग साथी को गिरफ्तार कर 10 लाख के जेवर बरामद किए हैं।



शातिर तरीके से 20 मिनट में उड़ाए जेवर

शनिवार देर रात करीब 2:19 बजे दो नकाबपोश बदमाश बाइक से लक्ष्य ज्वेलर्स पहुंचे थे। आरोपियों ने पहले से ही दुकान की दो दिनों तक रेकी की थी। उन्होंने दुकान के पास एक अस्पताल के सामने बाइक खड़ी की और पैदल शोरूम तक पहुंचे। शातिर चोरों ने कटर से ताला काटा और शटर उठाकर अंदर दाखिल हुए।



चौंकाने वाली बात यह रही कि चोरों ने केवल सोने के गहनों को ही अपना निशाना बनाया। उन्होंने चांदी और आर्टिफिशियल ज्वेलरी को हाथ तक नहीं लगाया। करीब 20 मिनट के भीतर वारदात को अंजाम देकर वे बैग भरकर फरार हो गए। रविवार को दुकान बंद होने के कारण चोरी का पता नहीं चला, सोमवार सुबह जब दुकान खुली तब हड़कंप मचा।



स्निफर डॉग और 300 सीसीटीवी ने खोला राज

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। स्निफर डॉग दुकान से गंध सूंघते हुए करीब 1.5 किलोमीटर दूर गांधी नगर-काली नगर रोड तक गया और वहां जाकर रुक गया। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने अभनपुर, चंद्रखुरी और शंकर नगर के रूट पर 300 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी जांच और पुराने अपराधियों के रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस काली नगर में रहने वाले एक नाबालिग तक पहुंची।



गरियाबंद में मनाई पार्टी, फिर हुआ अंत

जांच में खुलासा हुआ कि चोरी के अगले दिन दोनों आरोपी गरियाबंद के पांडुका इलाके में गए थे, जहां उन्होंने चोरी की सफलता पर जमकर पार्टी की। सोमवार को जब चोरी की खबर पूरे शहर में फैली, तो दोनों अलग हो गए। मुख्य आरोपी अधिकांश जेवर लेकर उन्हें बेचने के बहाने गायब हो गया था।



परिजनों का आरोप

पुलिस जब मुख्य आरोपी को पकड़ने उसके घर पहुंची, तो दरवाजा बाहर से बंद था। अंदर जाने पर पुलिस को उसकी लाश फंदे पर लटकी मिली। आशंका जताई जा रही है कि साथी नाबालिग के पकड़े जाने की खबर मिलते ही वह डर गया और उसने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। आरोपी के माता-पिता नहीं हैं, वह अपनी बहनों के साथ रहता था। मृतक के परिजनों ने पुलिस की थ्योरी को नकारते हुए कहा है कि वह निर्दोष था और उसे फंसाया गया है।



पुलिस की चेतावनी को किया था नजरअंदाज

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि करीब 20 दिन पहले ही दुकान संचालक वंश मरपानी को सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने और सेंट्रल लॉक सिस्टम लगाने की सलाह दी गई थी। यदि सुरक्षा के इंतजाम कड़े होते, तो शायद इतनी बड़ी वारदात को टाला जा सकता था। पुलिस ने नाबालिग आरोपी को हिरासत में लेकर 10 लाख के जेवर जब्त कर लिए हैं। शेष जेवरों की बरामदगी और मामले की विस्तृत जांच जारी है।



ये खबरें भी पढ़ें...

रायपुर के लक्ष्य ज्वेलर्स में 1 करोड़ के गहने चोरी, वारदात से मचा हड़कंप



पुलिस थाने से 55 लाख कैश और 10 लाख के गहने चोरी, पुलिसवाले ने ही कर दिया बड़ा कांड



मानवता शर्मसार : महिला के शव से गहने चोरी कर लिए, 2 भाइयों की करतूत ने सिर शर्म से झुका दिया



मंगलसूत्र सीधा महिला चोर के पेट में, पुलिस ने एक्स-रे मशीन से पकड़े चोरी किए गहने



Tags:
  • Raipur
  • रायपुर
  • फांसी लगाकर आत्महत्या
  • गरियाबंद
  • गहने चोरी
  • लक्ष्य ज्वेलर्स