रायपुर में गर्लफ्रेंड की जिंदा जलाकर हत्या, पति से अलग रहकर बना रही थी संबंध
समझें क्या है पूरा मामला
राजधानी रायपुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। माना थाना क्षेत्र में रविवार रात एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरी महिला मदद के लिए चीखती रही। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और गंभीर रूप से झुलसी महिला को मेकाहारा अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गई।
पीड़िता करीब 60 प्रतिशत तक झुलस चुकी थी। रायपुर ग्रामीण एसपी श्वेता सिन्हा ने पीड़िता की मौत की पुष्टि की है। घटना के बाद से आरोपी फरार है। मामला माना थाना क्षेत्र का है।
पांच साल से था संबंध
पुलिस के मुताबिक राजकुमारी साहू की शादी करीब आठ साल पहले हुई थी। आरोप है कि शादी के करीब पांच साल बाद उसके और वीरू धीवर के बीच संबंध बने। इसी वजह से ससुराल पक्ष के साथ उसका विवाद होने लगा था और वह परिवार से अलग रहने लगी थी।
वर्ष 2021 में इसी विवाद के दौरान आरोपी ने राजकुमारी की सास पर फावड़े से हमला कर दिया था, जिसमें आरंग थाने में धारा 307 के तहत केस दर्ज हुआ था। इसके बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि घटना वाले दिन भी दोनों साथ थे।
शक के दायरे में प्रेमी
शादी होने के बावजूद राजकुमारी का वीरू धीवर से मिलना-जुलना जारी था, ऐसा पुलिस का कहना है। घटना से पहले भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस की प्राथमिक जांच में शक की सुई इसी परिचित प्रेमी की तरफ है, हालांकि वारदात की सटीक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
CISF जवान ने दी सूचना, पुलिस पहुंची मौके पर
रविवार रात एयरपोर्ट क्षेत्र से गुजर रहे CISF टॉवर के जवान ने आग की लपटों में घिरी महिला को देखा। उसने तुरंत माना थाने में सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और झुलसी हुई महिला को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा। इससे पहले महिला को सुनसान जगह ले जाकर पेट्रोल छिड़का गया, ऐसा आरोप है। आग लगाने के बाद आरोपी वहां से भाग निकला।
लपटों में घिरी महिला भागती रही
आग की लपटों में घिरी राजकुमारी बचने के लिए इधर-उधर भागती रही। आसपास के लोगों और सुरक्षाकर्मियों ने किसी तरह आग बुझाई और उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
गंभीर रूप से झुलसी होने के कारण डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चलता रहा, लेकिन सोमवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने दर्ज किया केस, तलाश जारी
पुलिस ने पीड़िता के बयान और अब तक सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी वीरू धीवर के खिलाफ हत्या के प्रयास से जुड़ी धाराओं में केस दर्ज किया था। पीड़िता की मौत के बाद अब मामले में और गंभीर धाराएं जोड़ी जा सकती हैं।
पुलिस टीमें आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है, ताकि यह पता चल सके कि घटना के समय मौके पर कौन-कौन मौजूद था और आरोपी घटना के बाद किस दिशा में गया।
एक हफ्ते में शहर में दस हत्याएं
पिछले डेढ़ महीने में राजधानी रायपुर में करीब दस हत्याओं के मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से कुछ मामले विवाहेत्तर संबंध और लिव-इन विवाद से जुड़े बताए जा रहे हैं।
विशेषज्ञों के मुताबिक इस तरह के मामलों के पीछे बदलते सामाजिक ताने-बाने और अनियंत्रित भावनात्मक मानसिकता एक बड़ी वजह मानी जा रही है।
ये खबरें भी पढ़ें...
रायपुर में प्रेमिका को जिंदा जलाने की कोशिश, चीख सुनकर दौड़े लोग
Raipur Murder Case: रायपुर में शाकिब की जिंदा जलाकर हत्या,परिजन बोले- दोस्त शराब पार्टी में ले गए थे
बियर-बार में गर्लफ्रेंड की हत्या; शराब की बोतल से फोड़ा सिर, फिर गले लगाकर रोया प्रेमी
प्रेम संबंध टूटना...सुसाइड के लिए उकसाना नहीं, छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने सुनाया अहम फैसला