ट्रेन में TTE की हर हरकत होगी रिकॉर्ड : रायपुर में शुरू हुई बॉडी कैमरा व्यवस्था

Umeshwari Baghel | Aug 06, 2026, 15:34 IST
रायपुर में TTE पहनेंगे बॉडी कैमरे
रायपुर रेल मंडल ने टिकट जांच में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए 38 TTE को बॉडी वार्न कैमरे दिए हैं। कैमरे में टिकट चेकिंग, यात्रियों से बातचीत और विवाद की रिकॉर्डिंग होगी। जल्द ही 280 अन्य कर्मचारियों को भी यह सुविधा दी जाएगी।

समझें क्या है पूरा मामला

  • TTE की हर जांच होगी रिकॉर्ड
  • अब TTE पहनेंगे बॉडी कैमरा
  • ट्रेन में टिकट जांच पर नजर
  • रायपुर रेलवे की नई पहल
  • विवाद रोकने को TTE को कैमरे

Raipur। ट्रेन में टिकट जांच को लेकर होने वाले विवादों और शिकायतों को कम करने के लिए रेलवे ने नई व्यवस्था शुरू की है। अब रायपुर रेल मंडल के TTE (ट्रैवलिंग टिकट एग्जामिनर) बॉडी वार्न कैमरे के साथ ड्यूटी करेंगे। इन कैमरों में टिकट चेकिंग से लेकर यात्रियों से बातचीत तक की पूरी गतिविधि रिकॉर्ड होगी।



रेलवे ने इस व्यवस्था को फिलहाल पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया है। शुरुआत में रायपुर मंडल के 38 TTE को कैमरे दिए गए हैं। रेलवे का उद्देश्य टिकट जांच प्रक्रिया को ज्यादा पारदर्शी बनाना और यात्रियों व कर्मचारियों दोनों की सुरक्षा बढ़ाना है।



रायपुर और दुर्ग के TTE को मिले कैमरे

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक पहले चरण में रायपुर मंडल को 45 बॉडी वार्न कैमरे मिले हैं। इनमें से 38 कैमरे TTE को सौंपे जा चुके हैं। इनमें रायपुर स्टेशन के 12 और दुर्ग स्टेशन के 26 TTE शामिल हैं। फिलहाल ये कैमरे उन कर्मचारियों को दिए गए हैं जो ट्रेनों में टिकट जांच और यात्रियों से सीधे संपर्क वाले काम करते हैं।



कैमरे में रिकॉर्ड होगी पूरी बातचीत

नई व्यवस्था के तहत TTE को ड्यूटी शुरू करते समय कैमरा ऑन करना होगा। टिकट जांच के दौरान यात्री और TTE के बीच होने वाली बातचीत, किसी तरह का विवाद या शिकायत जैसी स्थिति कैमरे में रिकॉर्ड होगी।



अगर किसी यात्री की ओर से दुर्व्यवहार, अवैध वसूली या गलत कार्रवाई की शिकायत आती है तो रिकॉर्डिंग के आधार पर मामले की जांच की जा सकेगी। वहीं, बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों के मामलों में भी वीडियो रिकॉर्डिंग रेलवे के लिए सबूत का काम करेगी।



20 घंटे बैटरी और नाइट विजन से लैस हैं कैमरे

रेलवे द्वारा दिए गए बॉडी कैमरे आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं। इनमें करीब 20 घंटे तक चलने वाली बैटरी, HD वीडियो रिकॉर्डिंग और ऑडियो रिकॉर्डिंग की सुविधा है। इसके अलावा रात में रिकॉर्डिंग के लिए नाइट विजन फीचर भी दिया गया है। कैमरे से रिकॉर्ड किया गया डेटा रेलवे के सर्वर पर सुरक्षित रखा जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर उसे जांच के लिए इस्तेमाल किया जा सके।



280 कर्मचारियों तक बढ़ेगा दायरा

रेलवे की योजना आने वाले समय में इस सुविधा को और बढ़ाने की है। रायपुर रेल मंडल के करीब 280 कर्मचारियों को बॉडी वार्न कैमरे देने की तैयारी है। इसमें पार्सल क्लर्क, कॉमर्शियल स्टाफ, टिकट जांच कर्मचारी और अन्य पब्लिक डीलिंग स्टाफ शामिल होंगे। पायलट प्रोजेक्ट सफल रहने के बाद ज्यादा कर्मचारियों को इससे जोड़ा जाएगा।



यात्रियों और कर्मचारियों दोनों को मिलेगा फायदा

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि बॉडी कैमरा व्यवस्था किसी पर नजर रखने के लिए नहीं, बल्कि काम में पारदर्शिता लाने के लिए शुरू की गई है। यात्रियों को इससे फायदा मिलेगा क्योंकि शिकायत की स्थिति में वास्तविक घटना की जानकारी सामने आ सकेगी। वहीं कर्मचारियों को भी ड्यूटी के दौरान किसी विवाद की स्थिति में रिकॉर्डिंग के रूप में सुरक्षा मिलेगी।



सीनियर डीसीएम डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव ने बताया कि अभी 38 TTE को कैमरे उपलब्ध कराए गए हैं। आने वाले समय में सभी पब्लिक डीलिंग स्टाफ को इस व्यवस्था से जोड़ा जाएगा। रेलवे को उम्मीद है कि इस पहल से टिकट जांच के दौरान होने वाली बहस और विवाद कम होंगे और यात्रियों का भरोसा बढ़ेगा।



यह खबरें भी पढ़े...

छत्तीसगढ़ से चलने वाली 10 ट्रेनें रद्द, रायपुर मंडल में ऑटोमेटिक सिग्नलिंग का काम, देखें ट्रेनों की लिस्ट



रायपुर रेल मंडल में रेल्वे का ब्लॉक, 16 से 20 जुलाई तक 9 ट्रेनें कैंसिल, यहां देखें लिस्ट



रेलवे का नया नियम : टिकट के साथ ही ऑनलाइन बुक होगा एक्स्ट्रा लगेज



सरकारी स्कूलों में AI चेक करेगा आंसरशीट: पायलट प्रोजेक्ट की शुरुआत में 4 दिन में जांची 3 लाख कॉपियां



Tags:
  • रायपुर
  • पायलट प्रोजेक्ट
  • कैमरा
  • रेलवे
  • रायपुर रेल मंडल