रामगोपाल की गिरफ्तारी के बाद चर्चा में एक पोस्ट, कोड वर्ड में 10 जनपथ

Arun Tiwari | Jul 08, 2026, 21:51 IST
रामगोपाल अग्रवाल गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के कोल, शराब और कस्टम मिलिंग घोटाले में कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के बाद सियासत तेज हो गई है। सोशल मीडिया पोस्ट में 10 जनपथ और ATM-बैंकर जैसे कोड वर्ड ने नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

Raipur : छत्तीसगढ़ के शराब,कोल और कस्टम मिलिंग घोटाले के आरोपी रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के बाद राजनीति का पारा चढ़ गया है। रामगोपाल अग्रवाल कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष हैं। जांच एजेंसी की चार्जशीट में यह लिखा है कि इन घोटालों का पैसा कांग्रेस भवन पहुंचता था। रामगोपाल का आदमी उन तक यह अवैध राशि पहुंचाता था। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट ने मामला और गंभीर बना दिया है।



एक्स पर आई पोस्ट

इस गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर आई एक पोस्ट ने सियासत गरमा दी है। यह पोस्ट एडवोकेट नरेश चंद्र गुप्ता ने की है। नरेश चंद्र गुप्ता विसिल ब्लोवर बनकर यह मामला उठाते रहे हैं। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि अब 10 जनपथ का चिट्ठा खुलनेवाला है। ATM संकट में और पूर्णतः फेल। बैंक/ बैंकर सब कुछ उगलेगा । एजेंसी को बधाई।



इस पोस्ट ने इस मामले को है प्रोफाइल बना दिया है। अब लोग इन कोड वर्ड का मतलब निकालने में लग गए हैं। इस पोस्ट में 10 जनपथ क्यों लिखा है। एटीएम कौन है और कौन बैंकर है। इनका मतलब अपने अपने तरीके से निकल जा रहा है। वे कहते हैं कि यह सब जांच एजेंसी का काम है। यह अवैध पैसा कहां पहुंचता था इसका भी पता लगना चाहिए।



कोल घोटाले में हुई गिरफ्तारी

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच में कोल परिवहन और वसूली से जुड़े नेटवर्क की जांच लंबे समय से चल रही है। इसी सिलसिले में एजेंसी ने राम गोपाल अग्रवाल को गिरफ्तार किया। जांच एजेंसी का दावा है कि कोयला परिवहन से जुड़े अवैध लेवी नेटवर्क के संचालन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। हालांकि, अग्रवाल की ओर से इन आरोपों को पहले भी नकारा जाता रहा है और मामले को कानूनी प्रक्रिया के तहत चुनौती दी जाती रही है।



गिरफ्तारी के बाद आई एक पोस्ट में दावा किया कि मामले की जांच अब केवल छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं रह सकती। पोस्ट में ऐसे संकेत दिए गए, जिनसे यह चर्चा शुरू हो गई कि जांच की आंच राष्ट्रीय राजनीति के शीर्ष स्तर तक पहुंच सकती है। पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर यह तेजी से वायरल हो गया और राजनीतिक हलकों में इसकी व्यापक चर्चा होने लगी।



क्या कहते हैं एक्सपर्ट

राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि सोशल मीडिया पर सामने आने वाले दावों और वास्तविक जांच प्रक्रिया के बीच अंतर करना जरूरी है। जांच एजेंसियों की आधिकारिक कार्रवाई और न्यायालय में प्रस्तुत साक्ष्य ही किसी भी मामले की दिशा तय करते हैं।



कोल लेवी घोटाला पिछले कुछ वर्षों से छत्तीसगढ़ की सबसे चर्चित जांचों में शामिल रहा है। इस मामले में कई कारोबारी, प्रशासनिक अधिकारी और अन्य लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। ईडी का आरोप है कि कोयला परिवहन से जुड़े एक संगठित नेटवर्क के माध्यम से अवैध वसूली की गई, जिससे सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचा। वहीं, आरोपित पक्ष लगातार इन दावों का विरोध करते हुए उन्हें राजनीतिक प्रेरित कार्रवाई बताते रहे हैं।



अदालत पर नज़रें

राम गोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के बाद अब सभी की निगाहें अदालत की आगामी सुनवाई और जांच एजेंसियों की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। यदि जांच में नए तथ्य सामने आते हैं तो मामले में और लोगों से पूछताछ या नई गिरफ्तारियों की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। दूसरी ओर, विपक्ष और सत्तापक्ष दोनों इस घटनाक्रम पर अपनी-अपनी राजनीतिक प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। फिलहाल, यह स्पष्ट है कि कोल लेवी घोटले की जांच एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है।



IMP FACTS

रामगोपाल अग्रवाल छत्तीसगढ़ कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रह चुके हैं।



ईडी ने कोल लेवी घोटाले की जांच के सिलसिले में उन्हें गिरफ्तार किया है।



जांच एजेंसी का आरोप है कि कोयला परिवहन से जुड़े अवैध वसूली नेटवर्क में उनकी भूमिका थी।



सोशल मीडिया पोस्ट में 10 जनपथ और ATM-बैंकर जैसे शब्दों ने राजनीतिक चर्चा बढ़ा दी है।



कोल लेवी मामले में कई कारोबारी, अधिकारी और अन्य लोगों से पहले भी पूछताछ हो चुकी है।



मामले की आगे की दिशा अदालत में पेश सबूत और जांच एजेंसियों की कार्रवाई से तय होगी।



FAQ

  1. रामगोपाल अग्रवाल कौन हैं?
    रामगोपाल अग्रवाल छत्तीसगढ़ कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष हैं। कोल लेवी घोटाले की जांच के सिलसिले में ईडी ने उन्हें गिरफ्तार किया है।
  2. 10 जनपथ कनेक्शन चर्चा में क्यों आया?
    रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में "10 जनपथ" शब्द का इस्तेमाल किया गया, जिसके बाद इसके राजनीतिक मायने निकाले जाने लगे। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
  3. कोल लेवी घोटाला क्या है?
    कोल लेवी घोटाला छत्तीसगढ़ में कोयला परिवहन से जुड़ी कथित अवैध वसूली के आरोपों से जुड़ा मामला है। ईडी इस मामले में नेटवर्क और उससे जुड़े लोगों की जांच कर रही है।

यह खबरें भी पढ़े...

EOW की हिरासत में रामगोपाल अग्रवाल, अब खुलेंगे शराब-कोल और कस्टम मिलिंग के राज?



45 की उम्र में फिटनेस का नया अध्याय, सोशल मीडिया पर छाए आईएएस अवनीश शरण



ईडी की बड़ी कार्रवाई: तीन सरकारी अफसरों की 24.14 करोड़ की संपत्ति अटैच



EOW की हिरासत में रामगोपाल अग्रवाल, अब खुलेंगे शराब-कोल और कस्टम मिलिंग के राज?



Tags:
  • ईडी
  • सोशल मीडिया
  • कस्टम मिलिंग घोटाले
  • रामगोपाल अग्रवाल