पीएम मोदी आज करेंगे बालोद और सरोना स्टेशन का लोकार्पण
छत्तीसगढ़ को शुक्रवार को रेलवे की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण करेंगे। इस सूची में रायपुर रेल मंडल के बालोद और सरोना रेलवे स्टेशन भी शामिल हैं। दोनों स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर नया स्वरूप दिया गया है। रायपुर का सरोना रेलवे स्टेशन दूसरे राज्य के लोगों के लिए इसलिए भी जरुरी है कि इससे पास में रायपुर एम्स है। यहां इलाज करवाने पहुंचने वालों के लिए बेहद उपयोगी होगा।
पीएम करेंगे राष्ट्र को समर्पित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर 2 बजे आयोजित कार्यक्रम में इन स्टेशनों का राष्ट्र को समर्पित करेंगे। कार्यक्रम वर्चुअल माध्यम से होगा। सरोना और बालोद स्टेशन पर भी विशेष आयोजन किए जाएंगे। यहां रेलवे अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक कार्यक्रम में शामिल होंगे।
यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत दोनों स्टेशनों का व्यापक विकास किया गया है। स्टेशन भवनों को नया स्वरूप दिया गया है। यात्रियों के लिए बेहतर प्रतीक्षालय, आधुनिक प्रवेश द्वार, साफ-सुथरा परिसर और सुविधाजनक यात्री व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं। उद्देश्य यात्रियों को बेहतर और आरामदायक यात्रा अनुभव देना है।
स्थानीय पहचान को भी मिली जगह
रेलवे ने स्टेशनों के विकास में स्थानीय संस्कृति और क्षेत्रीय पहचान का भी ध्यान रखा है। कोशिश यह रही कि स्टेशन केवल ट्रेन पकड़ने की जगह न रहें, बल्कि शहर की नई पहचान भी बनें। इससे यात्रियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
रेल मंडल ने की पूरी तैयारी
रायपुर रेल मंडल ने दोनों स्टेशनों पर लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। मीडिया प्रतिनिधियों को भी कार्यक्रम के कवरेज के लिए आमंत्रित किया गया है।
विकास को मिलेगी नई रफ्तार
रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इन स्टेशनों के आधुनिक बनने से यात्रियों की सुविधाएं बढ़ेंगी। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में व्यापार, आवागमन और विकास गतिविधियों को भी गति मिलेगी। आने वाले समय में इन स्टेशनों की भूमिका क्षेत्रीय विकास के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में देखी जा रही है।
आज दोपहर 2 बजे होगा आयोजन
शुक्रवार दोपहर 2 बजे सरोना और बालोद रेलवे स्टेशन पर लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित होगा। प्रधानमंत्री के संबोधन के साथ दोनों स्टेशन आधिकारिक रूप से जनता को समर्पित कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ के रेल नेटवर्क में दो आधुनिक स्टेशन और जुड़ जाएंगे।
ये खबरें भी पढ़ें...
छत्तीसगढ़ में 8 ट्रेनें रद्द: 18-19 जुलाई को यात्री होंगे परेशान
छत्तीसगढ़ रेलवे स्टेशनों में एयरपोर्ट स्टाइल ब्रांडेड शॉप्स,यात्रियों को मिलेगा प्रीमियम अनुभव
पीएम मोदी ने छत्तीसगढ़ के 5 रेलवे स्टेशनों सहित 103 स्टेशनों का किया उद्घाटन
आज एमपी को बड़ा रेलवे का तोहफा, एमपी के 13 रेलवे स्टेशनों का होगा रीडेवलपमेंट