शिक्षक दिवस: डोलती नांव में उफनती नदी को पार कर बच्चों का भविष्य संवारने निकलते हैं गुरुजी

VINAY VERMA | Sept 05, 2026, 14:21 IST
Share
अबूझमाड़ में शिक्षकों का संघर्ष
अबूझमाड़ में शिक्षकों का संघर्ष

छत्तीसगढ़ के कांकेर, सुकमा और अबूझमाड़ में शिक्षक नदी, डोंगी और जंगल-पहाड़ों के कठिन रास्ते पार कर स्कूल पहुंचते हैं। गुरुजन मुश्किल परिस्थितियों में भी बच्चों की पढ़ाई जारी रखकर शिक्षा के प्रति समर्पण की मिसाल पेश कर रहे हैं।

शिक्षक दिवस पर जब हम गुरुजनों को सम्मान देते हैं, तब छत्तीसगढ़ के जंगल और नदी-पहाड़ों के बीच कुछ शिक्षक ऐसे भी हैं, जिनका हर दिन किसी परीक्षा से कम नहीं होता। स्कूल पहुंचने के लिए कहीं उफनती नदी पार करनी पड़ती है, कहीं डोंगी का सहारा लेना पड़ता है और कहीं 17 किलोमीटर जंगल-पहाड़ों के बीच पैदल चलना पड़ता है। खतरा रोज सामने होता है, लेकिन इन शिक्षकों के कदम नहीं रुकते। क्योंकि उनके लिए स्कूल सिर्फ एक इमारत नहीं, बल्कि बच्चों के बेहतर भविष्य की उम्मीद है।

1998 से नाव ही रास्ता

कांकेर के कोयलीबेड़ा के दुर्गम बारकोट प्राथमिक शाला के शिक्षक हरिश्चंद्र वैद्य की कहानी इसी हौसले की मिसाल है। साल 1998 से वे नाव के सहारे नदी पार कर स्कूल पहुंच रहे हैं। बरसात में कोटरी नदी का जलस्तर बढ़ जाता है। बारकोट संगम घाट पर पानी का बहाव तेज हो जाता है। ऐसे में नाव ही स्कूल पहुंचने का रास्ता बनती है।

हर दिन नदी पार करना आसान नहीं है। पानी का मिजाज कब बदल जाए, कोई भरोसा नहीं। लेकिन बच्चों की पढ़ाई रुक जाए, यह उन्हें मंजूर नहीं।

हादसा हुआ, हिम्मत नहीं टूटी

हरिश्चंद्र कहते हैं कि डर तो लगता है, लेकिन बच्चों का भविष्य संवारने का जुनून उससे बड़ा है। एक बार नाव पलटने का हादसा भी हो चुका है। कई बार नाव डूबने जैसी स्थिति बनी। इसके बावजूद उन्होंने स्कूल जाना नहीं छोड़ा।

उनके लिए यह सिर्फ नौकरी नहीं है। यह उन बच्चों के प्रति जिम्मेदारी है, जो उनके आने का इंतजार करते हैं।

सुकमा में डोंगी बनी स्कूल बस

सुकमा के नाड़ीगुफा गांव में भी शिक्षकों की राह आसान नहीं है। यहां शबरी नदी का तेज बहाव और जलकुंभी रास्ता रोकती है। शिक्षक छोटी डोंगी के सहारे स्कूल पहुंचते हैं। कई बार नाव झाड़ियों में फंसकर पलटी और शिक्षकों को तैरकर अपनी जान बचानी पड़ी।

लेकिन अगले दिन फिर वही सफर शुरू होता है। करीब दो दशक बाद गांव में स्कूल खुला तो शिक्षकों ने तय किया कि नदी बच्चों की पढ़ाई के बीच दीवार नहीं बनेगी।

17 किलोमीटर जंगल में उम्मीद

अबूझमाड़ के पीडियाकोट आश्रम शाला के शिक्षक मानू कोर्राम साल 2009 से बच्चों को पढ़ाने के लिए इसी कठिन रास्ते से गुजर रहे हैं। पहले इंद्रावती नदी नाव से पार करते हैं। इसके बाद जंगल और पहाड़ियों के बीच करीब 17 किलोमीटर पैदल सफर तय करते हैं।

बारिश में नदी का पानी बढ़ जाए तो कई बार रास्ते में ही रात गुजारनी पड़ती है। जर्जर भवन और सीमित संसाधनों के बावजूद मानू पीछे नहीं हटते।

जहां डर था, वहां शिक्षा की रोशनी

अबूझमाड़ का यह इलाका कभी नक्सलवाद के साये के लिए जाना जाता था। आज यही शिक्षक बच्चों के हाथ में किताब देकर उनकी दुनिया बदलने की कोशिश कर रहे हैं। उनके लिए सबसे बड़ी जीत यही है कि गांव का बच्चा पढ़े, आगे बढ़े और अपने सपनों तक पहुंचे।

इन गुरुजनों को सलाम

कांकेर, सुकमा और अबूझमाड़ के ये शिक्षक हमें याद दिलाते हैं कि शिक्षक होना सिर्फ पढ़ाना नहीं है। यह जिम्मेदारी निभाना भी है। इनके पास न आसान सड़क है, न हर सुविधा। लेकिन हौसला है।

नदी की लहरें रास्ता रोक सकती हैं। जंगल थका सकता है। पहाड़ कदम रोक सकता है। लेकिन बच्चों के भविष्य की चिंता इन गुरुजनों को हर सुबह फिर रास्ते पर ले आती है।

ये खबरें भी पढ़ें...

चॉक से बच्चों का भविष्य लिखने वाले शिक्षकों को सम्मान, चार को स्मृति पुरस्कार

स्कूल के मास्साब को रास छत्तीसगढ़ की सियासत, कोई सीएम तो कोई बना पार्टी का मुखिया

इंदौर और दिल्ली दौरे पर रहेंगे सीएम मोहन यादव, शिक्षक दिवस पर शिक्षकों को करेंगे सम्मानित

शिक्षक दिवस विशेष : साधारण को असाधारण बनाने वाले शिल्पकार होते हैं सच्चे शिक्षक

Tags:
  • छत्तीसगढ़
  • शिक्षक दिवस
  • कांकेर
  • उफनती नदी
  • अबूझमाड़
मंत्रालय में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, जीएडी ने हटाई अफसरों की कुर्सी, कुछ बदले तो पुराने आदेश में भी हुआ संशोधन

By VINAY VERMA

मंत्रालय में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, जीएडी ने हटाई अफसरों की कुर्सी, कुछ बदले तो पुराने आदेश में भी हुआ संशोधन
सनातन हिंदू एकता रथयात्रा के दूसरे दिन शास्त्री का राष्ट्रवाद पर जोर, श्रद्धालुओं को सात वचनों की शपथ, बुलडोजर से बरसे फूल

By Anshika Singh Chauhan

सनातन हिंदू एकता रथयात्रा के दूसरे दिन शास्त्री का राष्ट्रवाद पर जोर, श्रद्धालुओं को सात वचनों की शपथ, बुलडोजर से बरसे फूल
रामगढ़ के बाद नंदराज पर संकट की कहानी,दोनों में सूत्रधार अडानी,आदिवासियों के चेहरे पर गुस्सा आंखों में पानी

By Arun Tiwari

रामगढ़ के बाद नंदराज पर संकट की कहानी,दोनों में सूत्रधार अडानी,आदिवासियों के चेहरे पर गुस्सा आंखों में पानी
राजस्थान में 1.85 करोड़ युवा वोटर्स पर कांग्रेस की नजर, पंचायत चुनाव में 50% टिकट यूथ को देने का लक्ष्य

By Saurabh Mishra

राजस्थान में 1.85 करोड़ युवा वोटर्स पर कांग्रेस की नजर, पंचायत चुनाव में 50% टिकट यूथ को देने का लक्ष्य
AIIMS Bhopal Vacancy 2026: भोपाल में डॉक्टरों के लिए नौकरी का मौका, 17 अक्टूबर तक भरें फॉर्म

By Arohi Raj

AIIMS Bhopal Vacancy 2026: भोपाल में डॉक्टरों के लिए नौकरी का मौका, 17 अक्टूबर तक भरें फॉर्म
छत्तीसगढ़ शिक्षक भर्ती में बड़ा बदलाव, हाईकोर्ट के आदेश पर दिव्यांग अभ्यर्थियों को मिला मौका, आवेदन की तारीख अलग से होगी घोषित

By VINAY VERMA

छत्तीसगढ़ शिक्षक भर्ती में बड़ा बदलाव, हाईकोर्ट के आदेश पर दिव्यांग अभ्यर्थियों को मिला मौका, आवेदन की तारीख अलग से होगी घोषित
45 मिनट तक रनवे पर खड़ी रही एयर इंडिया की फ्लाइट, बोर्डिंग पूरी होने के बाद भी इंतजार करते रहे यात्री

By Aman Vaishnav

45 मिनट तक रनवे पर खड़ी रही एयर इंडिया की फ्लाइट, बोर्डिंग पूरी होने के बाद भी इंतजार करते रहे यात्री