सड़क मार्ग से आलीराजपुर पहुंचे सीएम मोहन यादव, 356 करोड़ की दी सौगात

Sandeep Kumar | Jul 23, 2026, 22:00 IST
आलीराजपुर को 356.89 करोड़ की सौगात
सीएम मोहन यादव ने अलीराजपुर को 356.89 करोड़ रुपए के 271 विकास कार्यों की सौगात दी। खराब मौसम में भी वे सड़क मार्ग से आलीराजपुर पहुंचे और किसानों को सम्मानित किया है।

समझें क्या है पूरा मामला

  • आलीराजपुर को 356.89 करोड़ के 271 विकास कार्य मिले।
  • मुख्यमंत्री ने 303.34 करोड़ के कार्यों का भूमि-पूजन किया।
  • सीएम ने 53.55 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण किया।
  • महिला समूहों को 2.10 करोड़ रुपए का ऋण मिला।
  • भाभरा में चंद्रशेखर आजाद को समर्पित विशाल पार्क बनेगा।

271 विकासकार्यों की सौगात

मध्यप्रदेश के आलीराजपुर को विकास की बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 271 विकासकार्यों की सौगात दी। इनकी कुल लागत 356.89 करोड़ रुपए बताई गई। कार्यक्रम बलराम कृषि महोत्सव के दौरान आयोजित हुआ। इस दौरान सीएम ने चंद्रशेखर आजाद नगर भाबरा में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को संबोधित किया। यह कार्यक्रम अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की 120वीं जयंती पर हुआ।



भाबरा की धरती से मिला महानायक

सीएम यादव ने कहा कि भाबरा की पावन धरती ने देश को चंद्रशेखर आजाद जैसा महानायक दिया। उन्होंने बताया कि आजाद ने जीवनभर अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष किया। उन्होंने छितू किराड़, खाज्या नायक और टांट्या मामा जैसे वीर सपूतों के साहस को भी याद किया। सीएम ने इसी सभा में रानी काजल माता लोक बनाने की घोषणा की।



रानी काजल माता मंदिर की खास पहचान

रानी काजल माता मंदिर आलीराजपुर जिले की सोंडवा तहसील में मथवाड़ गांव के पास एक ऊंची पहाड़ी पर स्थित है। यह मंदिर भील, भिलाला सहित कई आदिवासी समुदायों की कुलदेवी का प्रमुख केंद्र माना जाता है। हर साल यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं।



हेलीकॉप्टर नहीं, सड़क मार्ग से पहुंचे सीएम

इंदौर में सीएम ने कहा था कि मौसम चाहे जैसा भी हो, वे आलीराजपुर जरूर जाएंगे। उन्होंने आदिवासी भाई-बहनों से मिलने और चंद्रशेखर आजाद को श्रद्धांजलि देने की बात कही थी।



दरअसल हेलीकॉप्टर के पायलट ने खराब मौसम का हवाला देकर उड़ान भरने से मना कर दिया था। इसके बाद सीएम ने करीब तीन घंटे का सफर तय कर सड़क मार्ग से आलीराजपुर पहुंचने का फैसला किया।



आदिवासी बेटियों के लिए बड़ा ऐलान

सीएम यादव ने बताया कि जिले के चारों कन्या शिक्षा परिसरों में 200-200 अतिरिक्त सीटें बढ़ाई जाएंगी। इससे कुल 800 नई सीटें बनेंगी। उनका कहना है कि इससे आदिवासी बालिकाओं को बेहतर शिक्षा के और मौके मिलेंगे।



सिंचाई परियोजनाओं पर बड़ा जोर

सीएम ने बताया कि डही उद्वहन सिंचाई योजना के तहत नर्मदा पाइपलाइन परियोजना करीब 11 हजार करोड़ रुपए की लागत से बन रही है। इसे इसी दिवाली तक शुरू किया जाएगा।



इसके अलावा सोंडवा माइक्रो उद्वहन सिंचाई योजना से 55 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिलेगी। इस योजना का आधा काम पूरा हो चुका है। पशुपालन बढ़ाने के लिए 25 गायों की डेयरी इकाई लगाने पर 10 लाख रुपए तक अनुदान देने की बात भी दोहराई गई।



विकास कार्यों की जानकारी दी

सीएम मोहन यादव ने बताया कि पीएम आवास योजना के तहत जिले में 90,124 पक्के मकान स्वीकृत हुए हैं। साथ ही 5 लाख 70 हजार 179 लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है।



22 करोड़ रुपए की लागत से बने सांदीपनि विद्यालय का भी लोकार्पण किया गया। भाबरा विकासखंड में 120 करोड़ रुपए की लागत से बनी 64 सड़कों की सौगात भी दी गई। उन्होंने यह भी बताया कि 85 प्रतिशत से ज्यादा अंक लाने वाले छात्रों की मेडिकल कॉलेज फीस अब राज्य सरकार वहन करेगी।



किसानों और इन्फ्लूएंसर्स का सम्मान

कार्यक्रम में कृषि क्षेत्र में अच्छा काम करने वाले किसानों और बोर्ड परीक्षा के मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। सामाजिक जागरूकता फैलाने वाले सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर्स साक्षी भयडिया, प्रियंका तोमर, राजेंद्र वसुनिया, रीतेश राठौड़ और भरत सस्तिया को भी सम्मान मिला।



इस मौके पर मत्स्य विभाग की सीप कल्टीवेशन प्रदर्शनी और मोटे अनाज से बने पारंपरिक व्यंजनों की प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही।



कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

इस कार्यक्रम में अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान, सांसद अनीता चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष हजरी बाई खरत, कलेक्टर नीतू माथुर और पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदौरिया मौजूद रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में किसान और स्थानीय नागरिक भी शामिल हुए।



ये भी पढ़ें....

MP Top News : मध्य प्रदेश की बड़ी खबरें, सोनम रघुवंशी की जमानत रद्द



अतिथि शिक्षकों पर सरकार सख्त, 27 जुलाई तक लौटो, नहीं तो खत्म होगी व्यवस्था



बिजली कंपनी का दोहरा रवैया, सरकार पर 2123 करोड़ के बिल बकाया, आम आदमी की कट रही लाइट



मध्य प्रदेश का पहला डबल डेकर ब्रिज इंदौर में शुरू, 175 करोड़ की लागत, सीएम ने किया लोकार्पण



Tags:
  • सीएम मोहन यादव
  • मुख्यमंत्री मोहन यादव
  • मध्य प्रदेश
  • पीएम आवास योजना
  • आलीराजपुर
  • मंत्री नागर सिंह चौहान