बदला ठगी का ट्रेंड: खुद को IAS बताकर महिला ने रचाई शादी, फिर जो हुआ...
फर्जी पहचान बनाकर शादी करने का ट्रेंड अब तक पुरुषों में ज्यादा देखने को मिला है। अब महिलाएं भी इस सूची में अपना नाम दर्ज करा रही हैं।
वे खुद को सीधे आईएएस अधिकारी बताकर ठगी कर रही हैं। यूपी के बरेली में ऐसा ही एक मामला सामने आया है। जहां एक महिला ने खुद को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी बताकर शादी की और फिर ठगी की।
फेसबुक से हुई दोस्ती, फिर शादी
बरेली के फरीदपुर थाना क्षेत्र के गांव पचौमी निवासी अभिषेक की पहचान सोशल मीडिया पर बदायूं की साधना से हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य बातचीत हुई, जो धीरे-धीरे दोस्ती में बदल गई।
पुलिस के मुताबिक यह दोस्ती आगे चलकर प्यार में बदल गई। दोनों परिवारों के बीच बातचीत के बाद दोनों ने शादी करने का फैसला किया।
खुद को बताती थी IAS अधिकारी
अभिषेक का आरोप है कि बातचीत के दौरान साधना खुद को IAS (Indian Administrative Service) अधिकारी बताती थी। उसने दावा किया था कि उसकी नियुक्ति हो चुकी है। लेकिन एक अदालती मामले की वजह से ज्वाइनिंग रुकी हुई है।
साधना ने यह भी कहा था कि केस खत्म होते ही वह प्रशासनिक सेवा में शामिल हो जाएगी। अभिषेक के मुताबिक साधना के परिवार वालों ने भी इसी बात की पुष्टि की थी।
परिवार ने भी किया समर्थन
अभिषेक ने बताया कि साधना के पिता नरेंद्र पाल सिंह, भाई सूर्यप्रताप और रिश्तेदार राजेंद्र सिंह ने भी यही दावा दोहराया। सभी ने कहा कि कोर्ट केस की वजह से नियुक्ति में देरी हो रही है। इन्हीं दावों पर भरोसा कर 7 फरवरी 2025 को दोनों ने हिंदू रीति रिवाज से शादी कर ली।
शादी के बाद बदला व्यवहार
अभिषेक का आरोप है कि शादी से पहले साधना का व्यवहार पूरी तरह अलग था। लेकिन शादी के बाद उसका रवैया बदल गया। उसने बार-बार अपनी नियुक्ति का हवाला देकर पैसों की मांग शुरू कर दी।
आरोप है कि साधना ने 40 लाख रुपए की मांग की। परिवार के विरोध करने पर उसने झूठे मुकदमों में फंसाने और जेल भिजवाने की धमकी दी। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार उसने 20 बीघा जमीन बेचकर अस्पताल बनवाने का दबाव भी बनाया था।
पति की जान लेने की कोशिश का आरोप
ये मामला यहीं नहीं रुका। अभिषेक ने पुलिस को बताया कि साधना ने सिर्फ पैसों की मांग नहीं की, बल्कि उसकी जान लेने की भी कोशिश की। आरोप है कि उसने गला दबाकर मारने का प्रयास किया, जिससे वह किसी तरह बच निकला।
इसके तुरंत बाद अभिषेक ने पुलिस को सूचना दी। गांव की पंचायत में साधना ने सास के जेवर अपने पास होने की बात स्वीकार की। अभिषेक का यह भी दावा है कि साधना ने इससे पहले भी कई लोगों को ठगी का शिकार बनाया है।
FIR दर्ज, महिला गिरफ्तार
अभिषेक ने 28 जून को फरीदपुर थाने में साधना, उसके पिता नरेंद्र पाल सिंह, भाई सूर्यप्रताप सहित कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। शिकायत में हत्या के प्रयास, जेवर हड़पने और धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस शिकायत के आधार पर जांच शुरू की और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। बाकी आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।
ये भी पढ़ें...
सिंहस्थ की तैयारी, महाकाल क्षेत्र में विकास के लिए यूडीए लेगा 645 करोड़ का कर्ज
एमपी की 1895 स्कूलों में एक भी शिक्षक नहीं! CAG की रिपोर्ट पर हाईकोर्ट सख्त
पंचायत-निकाय चुनाव टालने पर हाई कोर्ट सख्त, चुनाव आयुक्त को किया तलब
राम के मंदिर में सवालों की दस्तक, अब असली परीक्षा