रेत माफिया ने किया कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव पर हमला, फेंके पत्थर, फायरिंग भी हुई

Sourabh Bhatnagar | Jan 31, 2025, 10:38 IST
thesootr
भिंड के कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव पर उमरी कस्बे में रेत माफिया ने हमला किया। कलेक्टर निरीक्षण के दौरान एक रेत से भरे ट्रैक्टर को जब्त कर थाने भिजवा रहे थे, तभी माफियाओं ने ट्रैक्टर रोक लिया और पथराव शुरू कर दिया।

भिंड जिले के कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव पर गुरुवार देर रात रेत माफिया ने उस समय हमला किया, जब वे एक रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर थाने भिजवा रहे थे। घटना उमरी कस्बे के पास हुई, जहां माफिया ने अचानक ट्रैक्टर रोक लिया। कलेक्टर को सामने देखकर माफिया भाग गए, लेकिन जाते-जाते पथराव कर दिया। इस हमले में कलेक्टर पूरी तरह सुरक्षित रहे, हालांकि माफिया के दो वाहनों के कांच टूट गए। सुरक्षा गार्डों ने स्थिति संभालते हुए चार से पांच राउंड फायर कर माफिया को खदेड़ दिया।



निरीक्षण के दौरान पकड़ा गया रेत माफिया का ट्रैक्टर

कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव रेत माफिया की गतिविधियों पर नज़र रखने के लिए गुरुवार रात को ककारा रेत खदान का निरीक्षण करने प्राइवेट वाहन से निकले थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पहले एक खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी, जिसे बाद में छोड़ दिया। उसी समय एक रेत से भरा हुआ ट्रैक्टर-ट्रॉली वहां आया। कलेक्टर ने इसे तुरंत जब्त कर लिया, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया।



उमरी कस्बे में हुआ हमला

पुलिस ने तेज किया तलाशी अभियान

घटना के बाद पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। उमरी थाना प्रभारी शिवप्रताप सिंह राजावत ने कहा कि कुछ लोग कलेक्टर से बातचीत करने के बहाने पहुंचे थे, लेकिन उनकी मंशा कुछ और थी। पुलिस ने मौके से एक ट्रैक्टर और एक अन्य वाहन जब्त कर लिया है और हमलावरों की तलाश तेज कर दी है।



माफिया के बढ़ते हौसले पर कार्रवाई की जरूरत

इस घटना ने जिले में माफिया के बढ़ते हौसलों को उजागर कर दिया है। प्रशासन ने अब रेत माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का संकेत दिया है। कलेक्टर ने भी घटना के बाद अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि रेत माफिया की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए और ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई की जाए।



thesootr links

द सूत्र की खबरें आपको कैसी लगती हैं? Google my Business पर हमें कमेंट के साथ रिव्यू दें। कमेंट करने के लिए इसी लिंक पर क्लिक करें





Tags:
  • MP News
  • भिंड कलेक्टर
  • Bhind News
  • मध्य प्रदेश
  • एमपी का बेखौफ रेत माफिया
  • रेत माफिया की दबंगई
  • भिंड में रेत माफिया सक्रिय
  • अवैध रेत उत्खनन
  • IAS Sanjeev Shrivastava
  • भिंड कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव
  • रेत माफिया हमला