दिग्विजय की आपत्तियों के बाद चिंटू के हाथ से गया एक पद, मिमरोट बनीं नेता प्रतिपक्ष
Indore. मप्र कांग्रेस कमेटी ने इंदौर शहराध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष निगम की दोहरी जिम्मेदारी संभाल रहे चिंटू चौकसे से एक पद वापस ले लिया है। इस मामले में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह लंबे समय से दिल्ली से भोपाल तक यह बात रख रहे थे कि एक व्यक्ति के पास एक पद ही होना चाहिए। इस संबंध में वह करीब आठ बार बात उठा चुके थे। आखिरकार में चिंटू से एक पद ले लिया गया है। उनकी जगह वार्ड 45 की पार्षद व तेजतर्रार महिला नेत्री सोनिला मिमरोट को नेता प्रतिपक्ष बनाया गया है।
राजू को नहीं चुना गया
कांग्रेस का यह पासा महिला मतदाताओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। हालांकि चिंटू चाहते थे कि वह हटें तो उनके करीबी राजू भदौरिया को नेता विपक्ष का पद मिले, लेकिन महिला मतदताओं को ध्यान में रख कांग्रेस ने मिमरोट को जिम्मेदारी दी है।
जीतू पटवारी ने जारी किया आदेश
यह आदेश चिंटू को अगस्त 2025 में शहराध्यक्ष का पद दिलाने वाले जीतू पटवारी ने ही जारी किया है। पटवारी की पहली पसंद चिंटू रहे हैं। उन्हीं के चलते चिंटू को यह पद मिला था। लेकिन इसके बाद से ही यह बात उठने लगी थी कि एक व्यक्ति एक पद के तहत चौकसे दो पद नहीं ले सकते हैं।
सिंह ने चौकसे के साथ वर्मा पर ली थी आपत्ति
सिंह ने एक व्यक्ति एक पद नियम के तहत चौकसे के साथ ही रतलाम के शहराध्यक्ष और वहां भी नेता प्रतिपक्ष शांतिलाल वर्मा को लेकर आपत्ति ली थी। सिंह ने कहा था कि यह दोनों एक साथ दो-दो पद पर नहीं हो सकते हैं। हालांकि अभी चौकसे वाला ही आदेश सामने आया है। माना जा रहा है कि रतलाम में भी बदलाव हो सकता है।
वंदे मातरम विवाद भी पड़ा भारी
चिंटू चौकसे को वंदे मातरम का विवाद भी भारी पड़ा है। निगम के बजट सत्र के दौरान पार्षद फोजिया शेख और रुबीना इकबाल द्वारा वंदेमातरम गाने से इनकार किया गया था। इस पर चौकसे ने कहा कि रुबीना पार्टी में नहीं रही यही मान लीजिए। वंदेमातरम को लेकर भी कहा था कि हर आयोजन में वंदे मातरम अनिवार्य होगा। इससे कांग्रेस में दो धड़े हो गए थे। खासकर मुस्लिम पार्षद एक और हो गए थे और चिंटू चौकसे का विरोध शुरू हो गया था।
ये खबरें भी पढ़ें...
इंदौर शहराध्यक्ष चिंटू चौकसे की कुर्सी पर खतरा, दिग्विजय सिंह ने मप्र प्रभारी से कहा एक पद वापस लो
इंदौर शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे से पानी को लेकर यूथ कांग्रेस अध्यक्ष के पिता का विवाद
इंदौर EOW ने नगर निगम के 2 करोड़ के डामर घोटाले की शुरू की जांच, चिंटू ने खोला 12 लाख का सड़क घोटाला
कांग्रेस में हुए वंदे मातरम् विवाद पर जांच कमेटी की रिपोर्ट में घिरे चिंटू