सीएम मोहन यादव बोले- बाबा साहब की आत्मा कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगी
डॉ. भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली महू में हुए आयोजन में सीएम डॉ. मोहन यादव पहुंचे। यहां उन्होंने श्रद्धा से उन्हें याद किया और नमन किया। जय भीम के नारे लगाए गए। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस को घेरा और कहा कि बाबा साहब की आत्मा कभी कांग्रेस को माफ नहीं करेगी।
महिला आरक्षण बिल इसी सोच का परिणाम
सीएम मोहन यादव ने कहा कि बाबा साहब ने संविधान में समानता का भाव रखा। साथ ही, महिलाओं को संपत्ति में अधिकार, तलाक के अधिकार सहित कई प्रावधान किए। उनकी दूरदृष्टि और सोच को ही आज पीएम नरेंद्र मोदी आगे बढ़ा रहे हैं और महिला आरक्षण बिल आ रहा है।
इससे लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा और उनका प्रतिनिधित्व बढ़ेगा। आज उन्हें याद करने और नमन करने का दिन है। सीएम ने कहा कि हमारी सरकार एससी, एसटी वर्ग के लिए कई योजनाएं चला रही है। हमारा एक-तिहाई बजट इसी वर्ग के लिए है।
कांग्रेस ने कई बार छल किया
सीएम ने कहा कि कांग्रेस को पश्चाताप करना चाहिए। कांग्रेस ने उन्हें लोकसभा में जीतकर जाने नहीं दिया और कदम-कदम पर छल किया। बाबा साहब की आत्मा कांग्रेस के लोगों को कभी माफ नहीं करेगी।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर, मंत्री तुलसीराम सिलावट, संभागीय संगठन मंत्री रणवीर सिंह रावत, विधायक उषा ठाकुर, भंते धर्मदीप महाधे, आलोक कुमार व अन्य उपस्थित थे।
जब तक समानता नहीं होती, तब तक आरक्षण रहे
वहीं डॉ. अंबेडकर जन्मभूमि से जुड़े आलोक कुमार ने कहा कि समानता को लेकर ही बाबा साहब ने काम किया और यही संविधान में दिया गया। आरक्षण का प्रावधान किए गए भेदभाव का पश्चाताप है। यह तब तक रहना चाहिए जब तक समानता नहीं हो जाए। हमें नौकर बनाने की जगह सेठ बनाने पर ध्यान देना होगा।
बाबा साहब के बाद जननायक राहुल गांधी ही
उधर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी सुबह जिलाध्यक्ष विपिन वानखेड़े के साथ महू पहुंचे। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के बाद जननायक राहुल गांधी ही हैं। बाबा साहब ने जो संविधान दिया उसकी रक्षा करना हर कांग्रेसी का कर्तव्य है।
संविधान को लेकर ही राहुल गांधी पूरे देश में घूम रहे हैं। मैं राहुल गांधी को धन्यवाद कहना चाहता हूं, कि जिस तरह वे संविधान के प्रति जागृति ला रहे हैं, बाबा साहब के बाद दूसरे वहीं हैं जो इस धारणा पर काम कर रहे हैं, वे जननायक हैं।
बीजेपी को यदि चिंता है तो वह एसटी, एससी के बैकलॉग के 1.5 लाख रिक्त पद भरे। महिलाओं को मुफ्त शिक्षा दे। तत्काल फैसला ले, तभी तो लगेगा कि महिला आरक्षण के प्रति इनकी संजीदगी है।
ये खबर भी पढ़िए...
सीएम मोहन यादव का नर्मदा संरक्षण का बड़ा मास्टरप्लान: अमरकंटक को बनाया जाएगा 'नो कंस्ट्रक्शन जोन'
इंदौर से रायपुर तक फैला नकली दवाओं का नेटवर्क; पाउडर भरकर बेची जा रही दवाइयां, तीन गिरफ्तार
इंदौर के यशवंत क्लब में गोरानी के बाद पम्मी पैनल के नाम तय, सेठ सचिव के उम्मीदवार
भोपाल-इंदौर मास्टर प्लान फिर टला: ‘मेट्रोपॉलिटन विजन’ के फेर में 21 साल का इंतजार हुआ और लंबा