सीएम मोहन यादव ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी पर इसलिए किया हमला, यह है पूरी वजह

Sanjay Gupta | Jun 01, 2026, 13:13 IST
cm mohan yadav vs jeetu patwari
सीएम मोहन यादव के एक के बाद एक दो बयानों ने एमपी की राजनीति में उबाल ला दिया है। सीएम के निशाने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी रहे। सीएम के इस बयान से एमपी के बीजेपी और कांग्रेस नेता खुलकर आमने-सामने आ गए हैं।

सीएम मोहन यादव ने रविवार 31 मई को पहले शुजालपुर में एक कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारीपर हमला किया था। यहां उन्होंने जीतू पटवारी को दो कौड़ी का और रद्दी प्रदेश अध्यक्ष करार दिया।



इसके बाद सीएम मोहन इंदौर पहुंचे। सीएम ने यहां बीजेपी के प्रशिक्षण कार्यक्रम में कहा कि कांग्रेस कहती है कि हम मुकाबला करेंगे। अरे टपोरी, पहले पार्टी को देख लो! जो खुद की विधानसभा में 40-40 हजार वोट से हार जाए, खुद के बूथ पर हार जाए वह मुकाबले की बात कहता है।



हां मैं अभिनंदन लाल हूं, तुम्हें घर बैठाया- सीएम

सीएम ने इंदौर में आगे कहा कि कांग्रेस कहती है कि ये अभिनंदन लाल हैं। हां हम अभिनंदन लाल हैं... तुम्हें घर बैठाया इसलिए अभिनंदन के हकदार हैं। ये बीजेपी के सिपाही हैं ये मुकाबला करना जानते हैं। हम विकास के एक-एक वादे को पूरा करते हैं।



सीएम की जुबान नहीं फिसली, खुलकर किया हमला

शाजापुर में सीएम ने पहले जीतू पटवारी पर हमला किया। फिर लगभग पांच घंटे बाद ही इंदौर में भी वही बातें दोहराईं। शाजापुर से लगा कि शायद जुबान फिसली होगी, लेकिन सीएम ने वही बातें इंदौर में भी दोहराईं।



साफ था कि यह कांग्रेस और जीतू पटवारी पर पूरी तरह से राजनीतिक हमला था।



राजनीतिक हमले की वजह की यह है पूरी कहानी

सीएम द्वारा पटवारी पर किए गए राजनीतिक हमले की कहानी एक साल पहले मई 2025 से शुरू होती है। वहीं इसकी हालिया वजह एक साल बाद मई 2026 में पटवारी के आए एक के बाद एक दो बयान हैं।



सतना में कहा मोहन अभिनंदन यादव

सतना में 26 मई को एक युवा संवाद कार्यक्रम हुआ था। इस कार्यक्रम में जीतू पटवारी ने सीएम को मोहन अभिनंदन यादव कहकर संबोधित किया था। उन्होंने कहा था कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री को कौन-कौन जानता है जरा हाथ ऊपर करो।



जीतू पटवारी ने आगे कहा था कि आधे लोग नहीं जानते हैं। ढाई साल पूरा हो चुका है मुख्यमंत्री बने। आप लोग जानते हो मोहनलाल अभिनंदन यादव? क्या नाम है उनका? मोहनलाल अभिनंदन यादव।



जोरदार अभिनंदन करो बजाओ ताली। मेरे कहने पर भी मोहनलाल अभिनंदन यादव का अभिनंदन नहीं कर रहे आप लोग। इनकी विदाई का समय आ गया है।



सीएम को कहा सबसे बड़ा माफिया

पटवारी यहीं नहीं रुके, इंदौर में 26 मई को राजवाड़ा में जलसंकट को लेकर कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन हुआ था। इसमें पटवारी ने कहा कि बीजेपी के नेता भ्रष्टाचारी हैं। मोहन यादव मुख्यमंत्री हैं सबसे बड़े माफिया हैं।



एक साल पहले नारायण टैक्स बोला

इसक एक साल पहले पटवारी ने उज्जैन में 8 मई 2025 को बड़नगर के एक कार्यक्रम में विवादित टिप्पणी की थी। पटवारी ने कहा था कि सिंहस्थ को देखते हुए उज्जैन में होस्ट व्यवसाय (या होटल व्यवसाय) शुरू करने वालों से 20 फीसदी नारायण टैक्स वसूला जा रहा है।





इंदौर में भी नारायण टैक्स की हवा आ रही है। इस मामले में सीएम के भाई नारायण यादव ने फिर पटवारी को 10 करोड़ की मानहानि का नोटिस भी भेजा था।



फिर पटवारी के भाइयों पर हुआ केस

पटवारी की इस टिप्पणी के 28 दिन बाद 26 मई 2025 को पटवारी के भाई भरत पटवारी और कुलभूषण उर्फ नाना पटवारी के खिलाफ केस हुआ था।



साथ ही पूर्व इंदौर कांग्रेस जिलाध्यक्ष सदाशिव यादव पर भी केस हुआ था। यह केस इंदौर के तेजाजीनगर थाने में हुआ थ।



मामला यादव धर्मशाला के नाम पर छह एकड़ जमीन की धोखाधड़ी का था। इसमें शिकायतकर्ता नरेंद्र मेहता थे। बाद में जिला कोर्ट से तीनों को जमानत मिली थी।



इधर कांग्रेस दिखा रही एकजुटता

सीएम की इस टिप्पणी के आने के बाद कांग्रेस के सभी नेता एकजुटता दिखा रहे हैं। इसमें पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और पूर्व सीएम कमलनाथके साथ ही पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव, पूर्व मंत्री सज्जनसिंह वर्मा समेत सभी बड़े नेताओं ने जवाब दिया है। इसमें माफी की मांग की गई है।



उधर जीतू पटवारी ने भी बयान दिया और कहा कि वह किसान के बेटे हैं। जनता की मांग उठाते रहेंगे। इंदौर सहित कई जगहों पर पुतला फूंकने की बात उठी।



कुछ जगहों पर यह हुआ भी लेकिन फिर एक जून की सुबह पटवारी ने ऐसे कामों पर रोक लगा दी। पटवारी ने वीडियो जारी कर कहा कि कुछ भी गलत नहीं करना है। हिंसा व नफरत का जवाब मोहब्बत से देना है।



बीजेपी ने प्रवक्ताओं की टीम उतारी, दे रहे जवाब

वहीं बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से लेकर बीजेपी के सभी प्रवक्ता खुलकर कांग्रेस के खिलाफ उतर आए हैं। लगातार पटवारी और कांग्रेस के बयानों का जवाब दिया जा रहा है।



पटवारी और कांग्रेस को अपने गिरेबान में देखने की नसीहत दी गई है। साथ ही पटवारी के पुराने वीडियो को भी निकाला जा रहा है।



इसके आलावा पूरी प्रदेश बीजेपी की प्रवक्ताओं की टीम को कहा गया है कि वह लगातार कांग्रेस के बयानों का जवाब दें। साथ ही पुराने वीडियो डालें। पटवारी के विवादित बयानों के वीडियो निकाले जा रहे हैं। सभी से इसे सोशल मीडिया पर डालने और जवाब देने के लिए कहा गया है।



जीतू पटवारी का बयान

वहीं इस मामले में अब जीतू पटवारी का बयान सामने आया है। जीतू पटवारी ने अपने X अकाउंट पर पोस्ट कर लिखा कि मुख्यमंत्री जी गाली देना आपका अधिकार है। आप ईमानदारी से उसका पालन आप करते रहिए।



साथ ही जीतू पटवारी ने आगे लिखा कि जनता के सवाल पूछना मेरा कर्तव्य है। मैं पूरी विनम्रता से यह जिम्मेदारी निभाता रहूंगा।



cm mohan yadav


सीएम मोहन यादव ने इंदौर में जीतू पटवारी को कहा टपोरी, शाजापुर में कहा दो कौड़ी और रद्दी अध्यक्ष



इंदौर का 90% पानी जहरीला, जीतू पटवारी के आरोप पर महापौर बोले- ये कांग्रेस की ओछी राजनीति



PCC में दिग्गी-सिंघार की जुगलबंदी: पटवारी का ऐलान, आदिवासियों के लिए करेंगे आंदोलन



कांग्रेस का नया डिजिटल दांव: पुरानी टैलेंट हंट अधूरी, अब बूथ-बूथ सोशल मीडिया वॉरियर्स की तलाश



Tags:
  • सीएम मोहन यादव
  • पूर्व सीएम कमलनाथ
  • पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह
  • पूर्व मंत्री सज्जनसिंह वर्मा
  • अरुण यादव
  • कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी
  • बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल