सरकारी टीचर के घर EOW की रेड, मिली 8 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति

Vikram Jain | Feb 05, 2025, 17:36 IST
eow raid shivpuri government teacher property investigation
शिवपुरी में EOW ने एक सरकारी शिक्षक के घर छापामार कार्रवाई की। ईओडब्ल्यू की टीम ने घर से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। शिक्षक सुरेश सिंह भदौरिया के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की शिकायत मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई।

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के भौंती कस्बे में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) ने एक सरकारी शिक्षक के घर पर छापेमारी की। EOW की टीम ने घर से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए। छापे में शिक्षक सुरेश सिंह भदौरिया और उनके परिजनों के नाम पर करोड़ों की संपत्ति का खुलासा हुआ है। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति के मामले में की गई है। ईओडब्ल्यू में शासकीय शिक्षक सुरेश सिंह भदौरिया के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई थी, जिसमें आरोप था कि उनकी संपत्ति उनकी आय से कहीं अधिक है। सरकारी शिक्षक भदौरिया कांग्रेस नेता केपी सिंह के करीबी माने जाते हैं।



सरकारी शिक्षक के घर EOW का छापा

दरअसल, शिक्षक सुरेश सिंह भदौरिया के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की शिकायत दर्ज की गई थी। इसके बाद ईओडब्ल्यू की टीम ने बुधवार (5 फरवरी) सुबह 6 बजे सरकारी शिक्षक सुरेश सिंह भदौरिया के घर पर छापा मारा। जांच में बैंक खातों, वित्तीय लेनदेन और जमीन से संबंधित दस्तावेज बरामद किए गए। ईओडब्ल्यू की टीम को पता चला कि सुरेश सिंह भदौरिया न केवल शासकीय शिक्षक हैं, बल्कि अन्य व्यवसायों से भी जुड़े रहे हैं। वह कुछ समय पहले एक शासकीय उचित मूल्य की दुकान भी चला चुके थे और साथ ही जमीनों के व्यापार में भी सक्रिय थे।



छापेमारी-जांच में मिली इतनी संपत्ति

आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ग्वालियर को आरोपी प्राथमिक सहायक शिक्षक सुरेश सिंह भदौरिया के खिलाफ छापामार कार्रवाई के दौरान लगभग 8.36 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति के दस्तावेज मिले हैं।



अचल संपत्ति :

  • 11 दुकानों वाला भवन: वर्तमान अनुमानित कीमत: 1 करोड़ 70 लाख रुपए
  • पिछोर रोड पर 10 दुकानें: वर्तमान अनुमानित कीमत: 1 करोड़ रुपए
  • 52 भूखंड: संबंधित रजिस्ट्रियों की वर्तमान अनुमानित कीमत: 5 करोड़ रुपए

चल संपत्ति :

  • नकदी: 4 लाख 71 हजार 370 रुपए
  • जेवरात (सोना): वजन 371 ग्राम, कीमत : 23 लाख 42 हजार 214 रुपए
  • चांदी: वजन 8 किलो, कीमत: 1 लाख 28 हजार 736 रुपए
  • ट्रक रजिस्ट्रेशन नंबर MP18D3032: कीमत 23 लाख रुपए
  • अन्य वाहनों का रजिस्ट्रेशन: कीमत 5 लाख रुपए
  • फर्नीचर, सोफा, बेड आदि: कीमत 2 लाख रुपए
  • एलसीडी टीवी और एसी: कीमत 1 लाख 40 हजार रुपए
  • मोटर साइकिल बजाज पल्सर: कीमत 50 हजार रुपए
  • एक ट्रैक्टर, 5 थ्रेशर, 4 ट्रॉली, 1 टैंकर: कीमत 25 लाख रुपए

इस छापे में प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर आरोपी शिक्षक सुरेश सिंह भदौरिया के पास कुल 8 करोड़ 36 लाख रुपए मूल्य की संपत्ति का खुलासा हुआ। वहीं, आरोपी को नौकरी से मिल रहे वेतन से लगभग 38 लाख रुपए प्राप्त हुए थे। आरोपी के खिलाफ आगे की जांच जारी है।



ये खबर भी पढ़ें... EOW ने आलोट जनपद के सहायक लेखाधिकारी को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा



कांग्रेस नेता केपी सिंह से करीबी संबंध

शिक्षक सुरेश सिंह भदौरिया कांग्रेस नेता केपी सिंह उर्फ कक्का जू के करीबी रिश्तेदार माने जाते हैं। इसके अलावा, वह मूलत: भिंड जिले के रहने वाले हैं, लेकिन कुछ समय पहले भौंती में बस गए थे। शिवपुरी में अपने घर के अलावा, सुरेश सिंह भदौरिया ने भौंती थाने की जमीन पर कब्जे की कोशिश भी की थी। हालांकि, वह इस मामले में अदालत से हार चुके हैं और अब प्रशासन ने उस जमीन पर से अतिक्रमण हटाने की योजना बनाई है। बता दें सुरेश सिंह पर हरिजन एक्ट सहित आधा दर्जन से ज्यादा एफआईआर दर्ज हैं।



ये खबर भी पढ़ें... सहारा जमीन घोटाला : 310 एकड़ जमीन बेचने के मामले में EOW ने 9 लोगों को नोटिस जारी



जांच कर रही ईओडब्ल्यू की टीम

ईओडब्ल्यू की टीम ने घर में मौजूद अलमारियों को खंगालकर सभी दस्तावेजों की जांच की और बैंक खातों, आय, लेनदेन और जमीन के दस्तावेजों को एकत्रित किया। टीम ने इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। सरकारी शिक्षक के घर छापामार कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है। ईओडब्ल्यू डीएसपी दामोदर गुप्ता ने कहा कि अभी पूरी जांच चल रही है और जल्द ही मामले में और जानकारी सामने आएगी।



ये खबर भी पढ़ें... नगर पालिका CMO दिशा डेहरिया के कई ठिकानों पर EOW की रेड, ढाई करोड़ की संपत्ति का खुलासा



सिंगरौली में EOW की दबिश, महिला एवं बाल विकास विभाग पर कसा शिकंजा



Tags:
  • एमपी न्यूज
  • Shivpuri News
  • शिवपुरी न्यूज
  • मध्य प्रदेश
  • आय से अधिक संपत्ति का मामला
  • EOW
  • EOW का छापा
  • रेड