गांजा तस्करों को 10-10 साल की सजा, साथ देने वाले इंस्पेक्टर पर कार्रवाई के आदेश
रतन मिश्रा@GWALIOR. ग्वालियर कोर्ट के विशेष न्यायाधीश NDPS ने एक मामले की सुनवाई करते हुए दो गांजा तस्करों को 10-10 साल की सजा सुनाई है, साथ ही एक एक-एक लाख रुपए के अर्थ दंड से उन्हें दंडित किया है। अर्थ
दंड न देने पर एक साल पृथक से सजा भुगताए जाने का आदेश दिया है। इसके साथ ही गांजे की जप्ती करने में गंभीर लापरवाही बरतने वाले पुलिस इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए डीजीपी को आदेश दिया है।
क्या है पूरा मामला?
मामला 12 अगस्त 2024 का है। ग्वालियर क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि ट्रक क्रमांक MP07-HB 9650 में गांजा ले जाया जा रहा है। चालक गोपाल शर्मा अपने साथी रामू तोमर और सद्दाम हुसैन के साथ ग्वालियर से शिवपुरी जा रहे थे।
डीएसपी हेडक्वार्टर की सूचना पर बरई थाना प्रभारी धवल सिंह चौहान को ट्रक कब्जे में लेने और गांजा जप्त करने का आदेश मिला। निरीक्षक धवल सिंह चौहान दलबल और टेस्टिंग किट के साथ तैयार हो गए। उन्होंने थाने के सामने बैरिकेड्स लगा दिए।
क्राइम ब्रांच के सब इंस्पेक्टर शैलेंद्र सिंह गुर्जर ने सूचना दी कि एक काली बिना नंबर की कार में भी गांजा जा रहा है। यह कार पनिहार थाने के सामने से गुजरेगी। जैसे ही गांजा लदा ट्रक थाने के सामने पहुंचा, उसे रोका गया। ट्रक चालक गोपाल शर्मा था। बगल की सीट पर रामू तोमर और सद्दाम अंसारी सवार थे। ट्रक में 5 सफेद प्लास्टिक बोरियों में 32 पैकेट गांजा थे। कुल वजन 144 किलो 76 ग्राम था।
4 किलो 810 ग्राम मिला गांजा
पीछे से आ रही काली हुंडई वर्ना कार से 1 पैकेट गांजा मिला। इसका वजन 4 किलो 810 ग्राम था। कार में शिवम पुत्र मुकेश गहिरवार और रवि यादव पुत्र कायम सिंह सवार थे। कार में दो नंबर प्लेट थीं, क्रमांक UP80/Gy2089। कार में पांच अलग-अलग कंपनियों के मोबाइल भी रखे थे।
ट्रक में लदा गांजा उनका पैकेट
कार में सवार दोनों युवकों ने कहा ट्रक में लदा गांजा उनका पैकेट है। उन्होंने कहा यह पैकेट वे अपनी कार में छुपा कर ले जा रहे थे। निरीक्षक धवल सिंह चौहान ने कार में मौजूद पांच मोबाइल की जांच नहीं की। इसका लाभ सद्दाम अंसारी, शिवम गहिरवार और रवि यादव को मिला। वे निर्दोष साबित हुए।
न्यायालय ने रामू तोमर और गोपाल शर्मा को 10 साल कारावास और एक-एक लाख रुपए अर्थदंड से दंडित किया। अभियोजन पक्ष की पैरवी अपरलोक अभियोजक धर्मेंद्र कुमार शर्मा ने की।
ये भी पढ़िए...
गांजा तस्करी में लड़कियों का इस्तेमाल, नशे के सौदागरों ने बनाया नया ट्रेंड, ओडिशा से हो रही सप्लाई
मध्य प्रदेश से राजस्थान तक चीते की लंबी दौड़, भरतपुर के जंगल में बनाया ठिकाना
एमपी के प्राइमरी स्कूलों में बच्चों की भारी कमी, नीति आयोग ने जारी किए आंकड़ें
एमपी में बस किराया बढ़ाने की मांग, संचालक बोले- सालों से झेल रहे घाटा