ग्वालियर में इंस्पेक्टर रूपेश शर्मा पर रेप केस, शादी का झांसा देकर महिला से संबंध बनाने का आरोप
News In Short
- ग्वालियर के पीटीएस तिघरा में तैनात इंस्पेक्टर रूपेश शर्मा पर दुष्कर्म का केस दर्ज हुआ है।
- 38 वर्षीय विधवा पीड़िता बुटीक चलाती है और 9 माह की गर्भवती है।
- जनवरी 2024 में फेसबुक के जरिए दोनों की जान-पहचान हुई थी।
- आरोपी ने खुद को अविवाहित बताया और शादी का झांसा देकर संबंध बनाए थे।
- सच्चाई सामने आने पर महिला को धमकाया गया, फिर पुलिस में शिकायत दर्ज हुई।
News In Detail
इंस्पेक्टर पर दुष्कर्म का आरोप
मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां पुलिस विभाग में तैनात एक इंस्पेक्टर के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज किया गया है। शिकायत दर्ज कराने वाली महिला विधवा हैं, जो शहर की एक पॉश कॉलोनी में बुटीक चलाती हैं। पीड़िता के पति का कुछ साल पहले निधन हो चुका है और उनका एक बच्चा भी है।
आरोपी इंस्पेक्टर रूपेश शर्मा फिलहाल पुलिस ट्रेनिंग स्कूल तिघरा में पदस्थ हैं। रविवार, 12 अप्रैल की देर रात करीब 12 बजे उनके खिलाफ झांसी रोड थाने में केस दर्ज किया गया है।
फेसबुक से शुरू हुई दोस्ती
जनवरी 2024 में सोशल मीडिया (Social Media) प्लेटफॉर्म फेसबुक पर पीड़िता और रूपेश शर्मा की जान-पहचान हुई। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और नजदीकियां गहरी होती गईं। महिला के मुताबिक आरोपी ने खुद को अविवाहित बताया था। उसने शादी का वादा कर महिला का भरोसा जीता।
बुटीक पर आकर किया दुष्कर्म
पीड़िता का आरोप है कि 2024 में ही रूपेश शर्मा पहली बार उनके बुटीक पर आए और वहीं उनके साथ दुष्कर्म किया। इसका जब महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने शादी का आश्वासन देकर उन्हें चुप करा दिया। इसके बाद महिला ने शादी के लिए दबाव बनाना शुरू किया, लेकिन रूपेश शर्मा बहाने बनाकर टालते रहे।
शादीशुदा निकला आरोपी
जब महिला को संदेह हुआ तो उन्होंने आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई। पता चला कि रूपेश शर्मा पहले से शादीशुदा हैं और दो बच्चों के पिता हैं। यह सच्चाई सामने आते ही महिला ने विरोध किया। इस पर आरोपी ने उन्हें धमकाया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार रूपेश शर्मा मूल रूप से सब इंस्पेक्टर (Sub Inspector) पद पर भर्ती हुए थे। हाल ही में प्रमोशन मिलने के बाद वे इंस्पेक्टर बने हैं।
आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार करेंगे: एसएसपी
धमकी मिलने के बाद पीड़िता ने झांसी रोड थाने में लिखित शिकायत दी। थाना प्रभारी ने मामले की जांच की और वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद रविवार देर रात आरोपी इंस्पेक्टर के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एसएसपी धर्मवीर सिंह ने कहा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ये खबर भी पढ़िए...
एमपी में बिना अनुमति चल रहे सैकड़ों लेब और अस्पताल, ग्वालियर सबसे आगे
तत्काल सस्पेंड करो...ग्वालियर में भूमिपूजन करने गए मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा अफसरों पर भड़के
ग्वालियर के मंदिर में पुजारी ने श्रद्धालु को पीटा, दी तांत्रिक क्रिया से भस्म करने की धमकी
दूसरे राज्य का आरक्षण सर्टिफिकेट : ग्वालियर और इंदौर हाईकोर्ट के अलग-अलग फैसले