इफ्तार पार्टी के जोश में भूले होश, जबलपुर में रईसजादों का हाईवे पर स्टंट, पुलिस सख्त
News in Short
- इफ्तार पार्टी में जाने के नाम पर युवकों ने किया हाईवे पर स्टंट
- महंगी कारों के काफिले में दर्जनों युवक शामिल
- जबलपुर से बरगी बांध और कटंगी रोड के बताए जा रहे वीडियो
- सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन
- पुलिस ने पहचान कर कार्रवाई करने के दिए निर्देश
- हाईवे बना स्टंट का अड्डा
News In Detail
JABALPUR. शहर में रोजा इफ्तार के नाम पर कुछ रईसजादों का खतरनाक चेहरा सामने आया है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दर्जनों की संख्या में महंगी कारों का काफिला हाईवे पर दौड़ रहा है और युवक खुलेआम स्टंटबाजी कर रहे हैं।
यह वीडियो जबलपुर से बरगी बांध और कटंगी जाने वाले मार्ग का बताया जा रहा है, जहां ट्रैफिक की परवाह किए बिना सड़क को स्टंट का मैदान बना दिया गया।
सोशल मीडिया के लिए जान जोखिम में
बताया जा रहा है कि ये युवक सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए इस तरह की हरकतें कर रहे थे। कारों की खिड़कियों से बाहर लटकना, तेज रफ्तार में गाड़ियों को लहराना और ओवरटेक करते हुए वीडियो बनाना।
ये सभी गतिविधियां न केवल नियमों का उल्लंघन हैं बल्कि खुद और दूसरों की जान को भी खतरे में डालती हैं। हाल के वर्षों में इस तरह के स्टंट वीडियो बनाने का ट्रेंड तेजी से बढ़ा है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ा है।
ये खबर भी पढ़ें...
राजस्व विभाग में बड़ा फेरबदल, 234 नायब तहसीलदार बने प्रभारी तहसीलदार, व्यापक तबादले
ट्रैफिक नियमों का खुला उल्लंघन
भारतीय मोटर व्हीकल एक्ट के तहत इस तरह की स्टंटबाजी गंभीर अपराध की श्रेणी में आती है। ओवरस्पीडिंग, रैश ड्राइविंग, बिना सीट बेल्ट या खतरनाक तरीके से वाहन चलाना।
इन सभी पर भारी जुर्माना और लाइसेंस निलंबन तक की कार्रवाई हो सकती है। इसके बावजूद शहर में इस तरह के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, जो ट्रैफिक अनुशासन पर सवाल खड़े करते हैं।
ये खबर भी पढ़ें...
रेलवे ने जमीन ली तो नौकरी जरूरी नहीं, हाईकोर्ट का फैसला, पुरानी पॉलिसी खत्म तो दावा भी खत्म
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
यह कोई पहला मामला नहीं है जब जबलपुर या अन्य शहरों में इस तरह के वीडियो वायरल हुए हों। इससे पहले भी शादी, बर्थडे पार्टी या अन्य आयोजनों के दौरान युवकों द्वारा हाईवे पर स्टंट करने के मामले सामने आए हैं। कई मामलों में पुलिस ने चालान, वाहन जब्ती और गिरफ्तारी जैसी कार्रवाई भी की है, लेकिन इसके बावजूद इस तरह की घटनाओं पर पूरी तरह रोक नहीं लग पाई है।
ये खबर भी पढ़ें...
नवोदय एडमिशन में EWS बाहर, 650 से ज्यादा स्कूलों में लाखों सीटें, फिर भी गरीब वंचित, हाईकोर्ट सख्त
पुलिस ने लिया संज्ञान, कार्रवाई की तैयारी
मामले में जबलपुर के एडिशनल एसपी ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि वीडियो उनके संज्ञान में आ चुका है। कटंगी थाना प्रभारी को निर्देश दिए गए हैं कि वीडियो में दिख रहे युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस का कहना है कि ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ये खबर भी पढ़ें...
सिविल जज के 173 पदों पर निकली भर्ती, कौन कर सकता है अप्लाई, जल्दी करें अप्लाई?
कब थमेगा स्टंट का यह ट्रेंड?
इस पूरे मामले ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर कब तक युवा सोशल मीडिया की लोकप्रियता के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालते रहेंगे। प्रशासन की सख्ती के बावजूद अगर ऐसे मामलों में कमी नहीं आती, तो यह भविष्य में और बड़े हादसों को न्योता दे सकता है।