इंदौर में पानी पर बीजेपी मंडल मंत्री केशव मीणा और पार्षद पुत्र कटारिया में विवाद, दोनों पर FIR
इंदौर में पानी को लेकर हुए राजनीतिक विवाद में फिर बीजेपी नेता आपस में भिड़ गए हैं। मामला आजादनगर के वार्ड 51 का है। इसमें हाइड्रेंट से पानी भरने को लेकर बीजेपी के ज्योतिबा फुले मंडल के मंत्री केशव मीणा और पार्षद मलखान सिंह कटारिया के बेटे विजय कटारिया के बीच में विवाद हुआ। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। मामला थाने पहुंचा और दोनों पर केस भी दर्ज किया गया है।
केशव मीणा व अन्य पर यह केस हुआ
मंडल मंत्री केशव मीणा के साथ ही उनके साथी महेश मीणा, मोहित मीणा व मनीष मीणा पर धारा 115(2), 296बी, 351(3) व 3(5) के तहत केस हुआ है। फरियादी इसमें अजय शेखावत है। एफआईआर में लिखा है कि सरकारी बोरिंग से पानी टैंकरों में भरवा रहा था।
तभी केशव मीणा अपने साथियों के साथ आए और गालियां दीं। फिर टैंकर में लगा पाइप निकालकर रिक्शे में लाए ड्रम में पानी भरने लगे थे। मैंने मना किया तो मीणा ने चाकू निकालकर मार दिया था। बचाव के लिए विजय कटारिया, अमर सिंह कटारिया, शेरसिंह कटारिया आए थे। इनके साथ भी मारपीट की। विजय को महेश ने लोहे के पाइप से मारा था।
पार्षद पुत्र कटारिया पर यह हुआ केस
वहीं थाना आजादनगर में ही केशव मीणा की शिकायत पर इन्हीं धाराओं में क्रॉस एफआईआर हुई है। इसमें आरोपी पार्षद पुत्र विजय कटारिया के साथ ही अजय शेखावत, पिंटू शेखावत बने हैं।
एफआईआर में लिखा है कि मैं जब पानी लेने हाइड्रेंट पर गया तो वहां ड्राइवर पिंटू शेखावत ने कहा कि यहां पार्षद मलखान सिंह कटारिया की मंजूरी के बिना पानी नहीं देते हैं। पिंटू ने गालियां दीं। मना किया तो पिंटू ने पार्षद कटारिया को फोन करके बुलाया था। उनका बेटा विजय कटारिया, साथी अजय व अन्य आए और मेरे साथ लोहे के पाइप से मारपीट की।
मामला बीजेपी तक पहुंचा
उधर यह विवाद बीजेपी दफ्तर तक पहुंच गया है। केशव मीणा ने पार्षद के खिलाफ सोशल मीडिया पर पोस्ट भी डाली लेकिन बाद में डिलीट कर दी। मामला विधायक महेंद्र हार्डिया तक भी पहुंचा है और वह समझौते में जुटे हैं।
पानी को लेकर यह हुए राजनीतिक विवाद
- पानी को लेकर पहले बीजेपी पार्षद बालमुकुंद सोनी के बेटे का निगम कर्मचारियों के साथ मई में विवाद हो चुका है।
- विधायक महेंद्र हार्डिया भी बोल चुके हैं कि पानी की समस्या है और महापौर के यहां धरना दूंगा। बाद में संगठन से फटकार के बाद बात से पलटे।
- वार्ड 45 में पार्षद सोनाली भाटिया के साथ बीजेपी पार्षद लाल बहादुर वर्मा का विवाद हुआ। मामला विधायक रमेश मेंदोला तक पहुंचा।
- कांग्रेस में भी विवाद हुआ था। जब पार्षद यशस्वी पटेल के ससुर और युवक कांग्रेस के अमित पटेल के पिता शेखर पटेल और शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे के समर्थकों के बीच विवाद हुआ। इसमें कांग्रेस छोड़ने की धमकी तक दे दी। बाद में कहा कि सुलह हो गई।
ये खबरें भी पढ़िए...
मध्यप्रदेश. News Strike : इंदौर नंबर वन का सच ? पानी, क्राइम और सिस्टम पर बड़े सवाल !
MP News | इंदौर में सब्जी खरीद रहे जज की जेब से चोर ने आईफोन उड़ाया, पुलिस जांच में जुटी
हाईकोर्ट में सरकार से लड़ाई, फिर भी ट्रांसफर से बचे इंदौर के जिला पंजीयक अंबरेश नायडू
इंदौर में कांग्रेस से बीजेपी में शामिल हुए तीन पार्षद, हाईकोर्ट ने मुख्य सचिव को दिए आदेश