महिला आईएएस के फार्महाउस जुआकांड के आरोपी जगदीश हड्डा कूबड़ा की है गैंग, पूर्व मंत्री, MLA का वरदहस्त
INDORE. आईएएस वंदना वैद्य के फार्महाउस पर हुए जुआकांड का मुख्य आरोपी जगदीश हड्डा राठौड़ उर्फ कूबड़ा फरार है। 'द सूत्र' ने जब कूबड़ा की पूरी कुंडली खंगाली तो चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। यह एक बड़ी गैंग का सदस्य है।
यह राजगढ़ (धार जिला) की पूरी गैंग है जो कई सालों से संचालित हो रही है। धार में सख्ती के बाद यह गैंग आसपास के जिलों में सक्रिय होकर जुआ खिलवाने के साथ ही सट्टे की लाइन भी चलाती है।
यह है पूरी गैंग और इसके सदस्य
यह गैंग मूल रूप से मनीष चाइस और भूपेंद्र जैन कांकरिया नाम के व्यक्तियों की है। ये राजगढ़ थाना एरिया के ही हैं। कांकरिया के चंद्रेशखर आजाद नगर मार्ग राजगढ़ में जगदीश हड्डा किराए पर रहता है। चाइस और कांकरिया सट्टे की मुख्य लाइन संभालते हैं। हड्डा जुआ टेबल चलाने का काम देखता है। धार में सख्ती के बाद अब हड्डा लगातार घूमता रहता है। जहां सेटिंग जम जाती है, वहां पर जुआरियों को बुलाकर जुआ खिलवाने का काम करता है।
करीब एक महीने से हड्डा, मानपुर एरिया में ही सक्रिय है और जुआ करवा रहा है। इस गैंग के कई सदस्यों पर धार जिले के थानों, क्राइम ब्रांच में केस दर्ज है। इस गैंग के एक परिजन को मंडी में अनाज कारोबारी का लाइसेंस भी दिलवाया गया है। इसके जरिए जुआ, सट्टा की कमाई को अनाज खरीदी के कारोबार से ब्लैक से व्हाइट में तब्दील करने का काम होता है।
कूबड़ा के साथ राजपूत भी था, उसका नाम नहीं
इस पूरे मामले में आला अधिकारियों ने लापरवाही पर टीआई मानपुर लोकेंद्र सिंह हिरवे, एसआई मिथुन ओसारी और एएसआई रेशम गिरवाल को सस्पेंड किया है। मौके पर पुलिस की दबिश के बावजूद कूबड़ा फरार हो गया। इसमें चौंकाने वाली बात आई है कि फरार आरोपियों में पुलिस कूबड़ा के खास साथी दिनेश राजपूत का नाम ही नहीं ले रही है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राजपूत और सागर सेन नाम का व्यक्ति अपने साथ ही कार लेकर फार्महाउस गया था। यह भी इस गैंग का साथी है और राजपूत के साथ घूमता है। राजपूत जगदीश हड्डा कूबड़ा का मुख्य करीबी और इसी की गैंग का सक्रिय सदस्य है। ऐसे में पूलिस ने कूबड़ा को तो फरार बताया है, लेकिन राजपूत का नाम अभी तक कहीं नहीं आया। जबकि वह भी रात को फार्महाउस पर ही मौजूद था।
पूर्व मंत्री के समय खूब पनपी गैंग, कांग्रेसी विधायक का है वरदहस्त
इस गैंग के लिए साल 2018 से 2023 का समय काफी फलने-फूलने वाला रहा था। इसी जिले के एक मंत्री का वरदहस्त इस गैंग पर रहा, और पूरे जिले में जमकर जुआ टेबल, सट्टा लाइन, बुकी का दौर चला था। इसी समय में गैंग ने अपना फैलाव किया और हर जगह सट्टा फैला दिया था। साल 2023 के बाद सीएम बदले और मंत्री भी चुनाव हारकर पूर्व मंत्री हो गए थे।
इसके बाद इस गैंग को धार में समस्या आई थी। इसके बाद गैंग के कुछ सदस्यों ने उसी जिले के एक कांग्रेसी विधायक से निकटता कर ली थी। अब पूर्व मंत्री के साथ ही यह विधायक भी इस गैंग पर राजनीतिक वरदहस्त रखते हैं। इसके चलते गैंग का अभी भी काम गुपचुप तरीके से चलता रहता है।
जुआ खेलते पकड़ा गया सांसद प्रतिनिधि, ज्ञानेश्वर पाटिल बोले मैंने एक साल पहले पद से हटा दिया
सभी के मोबाइल नंबर जांचे तो मिलेगा पूरा नेटवर्क
पुलिस यदि मनीष चाइस, भूपेंद्र जैन कांकरिया, जगदीश हड्डा, दिनेश राजपूत के मोबाइल नंबरों की जांच करें तो पूर नेटवर्क का खुलासा हो जाएगा। इनके पास जुआ और सट्टा की लाइन चलाने वालों का पूरा नेटवर्क है। जो लगातार इनके संपर्क में रहते हैं।
इसमें इंदौर के साथ ही धार, देवास, उज्जैन, खरगोन, रतलाम जैसे जिलों के भी जुआरियों और सटोरियों का पूरा नेटवर्क बना हुआ है। साथ ही यह कई बड़े लोगों और राजनीतिक लोगों के साथ संपर्क में रहते हैं। इस नेटवर्क में कई हाईप्रोफाइल लोग मौजूद है।
इस केस से जुड़ी जरूरी खबरें भी पढ़िए...
आईएएस वंदना वैद्य फार्महाउस जुआ कांड: TI, SI सस्पेंड, सरगना कूबड़ा से सांठगांठ की आशंका
इंदौर में IAS के फार्महाउस पर कुख्यात आरोपी कूबड़ा चला रहा था संगठित जुआ अड्डा
एमपी न्यूज: आईएएस वंदना वैद्य के फार्महाउस में चल रहा था जुआ, पुलिस ने छापा मार 18 जुआरी पकड़े