इंदौर में लॉरेंस बिश्नोई-हैरी बॉक्सर गैंग की मुख्य कड़ी और 25000 का इनामी बदमाश गिरफ्तार
5 प्वाइंट में समझें क्या है पूरा मामला
- इंदौर क्राइम ब्रांच ने 25 हजार के इनामी बदमाश राहुल सिंह राठौर को पकड़ा।
- आरोपी लॉरेंस बिश्नोई और हैरी बॉक्सर गैंग की मुख्य कड़ी बताया जा रहा है।
- उस पर व्यापारियों और बिल्डरों की रेकी कराने के आरोप हैं।
- आरोपी गैंग को हथियार और लड़के उपलब्ध कराने में भी सक्रिय था।
- इंदौर में धमकी और रंगदारी से जुड़े पांच केस दर्ज हैं।
Indore: इंदौर क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लॉरेंस बिश्नोई गैंग के मास्टरमाइंड राहुल सिंह राठौर को इंदौर बायपास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर राज्य एसटीएफ द्वारा 15 हजार और क्राइम ब्रांच द्वारा 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था। इंदौर में व्यापारियों और कारोबारियों को गैंग के नाम पर धमकी देने के मामलों में यह गिरफ्तारी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। डीसीपी क्राइम राजेश त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह के निर्देशन में स्पेशल टीम बनाकर जांच की जा रही है।
बिल्डर और कारोबारियों की रेकी कर रहा था
बिल्डरों और कारोबारियों को धमकाने के मामले में पहले गिरफ्तार आरोपी राजपाल चंद्रावत से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर टीम राहुल उर्फ बाबा तक पहुंची और उसे गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार राहुल, राजपाल चंद्रावत का मुख्य सहयोगी था। उसका काम व्यापारियों के घर, ऑफिस और अन्य स्थानों की रेकी करना, गैंग के सदस्यों को तकनीकी और दूसरी सहायता देना तथा पैसों के लेनदेन में सक्रिय भूमिका निभाना था। इसके अलावा वह हथियार उपलब्ध करवाने के साथ-साथ फायरिंग और रेकी के लिए लड़के भी मुहैया कराता था। जांच में राहुल का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है।
अभी तक धमकाने के कई केस
गौरतलब है कि लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी देने के मामले में इंदौर में अलग-अलग पांच केस दर्ज हैं। इंदौर पुलिस अब तक राजपाल चंद्रावत निवासी नागदा, सोनू उर्फ रितेश खंगार निवासी इंदौर, सचिन उर्फ वेद प्रकाश शर्मा निवासी उज्जैन, नाना उर्फ रोहित बर्रा निवासी उज्जैन और कुलदीप निवासी ग्राम कसारी चौहान, जिला रतलाम को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
ये भी पढ़ें...
धमकी देकर वसूली मामला: लॉरेंस बिश्नोई गैंग का गुर्गा गिरफ्तार, मांगी थी 10 करोड़ की फिरौती
इंदौर में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से हैरी बाक्सर ने ऐसे किया फोन- इंटरनेशनल मोबाइल नंबर से धमकी
खरगोन में फिरौती मांगने वाली लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर पुलिस सख्त, छह गुर्गे और गिरफ्तार
मध्य प्रदेश: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर व्यापारी से मांगी 5 करोड़ रुपए की फिरौती