इंदौर विधायक मालिनी गौड़ के करीबी वीरेंद्र शेंडगे और साथियों की मारपीट कैमरे में रिकॉर्ड

Sanjay Gupta | Jun 11, 2026, 13:10 IST
इंदौर विधायक मालिनी गौड़
इंदौर में विधायक मालिनी गौड़ के करीबी वीरेंद्र शेंडगे और उनके साथियों पर मारपीट के गंभीर आरोप लगे हैं। फरियादी महिला ने डैशबोर्ड कैमरे की रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंपी है। इसमें मारपीट होती दिख रही है। मामले में हत्या के प्रयास सहित कई धाराओं में FIR दर्ज है।

समझें क्या है पूरा मामला...

  • विधायक प्रतिनिधि वीरेंद्र शेंडगे और साथियों पर मारपीट के आरोप लगे हैं।
  • फरियादी पक्ष ने डैशबोर्ड कैमरे की रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंपी है।
  • रिकॉर्डिंग में मारपीट और हंगामे का दावा किया गया है।
  • पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
  • एफआईआर के बावजूद अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

इंदौर की विधानसभा चार में शनिवार रात और फिर रविवार को विधायक गौड़ के करीबी नेताओं और संघ पदाधिकारियों के बीच विवाद हुआ था। वहीं, अब इस विवाद की रिकॉर्डिंग सामने आई है। यह रिकॉर्डिंग फरियादी महिला जयानी आगर ने अन्नपूर्णा पुलिस को सौंप दी है।



यह उनके देवर सूजल आगर की कार में लगे डैशबोर्ड कैमरे की रिकॉर्डिंग है। यह शनिवार रात 11 बजकर 54 मिनट पर पहुंचे थे। इस कैमरे में मारपीट साफ रिकॉर्ड हुई है। इसमें शेंडगे व उनके साथी जमकर मारपीट कर रहे हैं। महिलाएं बचाव कर रही हैं और बच्चे रो रहे हैं।



4ac00347-1d0


शेंडगे, शानू के साथ कई समर्थक पीट रहे

महिला फरियादी ने यह रिकॉर्डिंग अन्नपूर्णा पुलिस थाना टीआई हित गोपाल यादव को सौंप दी है। इसकी जांच कर चेहरों को पहचाना जा रहा है। वहीं फरियादी ने पुलिस को बताया कि इसमें शेंडगे, शानू उर्फ सौरभ दिघे सहित बड़े नेता के कई समर्थक मौजूद हैं। इनके जरिए जमकर मारपीट की गई थी।



इसमें सुयश आगर (फरियादी जयानी के पति) के कान का पर्दा फट गया था। वहीं संघ पदाधिकारी चेतन पाटिल को बुरी तरह पीटा गया था। इनके साथ मौजूद परमवीर व अन्य को बेल्ट से मारा गया था। रिकॉर्डिंग में सुना जा रहा है कि बहुत मारा है, पुलिस को फोन करके शिकायत कराओ।



फिर घर आकर की मारपीट

फरियादी ने शिकायत में बताया कि इसके बाद यह सभी रात 12 से 12.30 बजे के बीच घर पर आए। तब मैं, मेरी दोस्त पूनम, उनके पति परमवीर के साथ परिजन थे। इसी दौरान शेंडगे, शानू, मनीष ईमोलिया, प्रशांत सोनी, प्रणय चित्तौड़ा, गिरीश शेंडगे व अन्य घर में घुसे और मारपीट की थी।



शेंडगे ने चाकू से वार किया, लेकिन मैं बच गई। प्रणय ने पिस्टल निकालने के लिए कहा और मनीष ने पिस्टल निकाली और चलाने की कोशिश की, लेकिन चली नहीं। बाद में धमकाते हुए कहा कि आज बच गए हो, समझा लेना देवर सूजल और चेतन को, नहीं तो जीवन खराब कर देंगे। यह सभी बड़े नेता के समर्थक हैं।



ab3bc82c-599


इन पर हुई है एफआईआर

शिकायत के आधार पर पुलिस ने रविवार 7 जून की शाम पांच बजे केस दर्ज किया था। इसमें हत्या के प्रयास की धारा 109 के साथ ही घर में जबरदस्ती घुसने, संगठित अपराध करने जैसी गंभीर धाराओं में केस किया गया है।



इसमें नामजद आरोपी वीरेंद्र शेंडगे, गिरीश शेंडगे, शानू दिघे, मनीष ईमोलिया, प्रशांत सोनी, प्रणय चित्तौड़ा व अमित कोकाटे बनाए गए हैं। वहीं, पुलिस ने अभी तक इसमें किसी की गिरफ्तारी नहीं की है।



पुलिस की कार्रवाई पर उठ रहे सवाल

इस पूरे मामले में तीन दिन बीत जाने के बाद भी किसी की गिरफ्तारी पुलिस ने नहीं की है। अभी केवल विवेचना की बात की जा रही है। जबकि हत्या के प्रयास की धारा गंभीर है और इसमें गिरफ्तारी की जाती है।



वहीं शेंडगे व शानू के घर पर रविवार को अज्ञात लोगों के जरिए किए गए पथराव और हमले के आवेदन पर भी पुलिस ने अभी कोई केस दर्ज नहीं किया है।



36d0d0fd-81b


कालरा केस में विधायक गौड़ मुखर थीं, अब चुप्पी

उल्लेखनीय है कि जब विधायक के समर्थक पार्षद कमलेश कालरा के घर पर तत्कालीन एमआईसी सदस्य जीतू यादव के समर्थकों ने घुसकर मारपीट की थी, तब विधायक गौड़ मुखर थीं। वह पार्टी दफ्तर गईं और जीतू के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस पर भी लगातार कार्रवाई का दबाव बनाया गया था।



इस मामले में जीतू को पार्टी से निकाला गया, थाने में केस हुआ और कई लोगों की गिरफ्तारी हुई थी। वहीं, अब उनके ही क्षेत्र में संघ के पदाधिकारी व उनके परिजन के साथ मारपीट पर वह चुप्पी साधे हुए हैं। वहीं कोशिश की जा रही है कि शेंडगे व अन्य समर्थकों पर कोई कार्रवाई नहीं हो।



d6bbceca-e29


शेंडगे ने अभी नहीं दिया जवाब, पार्टी स्तर पर चुप्पी

वहीं इस मामले में शेंडगे को पार्टी ने विधानसभा प्रभारी पद से हटाने के साथ ही निष्कासित करने का नोटिस दिया था। इस पर उन्हें तीन दिन में जवाब देना था। जानकारी के अनुसार शेंडगे ने बुधवार रात तक जवाब नहीं दिया था।



वहीं पार्टी स्तर पर मामले को ठंडा करने का प्रयास किया जा रहा है। इस मामले में अभी संघ का रुख साफ नहीं है। लेकिन पदाधिकारियों में हिंद रक्षक के नाम पर हो रही मारपीट और संघ पदाधिकारी के साथ हुए व्यवहार को लेकर विधायक के करीबियों पर नाराजगी है।



ये खबरें भी पढ़िए...



मध्यप्रदेश: विधायक मालिनी गौड़ के प्रतिनिधि शेंडगे, पीए सहित सात पर हत्या के प्रयास में FIR



इंदौर में कुत्ते के भोजन पर विधायक मालिनी गौड़ के प्रतिनिधि शेंडगे और हिंद रक्षक के साथ संघ का विवाद



बीजेपी नेता और संघ पदाधिकारी विवाद की FIR में विधायक मालिनी गौड़ के करीबियों पर ये गंभीर आरोप



MP News: इंदौर विधायक मालिनी गौड़ के करीबी का महिला ट्रैफिक पुलिस से विवाद, पुलिसकर्मी सस्पेंड





Tags:
  • MP News
  • मध्यप्रदेश
  • इंदौर
  • इंदौर विधायक मालिनी गौड़
  • विधायक मालिनी गौड़
  • पार्षद कमलेश कालरा