इंदौर में तुलसीनगर में मिली अवैध शराब फैक्ट्री, बड़े ब्रांड के नकली होलोग्राम लगाकर बेच रहे
समझें क्या है पूरा मामला
- इंदौर के पॉश क्षेत्र तुलसीनगर में अवैध शराब बनाने की बड़ी फैक्ट्री पकड़ी गई है।
- आबकारी विभाग ने तीन दिनों तक सादे कपड़ों में रेकी कर इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
- मौके से बल्क लीटर नकली शराब और दो बड़ी ब्लेंडर मशीनें जब्त की गईं।
- फैक्ट्री से नामी ब्रांड्स के हजारों नकली लेबल और नकली होलोग्राम भी मिले हैं।
- मध्यप्रदेश के साथ राजस्थान के भी होलोग्राम मिलने से अंतरराज्यीय गिरोह का शक है।
इंदौर के पॉश क्षेत्र तुलसीनगर में अवैध शराब निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। अंतरराज्यीय शराब तस्कर गिरोह का नेटवर्क होने का संकेत मिला है।
मौके से 144 बल्क लीटर शराब सहित भारी मात्रा में फर्जी लेबल, होलोग्राम एवं निर्माण सामग्री जब्त की गई है। यहां बनाई गई शराब पर बड़े ब्रांड के नकली होलोग्राम लगाकर बेचा जा रहा था।
इस तरह हुई कार्रवाई
कुछ दिन पहले प्रशासन में कलेक्टर शिवम वर्मा और आबकारी विभाग को यह सूचना मिली। इस पर कलेक्टर ने टीम बनाकर छापे के आदेश दिए।
सहायक आबकारी आयुक्त अभिषेक तिवारी ने कंट्रोलर देवेश चतुर्वेदी, डिप्टी कंट्रोलर मनोज अग्रवाल, सहायक जिला आबकारी अधिकारी जहांगीर खान, तथा सी के साहू की टीम बनाई।
टीम ने तीन दिनों तक सिविल ड्रेस में सतत निगरानी एवं गोपनीय रेकी कर गतिविधियों की पुष्टि की। इसके उपरांत योजनाबद्ध ढंग से की गई दबिश में तीन मंजिला भवन के भीतर संचालित अवैध शराब निर्माण इकाई का खुलासा हुआ।
छापे में यह सभी मिला
कार्रवाई के दौरान 16 पेटी देशी शराब मिली। साथ ही अवैध शराब बनाने में लगने वाले स्प्रिट, कैरेमल, पैकेजिंग सामग्री, हजारों की संख्या में डुप्लीकेट लेबल, होलोग्राम, विभिन्न ब्रांडों के बाटल कैप, कागजी कार्टून, दो बड़ी ब्लेंडर मशीनें जब्त हुई।
मप्र में बिकने वाले शराब ब्रांड के साथ ही राजस्थान के ब्रांड के भी होलोग्राम मिले। प्रारंभिक तौर पर संगठित अंतरराज्यीय शराब तस्करी एवं अवैध निर्माण नेटवर्क के सक्रिय होने के संकेत मिले हैं।
कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी निधि शर्मा एवं आकांक्षा गर्ग तथा उप निरीक्षक जया मुजाल्दे और सुनील मालवीय समेत आबकारी स्टाफ भी शामिल रहा।
ये भी पढ़ें...
NMC का बड़ा फैसला: देश के सभी पीजी डिप्लोमा मेडिकल कोर्सेज होंगे बंद, जानें क्यों
5 प्रसूताओं की मौत के बाद जागा प्रशासन, नकली दवा सप्लायर का लाइसेंस रद्द
इंदौर के बिल्डर मालपानी बंधुओं और नगरीय प्रशासन विभाग के IAS का विवाद हाईकोर्ट पहुंचा, गंभीर आरोप
पिता ने बेटे-बहू को मारी गोली, मां के इलाज को लेकर हुआ था विवाद