प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी बोले- इंदौर का 90 फीसदी पानी जहरीला, पूर्व मंत्री बोले- यहां यमदूत चुने
INDORE: इंदौर के भयावह जलसंकट के बीच में कांग्रेसियों ने फिर मैदान पकड़ा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने मंगलवार शाम को राजवाड़ा पर बड़ा प्रदर्शन किया। इसके बाद सभी रैली के रूप में निगम आफिस तक गए और मटके फोड़कर जलसंकट पर नाराजगी जताई। वहीं इन मटकों पर बीजेपी के सांसद, महापौर और विधायकों के फोटो लगा रखे थे।
जीतू पटवारी पानी की रिपोर्ट होगी सार्वजनिक
पटवारी ने कहा कि पहले तो इंदौर निगम लोगों को पानी दे नहीं पा रहा है। यदि दे भी रहा है तो 90 फीसदी पानी जहरीला आ रहा है। हमने शहर भर से सैंपल लिए थे और इन 300 सैंपल की जांच लैब में कराई है। इसमें 90 फीसदी से अधिक जगह पर पानी जहरीला आया है। यह रिपोर्ट हम तीन दिन में सार्वजनिक करेंगे। निगम, महापौर में दम हो तो इसे चुनौती देकर बताएं। इंदौर पहला शहर बना जहां पानी को जहरीला बनाकर 36 लोगों की भागीरथपुरा में जान ले ली गई।
इंदौर में विपक्ष नहीं होने से हालत खराब
पटवारी ने फिर कहा कि इंदौर में विपक्ष नहीं है। सांसद, विधायक, महापौर, अधिकांश पार्षद बीजेपी के है। इसके चलते यह बेलगाम होकर जनता को लूट रहे हैं। दो हजार करोड़ की फर्जी बिल फाइल चला दी। लगातार भ्रष्टाचार हो रहा है।
लाड़ली बहना की किश्त से पानी के टैंकर आते हैं
पटवारी ने कहा कि लाड़ली बहना को 1500 रुपए देते हैं। इससे पानी के टैंकर खरीदना पड़ता है। हालत यह है कि चांदी की पायल तक इस राशि से नहीं खरीद सकते और ना ही उपचार करा सकते हैं। नफरत और लालच से बीजेपी सत्ता में आ रही है।
सज्जन वर्मा बोले- देवदूत नहीं यमदूत चुने
पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि लोगों ने उम्मीदों के साथ बीजेपी के नेताओं को चुना। उन्हें लगा कि देवदूत चुने हैं. लेकिन यह तो यमदूत निकले हैं। वहीं उन्होंने महापौर को लेकर कहा कि वह एक्सीडेंटल महापौर है। इनके कारण इंदौर की हालत खराब हुई। प्रदर्शन में शहारध्यक्ष चिंटू चौकसे, पूर्व विधायक सत्तू पटेल, कांग्रेसी पार्षद, अरविंद बागड़ी, सच सलूजा, अमन बजाज, केके मिश्रा व अन्य कई नेता मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें...
इंदौर में जलसंकट दूर करने महापौर, सांसद, विधायकों ने ACS से मांगा 50 करोड़ का पैकेज
MP Top News : मध्य प्रदेश की बड़ी खबरें: सरकार फिर से लेगी कर्ज
एमपी सरकार फिर से ले रही 2800 करोड़ का कर्ज, चालू वित्त वर्ष में चौथी बार