राष्ट्रपति मुर्मू के दौरे के बीच री-नीट की चुनौती, आज जबलपुर प्रशासन का मेगा टेस्ट
समझें क्या है पूरा मामला...
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रविवार को विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।
- जिले में री-नीट परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी।
- री-नीट के परीक्षार्थियों को समय से पहले निकलने का सुझाव।
- राज्यपाल मंगुभाई पटेल, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा भी शहर में मौजूद रहेंगे।
- परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए प्रशासन ने पेमेंट बेसिस पर विशेष बसों की व्यवस्था की है।
- वीवीआईपी मूवमेंट, सुरक्षा व्यवस्था और हजारों परीक्षार्थियों की होगी आवाजाही।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जबलपुर दौरे के साथ ही रविवार को री-नीट परीक्षा भी आयोजित होगी। हजारों परीक्षार्थियों और वीवीआईपी मूवमेंट के बीच व्यवस्थाओं को सुचारु रखना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। दूरस्थ परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए विशेष बसों की व्यवस्था भी की गई है।
राष्ट्रपति कार्यक्रम से राष्ट्रीय स्तर पर रहेगा फोकस
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शनिवार शाम जबलपुर पहुंची। रविवार को जबलपुर पूरे प्रदेश ही नहीं बल्कि देशभर का ध्यान अपनी ओर खींचेगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सुबह सदर स्थित गैरीसन ग्राउंड में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगी।
इसके बाद वे रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित करेंगी। राष्ट्रपति के साथ राज्यपाल मंगुभाई पटेल, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार सहित प्रदेश सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री भी मौजूद रहेंगे।
दूसरी ओर हजारों विद्यार्थियों के भविष्य की परीक्षा
राष्ट्रपति के कार्यक्रमों के समानांतर रविवार को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा री-नीट परीक्षा आयोजित की जाएगी। जिले के 23 परीक्षा केंद्रों पर हजारों विद्यार्थी परीक्षा देंगे।
परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक निर्धारित है। बड़ी संख्या में बाहरी जिलों और ग्रामीण क्षेत्रों से भी परीक्षार्थी जबलपुर पहुंच रहे हैं, जिससे शहर में यातायात का दबाव बढ़ना तय माना जा रहा है।
दूरस्थ परीक्षा केंद्रों के लिए बसों का विशेष इंतजाम
प्रशासन ने उन विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्था की है जिनके परीक्षा केंद्र शहर से दूर स्थित हैं। तीन परीक्षा केंद्रों के लिए पेमेंट बेसिस पर दो-दो बसों का संचालन किया जाएगा ताकि परीक्षार्थियों को समय पर केंद्र तक पहुंचाया जा सके।
एकलव्य मॉडल विद्यालय के लिए यहां से मिलेगी बस
समाधि रोड बरबटी स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय परीक्षा केंद्र के लिए रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म नंबर-1 से दो बसें रवाना होंगी। पहली बस सुबह 10:30 बजे और दूसरी बस सुबह 11:30 बजे प्रस्थान करेगी। जिन परीक्षार्थियों का केंद्र यहां है, वे इन बसों का उपयोग कर सकते हैं।
श्रमोदय विद्यालय के लिए मेडिकल कॉलेज तिराहे से सुविधा
होमगार्ड ट्रेनिंग सेंटर के पास ग्राम मंगेली स्थित शासकीय श्रमोदय आवासीय विद्यालय केंद्र के लिए मेडिकल कॉलेज तिराहा से बसों की व्यवस्था की गई है। यहां से पहली बस सुबह 10:30 बजे और दूसरी बस सुबह 11:30 बजे रवाना होगी।
होटल मैनेजमेंट संस्थान के लिए रेलवे स्टेशन से बसें
डुमना एयरपोर्ट रोड स्थित राज्य होटल प्रबंधन संस्थान परीक्षा केंद्र के लिए भी रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म नंबर-1 से दो बसें उपलब्ध रहेंगी। पहली बस सुबह 10:30 बजे तथा दूसरी बस सुबह 11:30 बजे प्रस्थान करेगी।
प्रशासन के लिए अग्निपरीक्षा से कम नहीं रविवार
रविवार को एक ओर राष्ट्रपति का काफिला शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरेगा, दूसरी ओर हजारों विद्यार्थी अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंचेंगे। इसके अलावा योग दिवस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी भी रहेगी।
सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, वीवीआईपी मूवमेंट और परीक्षा संचालन को एक साथ संभालना प्रशासन के लिए किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं होगा।
समय से निकलने की सलाह
प्रशासन ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे संभावित ट्रैफिक डायवर्जन और सुरक्षा जांच को देखते हुए समय से पहले घर से निकलें। प्रवेश पत्र और वैध पहचान पत्र साथ रखें तथा जिन केंद्रों के लिए बस सुविधा उपलब्ध कराई गई है, उसका लाभ उठाएं। रविवार का दिन जहां विद्यार्थियों के लिए परीक्षा का होगा, वहीं प्रशासन की तैयारियों की भी वास्तविक परीक्षा लेने वाला साबित होगा।
ये खबरें भी पढ़ें...
सीएम मोहन यादव को जीतू पटवारी ने दी चुनौती, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने दिया जवाब
भोपाल-इंदौर मेट्रोपॉलिटन मॉडल: विकास की नई व्यवस्था या शक्तियों का केंद्रीकरण?
यूनिवर्सिटीज का बड़ा फैसला, सर्टिफिकेट से हटेगा इंडिया शब्द, लिखा जाएगा भारत
MPPSC ने बदला मेंस 2025 का शेड्यूल, अब 8 अगस्त से होगी, UPSC मेंस से अब क्लैश नहीं