मंत्री कैलाश विजयवर्गीय राज्यसभा के लिए क्या तोड़ेंगे कांग्रेस विधायक, यह कर दिया दावा
मध्य प्रदेश में इस बार राज्यसभा के लिए तीन सीटें हैं। आंकड़ों के मुताबिक, दो सीटें बीजेपी के खाते में जाएंगी और एक सीट कांग्रेस को मिलने वाली है। बीजेपी ने तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल को उम्मीदवार घोषित किया है। वहीं कांग्रेस ने मीनाक्षी नटराजन को मैदान में उतारा है।
लेकिन अब ये चर्चा है कि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय क्या तीसरी सीट के लिए कांग्रेस विधायकों में सेंध लगाएंगे। इसका संकेत उन्होंने शुक्रवार 5 जून को इंदौर में एक बयान में दिया है।
इसी बीच बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी इंदौर पहुंचे और तीसरी सीट को लेकर अपनी बात रखी।
मंत्री बोले- तीसरी सीट के लिए यह करेंगे
इसी बीच 5 जून को मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि बीजेपी शीर्ष नेतृत्व ने दोनों ही अच्छे उम्मीदवार उतारे हैं। यह बिहाइंड द कर्टेन काम करने वाले हैं, जो फ्रंट में कभी नहीं आते हैं।
इन दोनों के नामों से खुश हैं। वहीं मंत्री ने आगे कहा कि दोनों तो जीतेंगे ही, यदि पार्टी तीसरा उम्मीदवार भी देती है तो फिर तीसरे को भी जिताने की कोशिश करेंगे। पार्टी ने यदि कहा कि तीसरा उम्मीदवार हम दे रहे हैं, फिर जिताएंगे उसको।
तीसरी सीट के लिए कांग्रेस के विधायक तोड़ने होंगे
आंकड़ों के हिसाब से देखें तो हर सीट के लिए मध्य प्रदेश में 58 विधायकों की जरूरत है। अभी इस हिसाब से बीजेपी के खाते में दो सीटें जा रही हैं। तीसरी सीट के लिए कांग्रेस के पास आंकड़े हैं। लेकिन कांग्रेस के पास केवल 62 विधायकों का ही आंकड़ा है। यदि इसमें पांच विधायकों को भी तोड़ दिया और क्रॉस वोटिंग हो गई तो तीसरी सीट भी बीजेपी के खाते में चली जाएगी।
मंत्री के बयान से यह साफ है
मंत्री विजयवर्गीय के बयान से साफ है कि वह केवल पार्टी के हरी झंडी का इंतजार कर रहे हैं। पार्टी यदि तीसरा उम्मीदवार भी घोषित करती है तो वह तैयार हैं कि कांग्रेस के विधायक दल में सेंध लगा दी जाए। क्रॉस वोटिंग करते हुए तीसरी सीट भी बीजेपी के खाते में डलवा दी जाए।
लोकसभा में खेला कर चुके हैं कैलाश
इसके पहले जून 2024 के लोकसभा चुनाव में इंदौर सीट पर कैलाश विजयवर्गीय कांग्रेस के साथ खेला कर चुके हैं। तब कांग्रेस के उम्मीदवार अक्षय कांति बम ने ऐन वक्त पर नाम वापस लिया और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के साथ कार में बैठकर चले गए। सीधे बीजेपी दफ्तर गए और पार्टी ज्वाइन कर ली। तब से अभी तक वह लगातार विजयवर्गीय के साथ ही रहते हैं। वहीं सीएम मोहन यादव ने हाल ही में एक कार्यक्रम में कहा था कि कांग्रेस में तो बारात खड़ी रही और एमपी लोकसभा 2024 में दूल्हा भाग गया था।
पार्टी से अभी दो ही उम्मीदवार- खंडेलवाल
वहीं बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश मंत्री गौरव रणदिवे व अन्य नेता इंदौर बीजेपी नगराध्यक्ष सुमित मिश्रा के घर पहुंचे। हाल ही में मिश्रा की एंजियोप्लास्टी हुई है। उन्होंने कहा कि मिश्रा स्वस्थ हैं और फिर से पार्टी के कार्यक्रम के लिए सक्रिय हैं। वहीं एमपी राज्यसभा चुनावके लिए तीसरी सीट को लेकर खंडेलवाल ने कहा कि राज्यसभा के लिए अभी पार्टी ने दो ही सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए हैं।
पटवारी ने केवल साइकल चलाई - रणदिवे
वहीं रणदिवे ने कहा कि सुना है कि जीतू पटवारी का नाम लोकसभा के लिए चल रहा था। लेकिन पटवारी एमपी विधानसभा चुनाव 2023 और अपना बूथ तक हारे हुए हैं। कांग्रेस के साथ ही पटवारी को भी आत्म-अवलोकन की जरूरत है।
उन्होंने आगे कहा कि बड़ी बातों से कोई बड़ा नेता नहीं बनता है। वैसे भी पटवारी ने साइकल चलाने के सिवा कोई काम नहीं किया है। इसलिए राज्यसभा के लिए पटवारी का फ्रस्ट्रेशन जरूर देखने को मिलता है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में सीएम ने पटवारी को दो कौड़ी का, रद्दी प्रदेश अध्यक्ष और टपोरी कहकर संबोधित किया था।
खबरें ये भी...
बीजेपी ने घोषित की राज्यसभा उम्मीदवारों की लिस्ट, MP से तरुण और रजनीश को टिकट
पश्चिम बंगाल जीत पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की आंखों से निकले आंसू, बोले- ममता ने फर्जी केस लगाए
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की विधानसभा के थाने को पुत्र आकाश ने बताया क्राइम में नंबर वन
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय बोले- जब भी अवसर मिलेगा महिला बिल फिर आ सकता है
कांग्रेस ने जारी की राज्यसभा उम्मीदवारों की लिस्ट, MP से मीनाक्षी उम्मीदवार