मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने की एसीएस संजय दुबे की तरीफ, बोले- रिटायरमेंट के बाद बहुत अच्छे नेता हो सकते हैं
मंत्री कैलाश ने की संजय दुबे की तारीफ
बुधवार को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में अर्बन कॉन्क्लेव शुरू हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की शुरुआत एसीएस संजय दुबे के संबोधन से हुई। उन्होंने अर्बन कॉन्क्लेव के मकसद के बारे में बताया। साथ ही शहरों में निवेश से होने वाले फायदे गिनाए।
भविष्य के प्रोजेक्ट और नई नीतियों की जानकारी भी दी थी। इसके लिए उन्होंने एक लंबा प्रेजेंटेशन दिया। इसके बाद नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय मंच पर आए। उन्होंने संजय दुबे की तारीफ में कुछ ऐसा कहा जो चर्चा को विषय बन गया है।
रिटायरमेंट के बाद अच्छे नेता हो सकते हैं- मंत्री कैलाश
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने एससीएस संजय दुबे की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, संजय दुबे ने बहुत अच्छा भाषण दिया है। इससे मेरा भार भी हल्का हो गया है। उन्होंने पूरे विश्वास के साथ अपनी बात रखी है। उनकी बोलने की शैली भी शानदार है। मैं उनके भाषण की सराहना करता हूं। रिटायरमेंट के बाद वे बहुत अच्छे नेता बन सकते हैं।
कब रिटायर हो रहे हैं संजय दुबे
संजय दुबे 1993 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। उन्होंने मैकेनिकल इंजीनियरिंग में एमटेक किया है। संजय दुबे सितंबर 2028 में रिटायर होंगे। फिलहाल वह मध्यप्रदेश सरकार में अपर मुख्य सचिव (एसीएस) हैं। वह सरकार में कई अहम पदों पर काम कर चुके हैं। वह पांच साल तक इंदौर के संभागायुक्त भी रहे हैं।
संजय दुबे अभी क्यों चर्चा में आए थे
नगरीय प्रशासन विभाग के एसीएस संजय दुबे एक वीडियो से चर्चा में आए थे। यह वीडियो अप्रैल में हुई एक विभागीय बैठक का था। बैठक भोपाल के भौंरी स्थित सुंदरलाल पटवा शहरी विकास प्रशिक्षण संस्थान में हुई थी।
इस वीडियो में उन्होंने बताया कि एक निकाय ने दो लाख में कचरा वाहन खरीदा। वहीं, दूसरे निकाय ने ऐसे ही वाहन पर छह लाख खर्च किए। इस वाहन के साथ चार डस्टबिन भी दिए गए थे। दुबे ने सवाल उठाया कि तीन डस्टबिन जोड़ने से कीमत तीन गुना कैसे हुई?
उन्होंने बताया कि कुछ निकायों ने डेढ़-डेढ़ करोड़ के कचरा वाहन खरीदे। जबकि इन निकायों में पर्याप्त वाहन चलाने लायक वार्ड भी नहीं हैं। उन्होंने पूछा कि सरकारी खरीदी के नाम पर आखिर क्या चल रहा है?
दुबे ने कहा कि विभाग के पास हर खरीदी का रिकॉर्ड है। किस निकाय ने क्या खरीदा और कितनी कीमत चुकाई, सब जानकारी है। खरीदी में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सरकारी खरीदी के बड़े आंकड़े भी सामने आए थे। प्रदेश के 374 नगरीय निकायों ने तीन साल में बड़ी खरीदारी की है। इन निकायों ने GeM पोर्टल से करीब एक हजार 134 करोड़ रुपए खर्च किए हैं। बैठक में बताया गया कि औसत दरों पर खरीदी से बचत होती। इससे सरकार के करीब 250 करोड़ रुपए बच सकते थे।
वीडियो सामने आने के बाद विभाग ने बताई कार्रवाई
वीडियो सामने आने के बाद विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे। इसके बाद विभाग ने आठ संभागों के 62 मामलों का ब्योरा दिया। इनमें 146 अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जानकारी दी गई।
विभाग के मुताबिक सात लोगों को सेवा से हटाया गया। वहीं 76 की वेतनवृद्धि रोकी गई और 17 की पेंशन से कटौती हुई। सरकारी नुकसान की भरपाई के लिए 38 लोगों से वसूली की गई। पांच को चेतावनी दी गई और दो के खिलाफ कार्रवाई समाप्त हुई। जांच में 22 लोग दोषमुक्त पाए गए।
अब लोकायुक्त ने भी इस मामले को जांच में ले लिया है।
इस पर भी यह बोले थे मंत्री
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इस वीडियो को लेकर बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि मामले की उच्च स्तरीय जांच हो चुकी है। कुछ लोगों को सस्पेंड भी किया गया है। मामले की जांच अभी जारी है। बाकी दोषियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। संबंधित ठेकेदारों को भी ब्लैकलिस्ट किया गया है।
FAQ
- कैलाश विजयवर्गीय ने IAS संजय दुबे के बारे में क्या कहा?
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने संजय दुबे के भाषण और बोलने की शैली की तारीफ की और कहा कि वे रिटायरमेंट के बाद बहुत अच्छे नेता बन सकते हैं। - कैलाश विजयवर्गीय ने संजय दुबे की तारीफ कहां की?
उन्होंने 28 अक्टूबर 2026 को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित अर्बन कॉन्क्लेव में यह टिप्पणी की। - IAS संजय दुबे कब रिटायर होंगे?
संजय दुबे 1993 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और वे सितंबर 2028 में रिटायर होंगे।