इंदौर धर्मांतरण केस: आरोपी बेटे को बचाने पीड़िता को दिया एक लाख का ऑफर, पिता भी गिरफ्तार
यह है पूरा मामला...
खजराना थाना टीआई मनोज सेंधव ने बताया कि पीड़िता ने 18 अप्रैल 2026 को अब्दुल अजीज पठान के खिलाफ धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत केस दर्ज कराया था। इस मामले में युवती के कोर्ट में बयान होने थे। आरोप है कि बयान रुकवाने के लिए आरोपी के पिता एजाज पठान ने युवती से संपर्क किया।
जानकारी के मुताबिक, 12 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे पीड़िता को फोन किया गया। उसे बातचीत के लिए स्टार चौराहे के पास स्थित साहिल रेजिडेंसी बुलाया गया। बता दें कि यह पूरी घटना बयान दर्ज होने से एक दिन पहले हुई थी।
पीड़िता से यह कहा
पीड़िता के मुताबिक, मुलाकात के दौरान एजाज पठान ने उसे एक लाख रुपए देने का ऑफर दिया। उसने कहा कि युवती कोर्ट में उसके बेटे के पक्ष में बयान दे, ताकि अब्दुल अजीज पठान को जेल से बाहर निकालने में मदद मिल सके।
दूसरी ओर पीड़िता ने रुपए लेने और अपने बयान बदलने से साफ इनकार कर दिया। आरोप है कि इसके बाद उसे जान से मारने की धमकी दी गई। इस दौरान युवती ने अपने मोबाइल से पूरी घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया।
वीडियो बनाकर सीधे थाने पहुंची पीड़िता
घटना के बाद पीड़िता थाने पहुंची और पुलिस से पूरे मामले की शिकायत की। उसने रुपए देने का ऑफर और जान से मारने की धमकी मिलने की बात बताई। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत और वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए एजाज पठान को गिरफ्तार कर लिया।
बयान के एक दिन पहले किया काम
बता दें कि इंदौर धर्मांतरण केस (Indore conversion case) में यह पूरी घटना कोर्ट में पीड़िता के बयान दर्ज होने से ठीक एक दिन पहले हुई। आरोप है कि एजाज पठान ने युवती को पैसे देकर आरोपी बेटे के पक्ष में बयान देने के लिए मनाने की कोशिश की। पुलिस ने एजाज के खिलाफ केस दर्ज किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।