ऑनलाइन गेम में 35 लाख हारी बैंक कैशियर, 42 लाख के गबन का हुआ खुलासा
समझें क्या है पूरा मामला...
- ऑनलाइन गेम की लत में डूबी बैंक कैशियर, करोड़ों का गबन।
- स्टार मेकर गेम में 35 लाख उड़ाए, बैंक का पैसा चुराया।
- गबन की रकम से परिवार को कराई हवाई सैर, फिर गई जेल।
- मुंबई-दिल्ली तक भागी कैशियर, खरगोन पुलिस ने दबोचा।
- ऑनलाइन गेमिंग की लत ने बर्बाद किया बैंक कर्मचारी का करियर।
मध्यप्रदेश के खरगोन में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की ठीबगांव शाखा में 42 लाख रुपए से ज्यादा के गबन का मामला सामने आया है। महिला कैशियर ऋतु गोस्वामी ने ग्राहकों के खाते से पैसे चुराकर ऑनलाइन गेम स्टार मेकर में लगाए।
35 लाख रुपए इस गेम में हार गई। बाकी रकम से परिवार को हवाई यात्रा कराई। पुलिस ने मुंबई और दिल्ली तक पीछा करके उसे गिरफ्तार किया।
ऑनलाइन गेम की लत और लाखों का गबन
खरगोन जिले की ठीबगांव शाखा में बैंक कैशियर के पद पर काम करने वाली ऋतु गोस्वामी (44) किसी लिंक के जरिए ऑनलाइन गेम स्टार मेकर से जुड़ी थी। यह एक ऐसा गेम है जिसमें पैसे लगाकर खेला जाता है। धीरे-धीरे इस गेम की लत इतनी बढ़ गई कि उसने अपने खाते के पैसे खत्म कर दिए।
फिर उसने बैंक के ग्राहकों के खातों से पैसे निकालना शुरू किया। 41 लाख 58 हजार 95 रुपए का गबन किया। इसमें से 35 लाख से ज्यादा रकम गेम में हार गई।
25-26 मई को हुई फरार
जब गबन पकड़े जाने का डर हुआ तो ऋतु 25-26 मई को बैंक से फरार हो गई। वह सीधे मुंबई में अपने ससुराल पहुंची। वहां परिवार को बताया कि उसने बैंक से छुट्टी ली है। पुलिस या बैंक से कोई संपर्क न कर सके, इसके लिए परिवार के मोबाइल नंबर भी बंद करा दिए गए।
बैंक ने पांच दिन तक मामले की आंतरिक जांच की। इसके बाद 29 मई को शाखा प्रबंधक की शिकायत पर बीएनएस (BNS – Bharatiya Nyaya Sanhita) की धारा 316(5) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया।
दिल्ली तक पहुंची पुलिस
जैतापुर पुलिस की टीम ऋतु की तलाश में मुंबई और दिल्ली तक पहुंची। दिल्ली के रोहिणी इलाके में पुलिसकर्मी चार दिन तक अपनी पहचान छिपाकर रहे। स्थानीय लोगों के बीच घुल-मिलकर आरोपी के ठिकानों की जानकारी जुटाते रहे।
लेकिन पुलिस के वहां कार्रवाई करने से पहले ही ऋतु परिवार के साथ इंदौर होकर खरगोन लौट आई। सोमवार को पुलिस ने उसे वहीं गिरफ्तार कर लिया।
परिवार को कराई हवाई यात्रा
गबन की रकम का एक हिस्सा ऋतु ने परिवार पर खर्च किया। जांच में सामने आया कि उसने अपने सास-ससुर, पति और बच्चे को हवाई जहाज से मुंबई, दिल्ली और इंदौर की सैर कराई। यह खर्च भी उसी चुराई गई रकम से किया गया।
पुलिस ने गिरफ्तारी के वक्त उसके पास से 1 लाख 49 हजार रुपए नकद, तीन मोबाइल फोन और बैंक का पहचान पत्र बरामद किया है। बाकी रकम कहां और कैसे खर्च हुई, यह जांच जारी है।
दो आरोपी अभी भी फरार
एसपी रवींद्र वर्मा ने बताया कि मुख्य आरोपी ऋतु से पुलिस रिमांड पर पूछताछ जारी है। इस मामले में ठीबगांव शाखा के सहायक कैशियर त्रयंबक वाणी और शाखा प्रबंधक राजेश राठौड़ अभी भी फरार हैं। इन दोनों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। गबन की रकम की वसूली के प्रयास भी चल रहे हैं।
ऑनलाइन गेम का जाल कैसे फंसाता है
थाना प्रभारी सुदर्शन कुमार ने बताया कि ऋतु किसी लिंक के जरिए इस गेम से जुड़ी थी। ऐसे गेम पहले छोटी-छोटी जीत दिखाकर भरोसा बनाते हैं। फिर धीरे-धीरे बड़ी रकम लगवाई जाती है और आखिर में सब कुछ डूब जाता है। यह एक तरह का जाल है जिसमें देशभर में लाखों लोग फंस रहे हैं।
ये खबरें भी पढ़ें...
OBC आरक्षण केस: 16 जून की सुनवाई भी अधर में! नई बेंच में मामला लिस्ट नहीं
इंदौर कलेक्ट्रेट के गेट पर ही आपूर्ति अधिकारी ने ली 20 हजार रिश्वत, पकड़ाया
बिजनेस पार्टनर ने महिला को मारी गोली, फिर खुद को किया शूट, पुलिस पर उठे सवाल
मुरैना रेल हादसा: प्रत्यक्षदर्शी महिला बोलीं- मोबाइल के चार्जर में लगी आग, जिससे मची भगदड़