उज्जैन महाकाल मंदिर परिसर खुदाई में मिला प्राचीन शिवलिंग, दर्शन को उमड़े श्रद्धालु

Anjali Dwivedi | May 01, 2026, 15:49 IST
Ujjain Mahakal Temple Excavation Shivling
उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में टनल निर्माण के दौरान आज सुबह प्राचीन शिवलिंग मिला है। नंदी और अन्य परमारकालीन अवशेष मिलने की भी संभावना जताई जा रही है।

उज्जैन. बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में एक बार फिर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। आज सुबह महाकालेश्वर मंदिर परिसर के पास चल रहे टनल निर्माण के दौरान एक प्राचीन शिवलिंग मिला है। जैसे ही यह खबर फैली, पूरे क्षेत्र में उत्साह और भक्ति का माहौल बन गया। श्रद्धालु इसे बाबा महाकाल का चमत्कार मान रहे हैं और दर्शन के लिए भारी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।



खुदाई के दौरान दिखाई दी शिवलिंग

महाकाल मंदिर के गेट नंबर-4 के पास श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए टनल और वेटिंग हॉल का निर्माण कार्य किया जा रहा है। आज सुबह करीब पांच बजे जब पोकलेन मशीन से खुदाई चल रही थी, तभी ऑपरेटर को मिट्टी के बीच एक शिवलिंग दिखाई दिया। शिवलिंग देखते ही खुदाई का काम तुरंत रोक दिया गया और साइट इंजीनियर सहित मंदिर प्रशासन को इसकी सूचना दी गई।



मंत्रोच्चार के साथ शुरू हुआ पूजन-अर्चन

सूचना मिलते ही मंदिर के पुजारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने शास्त्रोक्त विधि-विधान के साथ शिवलिंग का पूजन-अर्चन किया। फिलहाल सुरक्षा की दृष्टि से शिवलिंग को उसी स्थान पर सुरक्षित रखा गया है। जैसे-जैसे यह खबर शहर में फैली, आम लोगों और दर्शनार्थियों का तांता लगना शुरू हो गया। हर कोई इस प्राचीन शिवलिंग की एक झलक पाने को बेताब है।



खुदाई के दौरान मिला विशाल शिवलिंग।- India TV Hindi


नंदी और प्राचीन अवशेष मिलने के भी संकेत

खुदाई स्थल पर केवल शिवलिंग ही नहीं, बल्कि अन्य प्राचीन मूर्तियों के होने की भी संभावना है। साइट इंजीनियर सतीश राजपूत के मुताबिक, मिट्टी के नीचे नंदी की प्रतिमा जैसे कुछ अन्य अवशेष भी दिखाई दिए हैं। इन संकेतों के मिलने के बाद अब पुरातत्व की दृष्टि से इस स्थान की जांच की जा रही है।



इतिहास की यादें हुईं ताजा

यह पहली बार नहीं है जब महाकाल की शरण में खुदाई के दौरान इतिहास बाहर आया हो। इससे पहले मई 2020 में भी मंदिर विस्तार कार्य के दौरान करीब 25-30 फीट नीचे प्राचीन मंदिर के अवशेष (महाकाल मंदिर में प्राचीन अवशेष) मिले थे। उस समय शिवलिंग, गणेश, मां चामुंडा और नंदी की मूर्तियां प्राप्त हुई थीं, जिन्हें एक्सपर्ट्स ने लगभग एक हजार साल पुराना और परमारकालीन बताया था। माना जा रहा है कि नया मिला शिवलिंग भी उसी कालखंड का हो सकता है।



ये खबरें भी पढ़ें...



वूमन फ्रेंडली महाकालेश्वर मंदिर के लिए 1100 महिला कर्मचारियों को मिलेगी स्पेशल ट्रेनिंग



उज्जैन स्टेशन से 26 बच्चों का रेस्क्यू, यूपी से गुजरात ले जाने की थी तैयारी, क्या है पूरा मामला



कैसे हुई काल के काल बाबा महाकाल की उत्पत्ति? पढ़ें महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग की अद्भुत कहानी



पौष कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा को भांग-ड्रायफ्रूट से बाबा महाकालेश्वर का श्रृंगार, भक्तों ने लिया आशीर्वाद



Tags:
  • उज्जैन
  • महाकालेश्वर मंदिर
  • बाबा महाकाल
  • महाकाल मंदिर में प्राचीन अवशेष
  • प्राचीन शिवलिंग