राजगढ़ में मंत्री का अल्टीमेटम, कोचिंगबाज सरकारी शिक्षकों पर होगी सख्त कार्रवाई
समझें क्या है पूरा मामला...
- मंत्री बोले, दो दिन में कार्रवाई करो वरना मैं करूंगा।
- कोचिंग बाज शिक्षकों पर मंत्री ने मंच से लगाई फटकार।
- राजगढ़ में सीएम राइज स्कूल पर मंत्री का बड़ा बयान।
- गुरु पूर्णिमा पर मंत्री की सरकारी शिक्षकों को खुली चेतावनी।
- पत्रिका की खबर पर मंत्री का एक्शन, दो दिन का अल्टीमेटम।
राजगढ़ के ब्यावरा में सांदीपनि स्कूल के कार्यक्रम में राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार पहुंचे। उन्होंने निजी कोचिंग चलाने वाले सरकारी शिक्षकों पर नाराजगी जताई। मंत्री ने सीईओ और डीईओ को दो दिन में कार्रवाई करने की चेतावनी दी। कहा कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो वे खुद कदम उठाएंगे।
मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में गुरु पूर्णिमा के मौके पर स्कूलों में कार्यक्रम आयोजित हुए। ब्यावरा के सांदीपनि विद्यालय में हुए एक ऐसे ही आयोजन में राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार पहुंचे। मंच से बोलते हुए उन्होंने कोचिंग चलाने वाले सरकारी शिक्षकों को सीधी चेतावनी दे दी।
मंत्री ने दी दो दिन की चेतावनी
मंत्री पंवार ने कहा कि कोचिंग बाज सरकारी शिक्षकों पर दो दिन में कार्रवाई हो। यह निर्देश उन्होंने मंच पर मौजूद अधिकारियों को दिया। जिला पंचायत सीईओ इच्छित गढ़पाले और डीईओ श्रवण पाटीदार वहां मौजूद थे।
मंत्री ने साफ कहा कि अगर विभाग ने कदम नहीं उठाया, तो वे खुद कार्रवाई करेंगे। उनका लहजा सख्त और दो टूक था।
सीएम राइज स्कूल का मकसद न भूलें
मंत्री ने कहा कि उन्हें पता है कि कौन-कौन शिक्षक बच्चों पर कोचिंग का दबाव बना रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार ने करोड़ों रुपए खर्च कर सीएम राइज और सांदीपनि स्कूल बनाए हैं। मकसद यही था कि बच्चों को निजी कोचिंग की जरूरत न पड़े।
अगर सरकारी शिक्षक ही बच्चों को कोचिंग भेजेंगे, तो इन स्कूलों का मतलब खत्म हो जाएगा। मंत्री ने कहा कि निजी लाभ के लिए छात्रों का इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं होगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायत का इंतजार किए बिना खुद निगरानी करें।
विद्यार्थियों के बीच बैठे मंत्री
कार्यक्रम में मंत्री पंवार ने गुरुजनों का सम्मान भी किया। वे विद्यार्थियों के बीच फर्श पर बैठकर उनसे बातचीत करते नजर आए। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु सिर्फ ज्ञान नहीं देते। वे राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा भी देते हैं।
मंत्री ने बताया कि सरकार स्मार्ट क्लास, आधुनिक लैब और खेल सुविधाओं पर काम कर रही है। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री बद्रीलाल यादव और जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि जगदीश गुर्जर भी मौजूद रहे। इस मौके पर पौधारोपण भी किया गया।
ये खबरें भी पढ़ें...
नमाज के लिए भोजशाला के पास दो सर्वे नंबर या निजी जमीन देने का आदेश
वकील पर दुष्कर्म का आरोप: शोहराब ने सौरभ बनकर महिला आरक्षक को बनाया शिकार
भाजपा से जुड़ी पोस्ट गायब, पूर्व विधायक शशांक भार्गव फिर कांग्रेस में लौटेंगे?
रिटायरमेंट से एक दिन पहले AE रिश्वत लेते गिरफ्तार, ग्वालियर लोकायुक्त की कार्रवाई