मोदी सरकार के 12 साल: धर्मेंद्र प्रधान ने गिनाईं उपलब्धियां, दिया भविष्य का संदेश
केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूरे कर लिए है। इस अवसर पर भाजपा ने उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति तेज कर दी है। इसी क्रम में राजधानी भोपाल में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार के कामकाज को अंत्योदय से आत्मनिर्भर भारत की यात्रा बताया विकास के नए विमर्श को आगे बढ़ाने का प्रयास किया।
कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में हुए इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी मौजूद रहे। हालांकि पूरे आयोजन का केंद्र बिंदु धर्मेंद्र प्रधान का संबोधन रहा। इसमें उन्होंने मोदी सरकार के 12 वर्षों को देश की दिशा बदलने वाला कालखंड बताया।
क्या बोले केंद्रीय मंत्री
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लंबे समय से जनसेवा में सक्रिय हैं। उनके नेतृत्व में केंद्र सरकार योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा रही है। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय विचार का उल्लेख किया। सरकार की नीतियां समावेशी विकास पर केंद्रित हैं।
महिलाओं और युवाओं को विशेष प्राथमिकता दी गई है। शिक्षा क्षेत्र में बेटियों की भागीदारी बढ़ी है। सरकारी योजनाओं का लाभ महिलाओं तक अधिक पहुंचा है। देश में स्टार्टअप इकोसिस्टम तेजी से विकसित हो रहा है। इससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़े हैं। नवाचार के नए रास्ते भी तैयार हुए हैं।
नए मॉडल प्रदेश को अलग पहचान दे रहे
मध्य प्रदेश का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में राज्य ने उल्लेखनीय काम किया है। कृषि, ग्रामीण विकास और निवेश के नए मॉडल प्रदेश को अलग पहचान दे रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सेवा क्षेत्र और निर्यात के मोर्चे पर भारत की स्थिति पहले की तुलना में अधिक मजबूत हुई है।
सीएम मोहन यादव की तारीफ
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने संबोधन में 12 वर्ष के महत्व का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में 12 का विशेष महत्व है और सिंहस्थ भी इसी अवधि में आयोजित होता है। उन्होंने धार्मिक पर्यटन, बुनियादी ढांचे और निवेश से जुड़े प्रयासों का जिक्र करते हुए प्रदेश में विकास की नई संभावनाओं की बात कही।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ऐसे कार्यक्रम केवल उपलब्धियां गिनाने तक सीमित नहीं रहते, बल्कि आगामी चुनावी विमर्श की दिशा भी तय करते हैं। भोपाल का यह संवाद भी इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जहां विकास, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के अवसरों को भाजपा के राजनीतिक नैरेटिव के केंद्र में रखने की कोशिश दिखाई दी।
भोपाल में गिनाई उपलब्धियां...
* मोदी सरकार ने केंद्र में 12 वर्ष पूरे किए।
* धर्मेंद्र प्रधान ने महिला सशक्तिकरण और युवाओं के अवसरों पर जोर दिया।
* स्टार्टअप और शिक्षा क्षेत्र में बदलाव को प्रमुख उपलब्धि बताया गया।
* मध्य प्रदेश को कृषि आधारित विकास का मॉडल राज्य बताया गया।
* कार्यक्रम को आगामी राजनीतिक विमर्श की तैयारी के रूप में भी देखा जा रहा है।
ये भी पढ़ें...
20 जुलाई से विधानसभा का मानसून सत्र, बजट से लेकर UCC तक कई बड़े फैसलों की तैयारी
MP SEIAA में बड़ा खुलासा: बैठकों पर ब्रेक, फाइलों पर सन्नाटा और पर्यावरण मंजूरियों पर सवाल
MP में कैदियों के लिए बदले नियम: खाने में नखरे किए तो खुद बनाना पड़ेगा भोजन
नीट परीक्षा पर एमपी में क्या बोले शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, छात्रों से की ये खास अपील