CEC ज्ञानेश कुमार के साथ फोटो विवाद पर घिरे कांग्रेस विधायक अजय सिंह, बोले- मैं पहचानता नहीं था, BJP बोली- आप तो ऐसे न थे

Arohi Raj | Published:
कांग्रेस के विरोध के बीच CEC के साथ अजय सिंह दिखे।
A photograph featuring senior Congress leader and former Leader of the Opposition, Ajay Singh (Rahul), alongside Chief Election Commissioner (CEC) Gyanesh Kumar
जिस मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस पिछले दो महीने से देशभर में प्रदर्शन कर रही है, उन्हीं के साथ पार्टी के सीनियर नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह (राहुल) की एक तस्वीर ने एमपी की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। फोटो पर सवाल उठे तो अजय सिंह ने सफाई देते हुए कहा कि वे ज्ञानेश कुमार को पहचानते नहीं थे।

इधर, ज्ञानेश कुमार दो दिन भोपाल में रहे, लेकिन कांग्रेस ने उनके दिल्ली रवाना होने के बाद विरोध प्रदर्शन किया। अब भाजपा ने अजय सिंह की सफाई को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है।



दरअसल, 23 नवंबर को आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) के डीजी उपेंद्र जैन के बेटे दिव्यांशु की शादी थी। इसमें ज्ञानेश कुमार और अजय सिंह भी शामिल हुए थे। इसी दौरान दोनों की एक साथ तस्वीर खींची गई, जिसे अजय सिंह ने खुद फेसबुक पर पोस्ट किया था। बता दें कि उपेंद्र जैन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के जीजा हैं। कांग्रेस लगातार ज्ञानेश कुमार पर भाजपा का साथ देने, वोट चोरी और SIR प्रक्रिया में पक्षपात करने का आरोप लगा रही है।



फोटो पर सवाल उठे तो अजय सिंह ने दी सफाई

पूर्व नेता प्रतिपक्ष और चुरहट विधायक अजय सिंह ने शादी समारोह की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की थीं। इनमें एक तस्वीर में वे विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, उपेंद्र जैन और ज्ञानेश कुमार के साथ खड़े नजर आ रहे हैं।जबलपुर में संविधान रक्षा मार्च में शामिल होने पहुंचे अजय सिंह से मीडिया ने इस तस्वीर को लेकर सवाल किया। इस पर उन्होंने कहा कि फोटो किसी और ने वायरल नहीं की, बल्कि उन्होंने खुद फेसबुक पर डाली थी।



अजय सिंह ने बताया कि उपेंद्र जैन की पहली पोस्टिंग सीधी में हुई थी और वे जिले के पहले एसपी थे। उनके बेटे की शादी के रिसेप्शन में शामिल होने पहुंचे थे। वहां नरेंद्र सिंह तोमर के साथ कुछ अन्य लोग भी खड़े थे। किसी ने परिचय नहीं कराया और फोटो खींच ली गई। उन्हें नहीं पता था कि वहां ज्ञानेश कुमार भी मौजूद हैं।



कांग्रेस विधायक अजय सिंह और चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार

अजय सिंह बोले- ज्ञानेश कुमार से बात करने का सवाल ही नहीं

ज्ञानेश कुमार दो दिन भोपाल में रहे, जाने के बाद कांग्रेस का प्रदर्शन

ज्ञानेश कुमार 23 नवंबर को सुबह 7.55 बजे भोपाल पहुंचे थे। दो दिन शहर में रहने के बाद वे 25 नवंबर को सुबह 8.25 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो गए। उनके जाने के बाद कांग्रेस विरोध प्रदर्शन की तैयारी में जुटी। पार्टी के वॉट्सएप ग्रुपों में कार्यकर्ताओं को तुरंत प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचने का मैसेज भेजा गया। इसमें बताया गया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी कार्यालय पहुंच रहे हैं। इसके बाद शाम करीब साढ़े छह बजे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पीसीसी कार्यालय के सामने ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाया।



भाजपा का तंज- अजय जी, आप तो ऐसे न थे

अजय सिंह की सफाई के बाद शुरू हुए पॉलिटिकल कंट्रोवर्सी के बीच भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया कि अजय सिंह को गांधी परिवार से इतना डर क्यों है? किसी निजी कार्यक्रम में देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मुलाकात हो गई और फोटो खिंच गई तो इसमें सफाई देने की क्या जरूरत थी?



शर्मा ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में मित्र और विरोधी दोनों मिलते हैं। ज्ञानेश कुमार देश के मुख्य चुनाव आयुक्त हैं और संवैधानिक पद पर बैठे हैं। उनके साथ खड़े होना कोई अपराध नहीं है। उन्होंने अजय सिंह को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें हिम्मत के साथ अपनी बात रखनी चाहिए। उनकी राजनीति गांधी परिवार की कृपा पर निर्भर नहीं है।



शादी में पहुंचे थे भाजपा और कांग्रेस के कई बड़े नेता

उपेंद्र जैन के बेटे की शादी में दोनों ही प्रमुख राजनीतिक दलों के नेता शामिल हुए थे। कांग्रेस की ओर से अजय सिंह के अलावा कमलेश्वर पटेल और महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया पहुंची थीं। वहीं, भाजपा की ओर से विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, सांसद आलोक शर्मा, कैबिनेट मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, गोविंद सिंह राजपूत, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, यशोधरा राजे सिंधिया और डॉ. राघवेंद्र शर्मा समेत कई नेता शामिल हुए थे।



28 सितंबर से ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही एमपी कांग्रेस

  • 24 सितंबर: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने 28 सितंबर से आंदोलन शुरू करने की घोषणा की।
  • 28 सितंबर: भोपाल में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय तक प्रदर्शन किया गया। पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल कर कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।
  • 30 सितंबर: इंदौर समेत मध्यप्रदेश के कई जिलों में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया।
  • 6 अक्टूबर: राहुल गांधी की हिरासत के विरोध में भोपाल में ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाया गया।
  • 25 नवंबर: ज्ञानेश कुमार के भोपाल से दिल्ली रवाना होने के करीब 10 घंटे बाद कांग्रेस ने पीसीसी कार्यालय के सामने उनका पुतला जलाया।

FAQs



  1. चुरहट विधायक ने ज्ञानेश कुमार के साथ फोटो शेयर करने पर क्या सफाई दी?
    अजय सिंह ने बताया कि उन्होंने खुद फोटो फेसबुक पर पोस्ट की थी और यह किसी अन्य ने वायरल नहीं की। उन्होंने यह भी कहा कि वे ज्ञानेश कुमार से बात करने का सवाल ही नहीं उठता क्योंकि कांग्रेस उनकी इस्तीफे की मांग कर रही है।
  2. कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन क्यों किया?
    कांग्रेस, ज्ञानेश कुमार पर भाजपा का साथ देने, वोट चोरी और SIR प्रक्रिया में पक्षपात करने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन कर रही है। हाल ही में, उन्होंने ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाया।
  3. उपेंद्र जैन की शादी में कौन-कौन नेता आए थे?
    उपेंद्र जैन की शादी में कांग्रेस की ओर से अजय सिंह, कमलेश्वर पटेल, और महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया ने भाग लिया, जबकि भाजपा की ओर से विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर समेत कई अन्य बड़े नेता शामिल हुए।
Tags:
  • ज्ञानेश कुमार
  • कांग्रेस नेता अजय सिंह
  • Chief Election Commissioner Gyanesh Kumar
  • मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार
  • BJP targets Congress
  • Congress MLA Ajay Singh
  • कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी
  • डीजी ईओडब्ल्यू उपेंद्र जैन
  • मध्य प्रदेश