मोहन कैबिनेट की बैठक आज, दिल्ली में कांग्रेस करेगी मिशन एमपी पर चर्चा
मध्यप्रदेश की राजनीति के लिए आज, 17 मार्च का दिन बेहद हलचल भरा रहने वाला है। एक तरफ जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल में कैबिनेट की बैठक के जरिए कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी देने की तैयारी में हैं।
वहीं दूसरी तरफ देश की राजधानी दिल्ली में कांग्रेस आलाकमान मिशन एमपी को लेकर मंथन करेगा। सत्ता और संगठन के गलियारों में आज होने वाली ये हलचलें आने वाले समय में प्रदेश की दिशा तय करेंगी।
सीएम मोहन यादव का आज का कार्यक्रम
सीएम मोहन यादव का दौरा इस प्रकार है...
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दिन की शुरुआत बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन से होगी। वे सुबह 10 बजे भोपाल से रवाना होकर 11 बजे सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगे।
इसके बाद दोपहर 1 बजे सीएम उज्जैन विकास प्राधिकरण और नगर निगम की उन योजनाओं का भूमिपूजन करेंगे, जो सिंहस्थ 2028 (Simhastha 2028) के भव्य आयोजन की तैयारियों को तेज करेगी।
शाम 4:35 बजे मुख्यमंत्री मंत्रालय पहुंचेंगे, जहां से प्रदेश के विकास और कर्मचारियों के हित से जुड़े प्रस्तावों को मंजूर करेंगे।
दिन भर की राजनीतिक गहमागहमी के बाद, मुख्यमंत्री रात 8 बजे बिम्सटेक (BIMSTEC) युवा सांस्कृतिक विरासत एवं सतत विकास कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को अंतरराष्ट्रीय मंच पर साझा करने का एक प्रयास है।
आज 10 लाख कर्मचारियों और पेंशनर्स की लगेगी लॉटरी
आज शाम 5 बजे मंत्रालय में होने वाली मोहन कैबिनेट की बैठक का सबसे बड़ा एजेंडा महंगाई भत्ता हो सकता है। होली से पहले मुख्यमंत्री ने जो वादा किया था, उसे आज औपचारिक मुहर लग सकती है। प्रस्ताव के मुताबिक, राज्य के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स का डीए (DA) व डीआर (DR) 3% बढ़ाया जाना है।
- बढ़ोतरी के बाद: महंगाई भत्ता 55% से बढ़कर केंद्र के समान 58% हो जाएगा।
- किसे मिलेगा लाभ: प्रदेश के करीब 10 लाख सरकारी कर्मचारी और पेंशनर्स।
- कब से होगा लागू: कर्मचारियों के लिए यह जुलाई 2025 और पेंशनर्स के लिए जनवरी 2026 से प्रभावी होने की उम्मीद है।
दिल्ली में कांग्रेस का मिशन एमपी पर मंथन
भोपाल में जहां सरकार योजनाओं पर काम कर रही है, वहीं दिल्ली के इंदिरा भवन में कांग्रेस संगठन को धार देने में जुटी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी आज दिल्ली में प्रभारियों और फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशन के साथ मैराथन बैठक करेंगे।
- दोपहर 1:00 से 4:00 बजे: अग्रिम संगठनों की समीक्षा बैठक।
- शाम 4:00 से 5:00 बजे: प्रभारी सचिवों के साथ जिलों की रिपोर्ट पर चर्चा। इस बैठक में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी भी मौजूद रहेंगे। बैठक का मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करना और प्रभार वाले जिलों की वास्तविक स्थिति का आकलन करना है।
ये खबर भी पढ़िए...
मोहन कैबिनेट ने कर्मचारियों और किसानों को दी सौगात, युवाओं के लिए शुरु की नई योजना
मोहन कैबिनेट : उड़द पर बोनस, सरसों पर भावांतर सहित किसानों के लिए करोड़ों की राशि मंजूर
एमपी पुलिस में अभी भी 18 हजार पद खाली, 9 हजार से ज्यादा पर भर्ती की तैयारी
मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट, गर्मी से मिलेगी राहत