आज से शुरू हो रही है पीएमश्री हेलीकॉप्टर सेवा, अब चंदेरी-ओरछा जाना होगा आसान
News In Short
- पीएमश्री हेलीकॉप्टर सेवा 19 अप्रैल, रविवार सुबह 9:30 बजे शुरू हो रही है।
- भोपाल से चंदेरी और ओरछा के बीच सीधी हवाई कनेक्टिविटी मिलेगी।
- इसका बॉलीवुड कलाकारों, विदेशी सैलानियों और स्थानीय व्यापारियों को लाभ मिलेगा।
- पर्यटन बढ़ने से स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार और बिजनेस में तेजी आएगी।
- पहले 12 फरवरी यह सेवा शुरू होने वाली थी, जो अब 19 अप्रैल से शुरू हो रही है।
News In Detail
विरासत और संस्कृति के संगम, चंदेरी और ओरछा के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज 19 अप्रैल को पीएमश्री पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा (PM Shri Tourism Helicopter Service) का शुभारंभ किया। सीएम ने भोपाल के स्टेट हैंगर से इस सेवा को हरी झंडी दिखाई।
आसान होंगे प्रमुख तीर्थों के दर्शन- सीएम
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस पहल का मकसद प्रदेश के धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच को सुगम बनाना है। इससे ज्यादा से ज्यादा यात्री इस सेवा के जरिए मध्य प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और प्रमुख तीर्थों के दर्शन कर सकेंगे। उन्होंने जनता से इस खास सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह भी किया।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री राकेश शुक्ला, महापौर मालती राय, निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, पर्यटन विभाग के सचिव टी. इलैया राजा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
बॉलीवुड नगरी चंदेरी का आसमान से दीदार
चंदेरी में फिल्मों की शूटिंग के लिए बड़े कलाकार और विदेशी पर्यटक लगातार आते हैं। अब तक यहां पहुंचने के लिए केवल दो ही रास्ते थे। पहला सड़क मार्ग और दूसरा ललितपुर (उत्तर प्रदेश) रेलवे स्टेशन। लेकिन अब पीएमश्री हेलीकॉप्टर सेवा से यह सफर बेहद आसान हो जाएगा। यह सुविधा चंदेरी के साथ ओरछा तक भी उपलब्ध रहेगी। इसका लाभ पर्यटकों के साथ जिले के आम नागरिक भी उठा सकेंगे। इससे सफर में समय बचेगा और सैलानियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
ओरछा और चंदेरी के बीच पर्यटन का नया कॉरिडोर
एमपी टूरिज्म बोर्ड (MP Tourism Board) ने निजी संस्थानों के सहयोग से इस सेवा का खाका तैयार किया है। अपर प्रबंध संचालक ने लेटर जारी कर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने कहा भोपाल से शुरू होने वाली यह सेवा ओरछा और चंदेरी दोनों को कवर करेगी। पहले यह सेवा 12 फरवरी से शुरू होनी थी, लेकिन कुछ तकनीकी कारणों से देरी हुई। अब 19 अप्रैल की तारीख तय होने से स्थानीय निवासियों और पर्यटकों में भारी उत्साह है।
जानें कितना लगेगा किराया
भोपाल से राजाराम की नगरी ओरछा में जाने के लिए छह हजार 500 हजार रुपए किराया देना होगा। वहीं, चंदेरी के पांच हजार 500 रुपए चुकाने होंगे।
ऐसे कर सकेंगे बुकिंग
पीपीपी (PPP) मॉडल पर आधारित इस सेवा में पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है। यात्रा के लिए आधुनिक 6-सीटर हेलीकॉप्टरों का संचालन किया जा रहा है। खास बात यह है कि गंतव्य तक पहुंचने के बाद होटल, भोजन और गाइड की सुविधा भी पहले से तय रहेगी। अपनी सीट बुक करने के लिए पर्यटक www.flyola.in या IRCTC पोर्टल की मदद ले सकते हैं।
रोजगार और अर्थव्यवस्था को बढ़ेगा
हवाई सेवा शुरू होने का सबसे बड़ा असर चंदेरी और ओरछा की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। जब पर्यटकों की संख्या में इजाफा होगा, तो सीधे तौर पर होटल, गाइड, हस्तशिल्प और परिवहन के क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। ऐतिहासिक स्थलों का विकास होने से स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में भी बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
चंदेरी की साड़ियों से लेकर राजा राम की नगरी तक
अशोकनगर जिले का छोटा सा शहर चंदेरी अपनी विश्वप्रसिद्ध साड़ियों और ऐतिहासिक किलों के लिए जाना जाता है। वहीं, टीकमगढ़ संभाग का ओरछा अपनी भव्य छतरियों और राजा राम के मंदिर के लिए श्रद्धा का केंद्र है। इन दोनों शहरों का हवाई मार्ग से भोपाल से जुड़ना मध्य प्रदेश को देश का बेस्ट टूरिज्म स्टेट बनाए रखने में मील का पत्थर साबित होगा।
ये खबरें भी पढ़ें...
अब राम राजा के दर्शन और आसान, भोपाल से ओरछा के लिए हेलीकॉप्टर सेवा जल्द
जगदलपुर हवाई सेवा; बस्तर की उड़ानों को मिल रहा जबरदस्त रिस्पॉन्स, रायपुर-हैदराबाद के लिए बढ़े यात्री!
एमपी से दुबई-सिंगापुर समेत 8 देशों और 17 घरेलू रूट्स पर जल्द शुरू होगी हवाई सेवा