प्रतीक संघवी से 8 घंटे में सौ से ज्यादा सवाल पूछकर छोड़ा, फिर होगी पूछताछ, कई और रडार पर

Sanjay Gupta | Jun 30, 2026, 19:54 IST
प्रतीक संघवी से पूछताछ
इंदौर में 500 करोड़ की डायमंड कॉलोनी जमीन विवाद में पुलिस पिटाई मामले में प्रतीक संघवी से 8 घंटे तक पूछताछ की गई। इस दौरान पुलिस ने सौ से ज्यादा सवाल पूछे। इसे लेकर संघवी को पसीना आ गया। हालांकि देर शाम उसे छोड़ दिया गया।

Indore. इंदौर में 21-22 जून की दरमियानी रात को कनाडिया थाना एरिया में डायमंड गृह निर्माण सोसायटी की डायमंड कॉलोनी की जमीन विवाद में पुलिस को पीटा गया था। इसके बाद मामला दबा दिया गया, लेकिन द सूत्र ने 23 जून को इसका खुलासा किया कि नशेड़ियों ने पुलिस को पीटा है। इसके बाद कनाड़िया थाना में अज्ञात पर केस दर्ज हुआ और फिर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद द सूत्र ने ही बताया था कि इस जमीन में 7 एकड़ संयम इन्फ्रा कंपनी ने ली है, जिसमें डायरेक्टर प्रतीक संघवी, जयश्री संघवी हैं। पूर्व में और भी डायरेक्टर रह चुके हैं। इसके बाद पुलिस ने मंगलवार 30 जून को प्रतीक संघवी को उठा लिया।



8 घंटे तक हुई संघवी से पूछताछ

प्रतीक संघवी से जमीन को लेकर थाना कनाडिया के जांच अधिकारी के साथ ही डीसीपी अमन सिंह राठौर ने आठ घंटे तक लंबी पूछताछ की। इस दौरान संघवी पसीना-पसीना हो गए। उनसे जमीन, पुलिस पर पथराव और मुख्य आरोपी मोहसिन अली से संबंध को लेकर 8 घंटे तक पूछताछ की गई। बाद में उन्हें नोटिस देकर छोड़ा गया कि फिर पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।



अब कंपनी व जमीन से जुड़े बाकी रडार पर

अभी केवल प्रतीक संघवी से पूछताछ हुई है, लेकिन अब इसमें जमीन से जुड़े अन्य खरीदारों, काबिज लोगों को भी बुलाया जाएगा। इसमें संयम इन्फ्रा के पूर्व के डायरेक्टर भी रडार पर हैं। साथ ही इस जमीन को लेकर जिनके सौदे हैं, उन्हें भी बुलाकर पूछताछ होगी। यह देखा जा रहा है कि आखिर जमीन को लेकर किन्होंने विवाद किया और पुलिस पर पथराव किया। साथ ही मोहिसन व अन्य आरोपी गुंडों को किसने इस जमीन पर रखवाया था। किसके कहने पर मोहसिन ने हमला किया। इसमें दो पुलिसकर्मी घायल हुए थे।



कौन है संयम इन्फ्रा डायरेक्टर

संयम इन्फ्रास्ट्रक्चर में रजिस्ट्रार कंपनी के रिकार्ड के अनुसार प्रतीक संघवी, जयश्री संघवी और दिलीप सिसौदिया डायरेक्टर हैं। हालांकि सिसौदिया इस्तीफा दे चुके हैं। इसके पहले कंपनी में सुरेंद्र संघवी भी डायरेक्टर थे उनका निधन हो चुका है। सुरेंद्र संघवी और उनके पुत्र प्रतीक संघवी पर तत्कालीन कलेक्टर मनीष सिंह के समय चले भूमाफिया अभियान के तहत सोसायटी जमीन में खरीदी-बिक्री को लेकर केस दर्ज हुए थे।



तीन दिन की और रिमांड पर मोहसिन

वहीं पुलिस ने मोहसिन अली, मुहम्मद अफजल, दर्शन कृष्णारे और सुरेश वर्मा चारों आरोपियों को जिला कोर्ट में पेश किया, वहां से फिर तीन दिन की रिमांड मिल गई। इन सभी से कड़ी पूछताछ हो रही है। संभव है कि आगे जाकर प्रतीक संघवी व अन्य को आमने-सामने बैठाकर भी पुलिस क्रास सवाल पूछे। पुलिस आगे की जानकारी और जांच के आधार पर अन्य को भी इसमें राडार पर लेगी।



पंकज संघवी और परिवार भी थाने पहुंचा

वहीं पुलिस पूछताछ के दौरान पहले कांग्रेस में रहे और अब बीजेपी नेता पंकज संघवी भी थाने पहुंचे थे। साथ ही प्रतीक के अन्य परिजन भी पहुंचे हुए थे। हालांकि यह केवल प्रतीक की मदद के लिए पहुंचे थे, इनसे किसी तरह की पूछताछ पुलिस ने नहीं की है। जब तक प्रतीक थाने में रहा यह परिजन वहीं बाहर मौजूद रहे।



ये खबरें भी पढ़ें...

500 करोड़ की डायमंड कॉलोनी की जमीन विवाद में पुलिस पर पथराव के मामले में प्रतीक संघवी से पूछताछ



इंदौर में 500 करोड़ की जमीन विवाद में पुलिस को पीटने वाले मोहसिन समेत 4 गिरफ्तार



इंदौर पुलिस पिटी, अधिकारियों की चुप्पी, अज्ञात पर केस, मोहसिन अभी भी 500 करोड़ की विवादित जमीन पर



इंदौर पुलिस की पिटाई, दो दिन बाद अज्ञात पर FIR, हमला करने वाले मोहसिन खान का ही नाम गायब





Tags:
  • इंदौर
  • जमीन
  • पूछताछ
  • पंकज संघवी
  • कनाड़िया थाना
  • प्रतीक संघवी